मोदी से मिला हनुमान को आशीर्वाद! बिहार CM की रेस में आया चिराग पासवान का नाम, क्यों और कहां से उठी मांग?

बिहार की राजनीति में इन दिनों नया सस्पेंस देखने को मिल रहा है. मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब चिराग पासवान का नाम भी तेजी से सुर्खियों में आ गया है.

( Image Source:  X-@iChiragPaswan )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 9 March 2026 5:30 PM IST

बिहार की राजनीति इन दिनों एक बार फिर अचानक चर्चा के केंद्र में आ गई है. मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर चल रही अटकलों के बीच अब एक नया नाम तेजी से सुर्खियों में आ रहा है. दरअसल मोदी के हनुमान यानी चिराग पासवान का नाम मुख्यमंत्री की रेस में लिया जाने लगा. 

हालांकि, रेस में सम्राट चौधरी और नित्यानंद राय जैसे नेता पहले से ही हैं, लेकिन युवा नेता चिराग का नाम आने के बाद सियासी गलियारे में हलचल मच गई है. चलिए ऐसे में जानते हैं आखिर यह मांग कहां से उठी और इसके पीछे की पूरी कहानी क्या है? इन सवालों ने बिहार की सियासत में नया सस्पेंस पैदा कर दिया है.

पटना में लगे चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने के पोस्टर

 इस बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं ने अपने नेता चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की मांग तेज कर दी है. पटना में लगाए गए पोस्टरों में साफ तौर पर लिखा गया है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री चिराग पासवान होना चाहिए. इन पोस्टरों में कई नारे भी लिखे गए हैं, जैसे “ना दंगा हो, ना फसाद हो, बिहार का CM सिर्फ चिराग हो.” इसके अलावा पोस्टर में यह भी लिखा गया कि बिहार में स्वर्ण काल लाने के लिए चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए. इन पोस्टरों के सामने आने के बाद राज्य की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है.

पार्टी नेताओं ने भी जताई इच्छा

एलजेपी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती ने भी साफ तौर पर अपनी राय रखी है कि वे चिराग पासवान को बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं. उनका कहना है कि आखिरी फैसला तो एनडीए के शीर्ष नेतृत्व को ही करना होगा, लेकिन व्यक्तिगत रूप से उनकी इच्छा है कि चिराग पासवान राज्य की कमान संभालें. अरुण भारती इससे पहले भी कई मौकों पर यह बात कह चुके हैं कि चिराग पासवान में बिहार की राजनीति को आगे बढ़ाने की क्षमता है और वे राजनीति में बड़ा रोल निभा सकते हैं.

मुख्यमंत्री की रेस में कौन-कौन?

बिहार की राजनीति में फिलहाल मुख्यमंत्री पद को लेकर कई नामों की चर्चा हो रही है. इनमें सम्राट चौधरी और नित्यानंद राय जैसे कई नेता शामिल हैं. मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अभी भी इस पद पर हैं, लेकिन अगर भविष्य में नेतृत्व में बदलाव होता है तो एनडीए के भीतर से नए चेहरे सामने आ सकते हैं. इन्हीं संभावित नामों में चिराग पासवान का नाम भी जोरों से लिया जा रहा है. हालांकि अंतिम फैसला गठबंधन के शीर्ष नेताओं और राजनीतिक परिस्थितियों पर ही निर्भर करेगा. फिलहाल बिहार की राजनीति में यह मुद्दा चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है.

Similar News