T20 WC 2026: संजू सैमसन की चमक में इस मैच विनर को मत भूलना, हार के बाद वेस्टइंडीज कप्तान ने किया जिक्र
संजू सैमसन ने कमाल की बल्लेबाजी करके टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिक निभाई, लेकिन एक और टीम इंडिया का मैच विनर रहा जिसकी उतनी बात नहीं हुई जितनी संजू की हो रही है.
IND vs WI
(Image Source: @ICC )T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वेस्टइंडीज को हराकर टीम इंडिया ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया. इस मैच में संजू सैमसन ने कमाल की बल्लेबाजी करके टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिक निभाई, लेकिन एक और टीम इंडिया का मैच विनर रहा जिसकी उतनी बात नहीं हुई जितनी संजू की हो रही है.
हालांकि हार के बाद वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने जरूर टीम इंडिया के दूसरे मैच विनर खिलाड़ी जिक्र किया. जहां संजू सैमसन ने बल्लेबाजी में धमाल मचाया तो वहीं गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने वेस्टइंडीज बल्लेबाजों को ज्यादा हाथ खोलने का मौका नहीं दिया, जिसके चलते वेस्टइंडीज 200 का आंकड़ा पार नहीं कर पाई.
बुमराह को लेकर क्या बोले शाई होप?
जब मैच के बाद शाई होप से बुमराह द्वारा 12वें ओवर में दो विकेट लेने पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा "हां, फिर से वह उनके मुख्य स्ट्राइक गेंदबाजों में से एक हैं और जब भी गेंद उनके हाथ में होती है, कुछ न कुछ होता ही है. हां उनकी ओर से आकर उस साझेदारी को तोड़ना बहुत अच्छा था, खासकर उस स्थिति में जब हेटमायर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे अगर वो क्रीज पर टिक जाते, तो शायद आज फिर से बड़ा स्कोर बना लेते. लेकिन हां, वो उनके मुख्य गेंदबाजों में से एक हैं. आप देख सकते हैं कि जब भी उन्हें मौका मिलता है, वो भारत के लिए हमेशा आगे आते हैं."
कैसा रहा बुमराह का प्रदर्शन?
एक समय मैच में लग रहा था कि वेस्टइंडीज आसानी से 200 का आंकड़ा पार कर सकती है, क्योंकि शिमरन हेटमायर ने इस टूर्नामेंट में कमाल का प्रदर्शन किया है और भारत के खिलाफ भी उनको अच्छी शुरुआत मिल चुकी थी, लेकिन जैसे ही गेंद बुमराह के हाथ में आई हेटमायर को पवेलियन वापस जाना पड़ा.
इस मैच में गेंदबाजी करते हुए जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 36 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे. ये दोनों विकेट बुमराह को एक ही ओवर में मिले थे.