5 छक्के, 4 चौके और 300 से ज्यादा का स्ट्राइक रेट! IPL 2026 के पहले ही मैच में जमकर बरसे वैभव सूर्यवंशी, 15 गेंद में जड़ दी फिफ्टी
Vaibhav Sooryavanshi ने IPL 2026 के पहले ही मैच में 15 गेंदों में फिफ्टी जड़कर धमाल मचा दिया. उन्होंने 17 गेंदों में 52 रन बनाए और 300 से ज्यादा स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की.
वैभव सूर्यवंशी ने CSK के खिलाफ खेली विस्फोटक पारी
(Image Source: IPL )IPL 2026 RR vs CSK: राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) और चेन्नई सुपरकिंग्स (Chennai Super Kings) के बीच गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) के बल्ले की गूंज जमकर सुनाई दी. चाहे मैट हेनरी हों या खलील अहमद, अंशुल कंबोज हों या नूर अहमद, उन्होंने हर गेंदबाज की जमकर धुनाई की और 15 गेंद में फिफ्टी जड़ दी.
वैभव सूर्यवंशी ने 17 गेंद में 305.88 की स्ट्राइक रेट के साथ 52 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 5 छक्के और 4 चौके जड़े. उन्होंने पहले विकेट के लिए यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर महज 38 गेंद में 75 रन जोड़ डाले. वे सातवें ओवर की दूसरी गेंद पर अंशुल कंबोज के ओवर में सरफराज खान के हाथों कैच आउट हुए.
IPL में RR के लिए सबसे कम गेंद में फिफ्टी जड़ने वाले बल्लेबाज
- 13 - यशस्वी जायसवाल बनाम केकेआर, कोलकाता, 2023
- 15 - वैभव सूर्यवंशी बनाम सीएसके, गुवाहाटी, 2026*
- 17 - वैभव सूर्यवंशी बनाम जीटी, जयपुर, 2025
- 18 - जोस बटलर बनाम डीडी, दिल्ली, 2018
जोस बटलर (तीन बार), यशस्वी जायसवाल (दो बार), वैभव सूर्यवंशी (दो बार), माइकल लम्ब, बेन स्टोक्स और नीतीश राणा (एक-एक बार) ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने IPL में RR के लिए पावरप्ले के अंदर ही 50 रन बनाए हैं.
CSK ने कितने रन बनाए?
CSK की ओर से सबसे ज्यादा रन जेमी ओवरटन ने बनाए. उन्होंने 36 गेंद में 2 छक्के और 2 चौके लगाते हुए 43 रन बनाए. उनके अलावा, संजू सैमसन और रुतुराज गायकवाड़ ने 6-6, आयुष म्हात्रे 0, मैथ्यू शॉर्ट 2, सरफराज खान 17, कार्तिक शर्मा 18, शिवम दुबे 6, नूर अहमद 1 और मैट हेनरी 5 रन बनाकर आउट हुए. अंशुल कंबोज 7 रन बनाकर नाबाद रहे. राजस्थान की ओर से रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर ने 2-2 विकेट लिए, जबकि बृजेश शर्मा, संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई ने 1-1 विकेट लिया.