नीतीश के राज्‍यसभा जाने के फैसले से JDU में सुलग रहा असंतोष, कार्यकर्ताओं की नाराजगी बनेगी चुनौती?

जेडीयू के भीतर नीतीश कुमार के फैसलों को लेकर असंतोष की चर्चा तेज हो गई है. सवाल उठ रहा है कि क्या इससे पार्टी की संगठनात्मक मजबूती और आने वाले चुनावों की रणनीति प्रभावित हो सकती है.

( Image Source:  ANI )
By :  धीरेंद्र कुमार मिश्रा
Updated On : 7 March 2026 2:19 PM IST

बिहार की राजनीति में हाल के दिनों में कई ऐसे फैसले सामने आए हैं, जिनके बाद पार्टी के भीतर असंतोष की चर्चा तेज हो गई है. खासकर, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुछ राजनीतिक फैसलों को लेकर नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी की बातें सामने आईं, तो यह सवाल उठने लगे कि, क्या इसका असर पार्टी की संगठनात्मक सेहत पर पड़ सकता है. किसी भी राजनीतिक दल की मजबूती केवल उसके शीर्ष नेतृत्व पर ही नहीं, बल्कि जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नेताओं के भरोसे पर भी टिकी होती है. ऐसे में अगर फैसलों को लेकर अंदरूनी असंतोष बढ़ता है, तो इसका असर आने वाले चुनावों और संगठन की सक्रियता पर भी देखने को मिल सकता है.

पार्टी के अंदर असंतोष कितना बढ़ा?

बिहार के सियासी गलियारों में चर्चा है कि कुछ फैसलों को लेकर पार्टी के अंदर अलग-अलग राय सामने आ रही है. कई नेता और कार्यकर्ता यह मानते हैं कि बड़े राजनीतिक फैसले लेते समय संगठन के भीतर व्यापक संवाद होना चाहिए. हालांकि, यह भी सच है कि किसी भी बड़े दल में रणनीतिक निर्णय अक्सर शीर्ष नेतृत्व ही लेता है. फिर भी जब कार्यकर्ताओं को लगता है कि उनकी राय को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया, तो असंतोष की स्थिति बन सकती है.

कार्यकर्ताओं की नाराजगी जेडीयू को कमजोर कर सकती है?

किसी भी राजनीतिक पार्टी की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता होते हैं. चुनाव के समय यही कार्यकर्ता मतदाताओं तक पार्टी का संदेश पहुंचाते हैं और स्थानीय स्तर पर समर्थन जुटाते हैं. अगर कार्यकर्ताओं के बीच असंतोष बढ़ता है, तो इससे संगठन की सक्रियता पर असर पड़ सकता है. हालांकि कई बार ऐसा भी होता है कि शुरुआती नाराजगी समय के साथ कम हो जाती है और कार्यकर्ता पार्टी के बड़े लक्ष्य को ध्यान में रखकर फिर से सक्रिय हो जाते हैं.

क्या JDU के लिए यह चुनौती नई है?

जनता दल युनाइटेड के लिए अंदरूनी असंतोष कोई बिल्कुल नई स्थिति नहीं है. बिहार की राजनीति में गठबंधन, टूट और पुनर्गठन की प्रक्रियाएं पहले भी होती रही हैं. ऐसे कई मौके आए जब पार्टी के अंदर मतभेद सामने आए, लेकिन बाद में संगठन ने उन्हें संभाल भी लिया. इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि मौजूदा असंतोष पार्टी की स्थायी कमजोरी बन जाएगा.

विपक्ष इसे राजनीतिक मुद्दा बना सकता है?

राजनीति में विरोधी दल हमेशा अपने प्रतिद्वंद्वी की कमजोरियों को मुद्दा बनाने की कोशिश करते हैं. ऐसे में अगर किसी पार्टी के भीतर असंतोष की खबरें आती हैं, तो विपक्ष उसे राजनीतिक रूप से भुनाने की कोशिश करता है. बिहार में भी विपक्षी दल यह दिखाने की कोशिश कर सकते हैं कि पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है. हालांकि, इसका वास्तविक असर इस बात पर निर्भर करेगा कि पार्टी नेतृत्व इस स्थिति को किस तरह संभालता है. कई राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि अगर पार्टी के भीतर असंतोष है भी, तो उसे संवाद और संगठनात्मक रणनीति के जरिए नियंत्रित किया जा सकता है.

नेतृत्व की सबसे बड़ी परीक्षा ऐसे ही समय में होती है, जब पार्टी के भीतर अलग-अलग राय सामने आती हैं. अगर नेतृत्व कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच भरोसा बनाए रखने में सफल रहता है, तो असंतोष लंबे समय तक टिक नहीं पाता.

किसी भी पार्टी के अंदरूनी हालात का असर चुनावी प्रदर्शन पर पड़ सकता है, लेकिन यह हमेशा सीधे तौर पर दिखाई नहीं देता. कई बार चुनाव के समय कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुट जाते हैं और अंदरूनी मतभेद पीछे छूट जाते हैं. दूसरी ओर अगर असंतोष गहरा और लंबा हो जाए, तो उसका असर चुनावी नतीजों पर भी पड़ सकता है. इसलिए यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि मौजूदा स्थिति का चुनावों पर कितना प्रभाव पड़ेगा. यह काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगा कि पार्टी नेतृत्व आने वाले समय में संगठन को कितना एकजुट रख पाता है.

JDU के लिए संगठन को मजबूत करने का अवसर है?

राजनीति में संकट कई बार सुधार और पुनर्गठन का मौका भी बन जाता है. अगर पार्टी नेतृत्व कार्यकर्ताओं की नाराजगी को गंभीरता से लेकर संवाद की प्रक्रिया को मजबूत करता है, तो इससे संगठन और मजबूत भी हो सकता है. कई राजनीतिक दलों ने ऐसे दौर का सामना किया है, जहां अंदरूनी मतभेद के बाद संगठन ने नई रणनीति और नए नेतृत्व के साथ खुद को फिर से मजबूत किया.

कौशलेंद्र कुमार : फैसले का समर्थकों पर होगा असर!

जेडीयू नेता कौशलेंद्र कुमार नालंदा से सांसद हैं. नीतीश कुमार के राज्यसभा में जाने के फैसले और पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं में उपजे असंतोष को लेकर कहना है कि लोग सकते में हैं. खासकर, कुर्मी समुदाय के लोग. नीतीश कुमार हर समुदाय और वर्ग के लोगों से जुड़े रहे हैं. अब लोगों को लगता है कि वो कहां जाएंगे? नीतीश पर लोगों का भरोसा है. पार्टी के कार्यकर्ताओं को लेकर उन्होंने कहा है कि वो जा नहीं रहे हैं. सभी से जुड़े रहेंगे. लोगों के बीच ही रहेंगे. इसके बावजूद फर्क तो पड़ेगा. सीएम भरोसा दे रहे हैं, लेकिन लोगों का लग रहा है कि आने वाले समय में बिहार में बहुत कुछ बदलने वाला है. हालांकि, जमीन पर लोग बीजेपी से भी नाराज है. बीजेपी के पास पिछड़ा, गरीब और दलितों को वोट नहीं हैं. उन्होंने कहा कि अहम सवाल यह है भी कि बीजेपी के नेता नीतीश कुमार की तरह सबको साथ लेकर चल पाएंगे या नहीं. तालमेल बना पाएंगे या नहीं. इन्हीं बातों को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं में नाराजगी है.

उन्होंने ये भी बताया​ कि अगर निशांत कुमार पार्टी का नेतृत्व संभालते हैं और संगठन को एकजुट रखने और कार्यकर्ताओं के भरोसे को बनाए रखने में सफल रहे तो यह असंतोष अस्थायी साबित हो सकता है. लेकिन अगर मतभेद लगातार बढ़ते हैं, तो इससे पार्टी की संगठनात्मक मजबूती पर असर पड़ सकता है.

Similar News