साउथ अफ्रीका से करारी हार के बाद टीम चयन पर घिरे गौतम गंभीर, ‘गलत प्लेइंग XI’ पर उठ रहे सवाल; कुलदीप को बाहर रखना पड़ा भारी?
दक्षिण अफ्रीका से 76 रन की हार के बाद भारत की प्लेइंग इलेवन और गौतम गंभीर की रणनीति पर सवाल उठ रहे हैं. कुलदीप यादव को बाहर रखने और बल्लेबाजी ऑलराउंडरों पर ज्यादा भरोसा करने के फैसले की आलोचना हो रही है.
Gautam Gambhir और Suryakumar Yadav
(Image Source: ANI )India vs South Africa T20 World Cup Super-8 Match: टी-20 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की 76 रन की बड़ी हार के बाद टीम चयन और रणनीति पर सवाल खड़े हो गए हैं. इस मैच में हेड कोच गौतम गंभीर की अगुवाई वाले थिंक टैंक ने अनुभवी ऑलराउंडर अक्षर पटेल की जगह वॉशिंगटन सुंदर को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया. माना जा रहा है कि यह फैसला दक्षिण अफ्रीका के तीन बाएं हाथ के बल्लेबाजों, क्विंटन डी कॉक, रयान रिकेल्टन और डेविड मिलर, को ध्यान में रखकर लिया गया था.
इसके अलावा, चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव को पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक मैच खिलाया गया, जबकि उनकी जगह वरुण चक्रवर्ती को प्राथमिकता दी गई. इस फैसले की पूर्व पाकिस्तानी ओपनर अहमद शहजाद ने कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि सही संयोजन के बिना भारत सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच पाएगा.
शहजाद ने बुमराह पर क्या कहा?
शहजाद ने यह भी कहा कि अगर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह नहीं होते तो दक्षिण अफ्रीका 200 रन से ऊपर का स्कोर बना लेता. वहीं, पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने भी माना कि सिर्फ बल्लेबाज बढ़ाने से काम नहीं चलेगा, विकेट लेने वाले गेंदबाज भी जरूरी हैं.
रविचंद्रन अश्विन ने क्या कहा?
रविचंद्रन अश्विन ने भी अक्षर पटेल को बाहर करने के फैसले पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ वाशिंगटन सुंदर का इस्तेमाल करना जरूरी है. उन्हें खिलाना ही होगा, लेकिन अक्षर पटेल टी-20 क्रिकेट में आपके बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं. हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि उन्होंने क्या कमाल किया है.
साउथ अफ्रीका के लिए कौन बना हीरो?
मैच में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रन बनाए, जिसमें मिलर ने 63 रन की अहम पारी खेली. जवाब में भारतीय टीम 111 रन पर सिमट गई और 76 रन से हार गई. इस हार के बाद टीम मैनेजमेंट की रणनीति और प्लेइंग इलेवन पर बहस तेज हो गई है.
ट्रिस्टन स्टब्स की शानदार फिनिशिंग
ट्रिस्टन स्टब्स ने साउथ अफ्रीका को शानदार फिनिशिंग दी. उन्होंने 24 गेंद में 3 छक्के और 1 चौका जड़ते हुए नाबाद 44 रन बना डाले. वहीं, डेवाल्ड ब्रेविस ने 29 गेंद में 3 छक्के और 3 चौके लगाते हुए 45 रन बनाए.
भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन किसने बनाए?
भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन शिवम दुबे ने बनाए. उन्होंने 37 गेंद में 3 छक्के और 1 चौका लगाते हुए 42 रन बनाए. उनके अलावा, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 18, वाशिंगटन सुंदर ने 11, अभिषेक शर्मा ने 15, तिलक वर्मा ने 1, हार्दिक पांड्या ने 18 और तिलक वर्मा-अर्शदीप सिंह ने 1-1 रन बनाए. वहीं, जसप्रीत बुमराह, ईशान किशन और रिंकू सिंह अपना खाता भी नहीं खोल पाए.