252 रन, 206 का स्ट्राइक रेट! IPL 2026 में Vaibhav Sooryavanshi का बल्ला अगर चला तो टूट जाएंगे ये 5 बड़े रिकॉर्ड
15 साल के Vaibhav Sooryavanshi IPL 2026 में बड़े रिकॉर्ड तोड़ने की दहलीज पर हैं. पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन के बाद इस बार उनसे और बड़ी पारियों की उम्मीद है. क्रिस गेल के कई रिकॉर्ड भी खतरे में माने जा रहे हैं.
वैभव सूर्यवंशी
(Image Source: ANI )IPL 2026 में Rajasthan Royals के 15 साल के युवा बल्लेबाज Vaibhav Sooryavanshi पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं. पिछले सीजन में उन्होंने अपने आक्रामक खेल से सुर्खियां बटोरी थीं. इस युवा खिलाड़ी से इस बार और भी बड़ी पारियों की उम्मीद की जा रही है. वैभव ने IPL 2025 में सिर्फ 7 मैचों में 252 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था. खास बात यह रही कि उनका स्ट्राइक रेट 206.56 का था, जो किसी भी युवा बल्लेबाज के लिए बेहद खास माना जाता है.
अब दूसरे सीजन में वैभव सूर्यवंशी के सामने चुनौती भी बड़ी है, क्योंकि विरोधी टीमें उनकी बल्लेबाजी को लेकर ज्यादा तैयार होंगी, लेकिन पिछले एक साल में सूर्यवंशी ने जिस तरह लगातार रिकॉर्ड तोड़े हैं, उससे उम्मीद की जा रही है कि इस सीजन में आईपीएल के कुछ बड़े रिकॉर्ड भी खतरे में आ सकते हैं.
1. सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर - नाबाद 175 रन (क्रिस गेल)
आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर Chris Gayle के नाम है. उन्होंने 2013 में Royal Challengers Bangalore के लिए खेलते हुए Pune Warriors India के खिलाफ 66 गेंदों में नाबाद 175 रन बनाए थे, लेकिन वैभव सूर्यवंशी के रिकॉर्ड देखें तो यह स्कोर भी खतरे में दिखता है. यूथ T20 में 42 गेंदों पर 144 रन, अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल में 80 गेंदों पर 175 रन, अंडर-19 एशिया कप में 171 रन और Vijay Hazare Trophy में 84 गेंदों पर 190 रन... ये आंकड़े दिखाते हैं कि वैभव लंबी और विस्फोटक पारी खेलने में माहिर हैं.
2. एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के – 17 (क्रिस गेल)
एक पारी में 17 छक्कों का रिकॉर्ड भी क्रिस गेल के नाम है, लेकिन सूर्यवंशी ने कई मौकों पर 15-15 छक्के लगाए हैं. उन्होंने यूथ T20, अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल और विजय हजारे ट्रॉफी में 15-15 छक्के जड़ चुके हैं. ऐसे में इस सीजन यह रिकॉर्ड भी खतरे में माना जा रहा है.
3. एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के – 59
यह रिकॉर्ड भी क्रिस गेल के ही नाम है. उन्होंने 2012 में 59 छक्के लगाए थे. इसके अलावा, Andre Russell ने 2019 में 52 और गेल ने 2023 में 51 छक्के लगाए थे. वैभव सूर्यवंशी ने अपने पहले सीजन में सिर्फ 7 मैचों में 24 छक्के लगाए थे. अगर इस बार उन्हें पूरे 14 मैच खेलने को मिले तो उनके लिए 50 से ज्यादा छक्के लगाना मुश्किल नहीं होगा.
4. एक सीजन में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट- 234.34 (Jake Fraser-McGurk)
यह रिकॉर्ड Jake Fraser-McGurk के नाम है, जिन्होंने 2024 में 234.34 का स्ट्राइक रेट हासिल किया था. वैभव सूर्यवंशी पिछले सीजन में 206.55 के स्ट्राइक रेट के साथ इसके करीब पहुंच गए थे. हालांकि, इस बार अगर उनका सीजन सफल रहा तो यह रिकॉर्ड भी टूट सकता है.
5. एक ओवर में 6 छक्के
आईपीएल में अब तक किसी बल्लेबाज ने एक ओवर में 6 छक्के नहीं लगाए हैं. हालांकि 5 छक्कों का कारनामा कई खिलाड़ियों ने किया है, जिसमें क्रिस गेल, Rahul Tewatia, Ravindra Jadeja, Rinku Singh और Riyan Parag शामिल हैं. अब सवाल यह है कि क्या वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में पहली बार 6 छक्कों का रिकॉर्ड बना पाएंगे?