T20 WC: South Africa से हार के बाद Team India की डगर हुई मुश्किल, सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पास करने होंगे ये इम्तेहान
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए अहम मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रन से हराकर टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर कर दिया, इस हार के साथ टीम इंडिया की जीत की लय टूट गई और सेमीफाइनल की राह अब बेहद पेचीदा हो गई है. नेट रन रेट में गिरावट और बाकी दो मुकाबलों की चुनौती ने भारत के लिए आगे का सफर ‘करो या मरो’ जैसा बना दिया है.
IND vs SA T20 Match: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए अहम मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रन से हराकर टूर्नामेंट में टीम इंडिया की जीत की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया. दोनों टीमें इस मैच से पहले तक बिना हार के आगे बढ़ रही थीं, लेकिन इस करारी शिकस्त के बाद भारत की सेमीफाइनल की राह बेहद कठिन हो गई है.
इस मैच में भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई. टारगेट का पीछा करते हुए टीम 111 रन पर सिमट गई, जिससे न सिर्फ हार मिली बल्कि नेट रन रेट पर भी गहरा असर पड़ा. मौजूदा समय में भारत का नेट रन रेट -3.8 है, जो आगे की गणित को और पेचीदा बना रहा है. अब टीम पर दबाव होगा कि वह अगले दोनों मैच बड़े अंतर से जीते ताकि रन रेट में सुधार हो सके.
कैसा रहा भारत बनाम साउथ अफ्रीका मुकाबला?
मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 187 रन बनाए. डेविड मिलर ने 35 गेंदों में 63 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. उनके अलावा डेवाल्ड ब्रेविस ने 45 और ट्रिस्टन स्टब्स ने 44 रन का योगदान दिया. 188 रन के लक्ष्य के जवाब में भारतीय टीम की बल्लेबाजी नहीं चल पाई और पूरी टीम 111 रन पर ऑलआउट हो गई.
भारत के लिए इस हार के क्या हैं साइड इफेक्ट्स?
अब सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत को अपने बचे हुए दोनों मैच- 26 फरवरी को जिम्बाब्वे और 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ हर हाल में जीतने होंगे. इतना ही नहीं, जीत का अंतर भी बड़ा रखना होगा ताकि नेट रन रेट सुधर सके.
अगर भारत दोनों मैच जीत जाता है और साउथ अफ्रीका भी अपने दोनों मुकाबले जीत लेती है, तो साउथ अफ्रीका के 6 और भारत के 4 प्वाइंट होंगे. ऐसी कंडीशन में प्वाइंट्स टेबल की स्थिति और दूसरे नतीजों के आधार पर भारत की उम्मीदें जिंदा रह सकती हैं.
भारत के लिए क्या है दूसरी संभावना?
दूसरी संभावना यह है कि भारत अपने दोनों मैच जीत ले और साउथ अफ्रीका को एक मैच में हार मिले. तब दोनों टीमों के 4-4 अंक हो सकते हैं. ऐसे में जिस टीम से साउथ अफ्रीका हारेगी, उसे भी अपने दूसरे मुकाबले में हारना होगा. उदाहरण के तौर पर, अगर वेस्टइंडीज साउथ अफ्रीका को हराती है, तो भारत को उम्मीद करनी होगी कि जिम्बाब्वे वेस्टइंडीज को पराजित करे. तब वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के दो-दो अंक रहेंगे और भारत व साउथ अफ्रीका 4-4 अंकों के साथ आगे बढ़ सकते हैं.
हालांकि, अगर भारत को बाकि दो में से किसी एक मैच में भी हार मिलती है, तो टीम टूर्नामेंट से लगभग बाहर हो जाएगी. ऐसे में सुपर-8 के आखिरी मुकाबले तक भारत की किस्मत बाकी टीमों के प्रदर्शन पर भी निर्भर करेगी. अब हर मैच, हर रन और हर विकेट टीम इंडिया के लिए सेमीफाइनल की दिशा तय करेगा.




