क्या टीम इंडिया को टी-20 वर्ल्ड कप में खल रही कोहली जैसे फिनिशर की कमी? बिना 'विराट' पारी के 160 से ज्यादा रन नहीं हुए चेज
दक्षिण अफ्रीका से बड़ी हार के बाद भारत की सेमीफाइनल की राह कठिन हो गई है. वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि 160+ रन चेज करते समय टीम को विराट कोहली जैसा फिनिशर चाहिए.
विराट कोहली
(Image Source: ANI )Virender Sehwag on Virat Kohli: टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का आगे का सफर कैसा होगा, यह साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच मैच के नतीजे पर निर्भर करेगा. यह मैच ही तय करेगा कि भारत को आगे कैसा क्रिकेट खेलना है. जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले से पहले पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने एक ऐसी बात कही है, जिसने मैच से पहले भारतीय फैंस की टेंशन बढ़ा दी है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका से मिली 76 रन की करारी हार के बाद भारतीय टीम पर दबाव बढ़ गया है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने पहले गेंदबाजी करते हुए 187 रन लुटाए और फिर लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 111 रन पर सिमट गया. इस हार से सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है.
वीरेंद्र सहवाग ने क्या कहा?
- पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने मैच के बाद एक अहम आंकड़ा बताते हुए कहा कि भारत ने वर्ल्ड कप में 160 से ज्यादा रन का लक्ष्य तब ही सफलतापूर्वक चेज किया है, जब विराट कोहली ने बड़ी पारी खेलकर मैच फिनिश किया हो.
- सहवाग के मुताबिक दबाव के समय टीम में कोई भी खिलाड़ी कोहली जैसी जिम्मेदारी नहीं निभा सका. उन्होंने कहा कि इस मैच में तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या के पास मौका था, लेकिन कोई भी मैच खत्म नहीं कर पाया.
- सहवाग ने खास तौर पर सूर्यकुमार यादव की बल्लेबाजी पर सवाल उठाए. उनका मानना है कि सूर्या दबाव में दिखे और अपने स्वाभाविक अंदाज में नहीं खेल पाए.
- पूर्व ओपनर ने कहा कि बड़े मैच जीतने के लिए डर के बजाय बेखौफ क्रिकेट खेलना जरूरी होता है. अगर टीम दबाव में आकर सिर्फ मैच बचाने की सोचती है तो जीतना मुश्किल हो जाता है.
- सहवाग ने भारतीय बल्लेबाजों को विराट कोहली से सीख लेने की सलाह भी दी.
- सहवाग ने कहा कि टी20 में स्ट्राइक रेट जरूरी है, लेकिन रन चेज करते समय उससे ज्यादा जरूरी है कि कोई बल्लेबाज अंत तक टिके और मैच खत्म करे.
- सहवाग के अनुसार, टीम के खिलाड़ियों को जिम्मेदारी लेकर मुश्किल परिस्थितियों में मैच जिताने की आदत डालनी होगी, तभी भारत टूर्नामेंट में आगे बढ़ सकेगा.
भारत का अगला मैच कब और किससे है?
भारत का अगला मैच 26 फरवरी को जिम्बाब्वे से और 1 मार्च को वेस्टइंडीज से होगा. टीम इंडिया को हमने दोनों मुकाबले बड़े अंतर से जीतने के साथ ही वेस्टइंडीज के खिलाफ साउथ अफ्रीका की जीत की दुआ करनी होगी.