Begin typing your search...

गाजियाबाद के मिगसन मॉल के बेसमेंट में 7 साल की बच्ची का शव मिलने से मचा हड़कंप, परिजनों ने लगाया रेप और अपहरण का आरोप

गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित निर्माणाधीन मिगसन मॉल के बेसमेंट से 7 वर्षीय बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई. परिजनों ने आरोप लगाया है कि बच्ची का अपहरण कर उसके साथ गैंगरेप किया गया और सिर पर रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई.

गाजियाबाद के मिगसन मॉल के बेसमेंट में 7 साल की बच्ची का शव मिलने से मचा हड़कंप, परिजनों ने लगाया रेप और अपहरण का आरोप
X
( Image Source:  @Asifansari9410-X )
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी5 Mins Read

Published on: 11 July 2026 4:36 PM

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. यहां सात साल की एक मासूम बच्ची पहले रहस्यमय तरीके से लापता हुई और कुछ घंटे बाद उसका शव एक निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट से बरामद हुआ.

परिजनों का आरोप है कि बच्ची को चिप्स और कोल्ड ड्रिंक का लालच देकर ले जाया गया, उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर बेरहमी से हत्या कर शव बेसमेंट में फेंक दिया गया. इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है.

चिप्स और कोल्ड ड्रिंक का लालच देकर ले गए आरोपी

पुलिस के मुताबिक मृत बच्ची का परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और पिछले दो वर्षों से गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित निर्माणाधीन मॉल के पास अस्थायी झुग्गी में रह रहा था. परिजनों का आरोप है कि दो लोगों ने बच्ची को चिप्स, नमकीन और कोल्ड ड्रिंक दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गए. इसके बाद वह वापस नहीं लौटी.

बेसमेंट में मिली निर्वस्त्र लाश, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

शनिवार तड़के करीब एक बजे पुलिस को निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट-2 में बच्ची का शव मिलने की सूचना मिली. बच्ची के पिता ने बताया कि जब उन्होंने बेटी का शव देखा तो उसके शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था. सिर और चेहरे से खून बह रहा था, जबकि हाथ-पैर भी गंभीर रूप से घायल थे. उनका आरोप है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई.

लोहे की रॉड से वार की आशंका

पुलिस सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच में ऐसा नहीं लगता कि बच्ची की मौत ऊंचाई से गिरने की वजह से हुई. आशंका है कि उसके सिर पर किसी भारी या लोहे की रॉड जैसी वस्तु से हमला किया गया. हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, कई लोग हिरासत में

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं. पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.

पुलिस ने दर्ज किया अपहरण, हत्या और दुष्कर्म का केस

नंदग्राम एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि मामले में परिजनों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अपहरण, हत्या, सामूहिक दुष्कर्म और साझा आपराधिक मंशा से संबंधित धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है. पुलिस फिलहाल इसे दुष्कर्म और हत्या के एंगल से जांच रही है. हालांकि यह सामूहिक दुष्कर्म का मामला है या नहीं, इस पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही अंतिम पुष्टि की जाएगी.

इलाके में आक्रोश, आरोपियों की तलाश तेज

मासूम की निर्मम हत्या की खबर फैलते ही इलाके में लोगों में भारी गुस्सा है. पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच का इंतजार किया जा रहा है.

अगला लेख