IND vs PAK: 'बाबर, शाहीन और शादाब को बाहर करो', पाकिस्तान की हार पर भड़के शाहिद अफरीदी; कर दी ये मांग

T20 World Cup 2026 में पाकिस्तान को एकबार फिर से टीम इंडिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा. पाकिस्तान की हार पर पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी बाबर आजम, शाहीन और शादाब पर भड़कते नजर आए.;

( Image Source:  @ICC )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

T20 World Cup 2026, IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में एक बार फिर से पाकिस्तान को टीम इंडिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा. रविवार 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमादासा स्टेडियम में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर सुपर-8 के लिए क्वालीफाई किया.

वहीं इस हार के साथ पाकिस्तान पर अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है. इसके अलावा पाक टीम की इतनी बुरी हार पर पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी भड़कते हुए नजर आए. अफरीदी ने सीधे बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और शादाब खान को टीम से बाहर करने की मांग कर डाली.

क्या बोले शाहिद अफरीदी?

टीम इंडिया से मिली हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स अपने ही खिलाड़ियों पर भड़कते हुए नजर आए. हालांकि ऐसा पहली बार नहीं है जब-जब टीम इंडिया के हाथों पाकिस्तान पिटा है तब-तब उनके पूर्व खिलाड़ियों ने अपनी ही टीम पर सवाल उठाए हैं. इस बार शाहिद अफरीदी ने कहा "शाहीन, शादाब और बाबर को टीम से बाहर कर दो. अहम बड़े मैचों में इन्होंने हमेशा हमें निराश किया है. नामीबिया के खिलाफ नए चेहरों को मौका दो और नए खिलाड़ियों को आत्मविश्वास हासिल करने का अवसर दो."

दरअसल टीम इंडिया के साथ खेले गए इस मैच में शाहीन अफरीदी, बाबर आजम और शादाब खान फ्लॉप साबित हुए. गेंदबाजी में शाहीन अफरीदी सबसे महंगे साबित हुए. वहीं बल्लेबाजी में बाबर आजम को पाकिस्तान का बेस्ट प्लेयर माना जाता है लेकिन इस मैच में उनके बल्ले से महज 5 रन ही निकले. इसके अलावा शादाब खान बल्ले और गेंद दोनों से कमाल नहीं कर पाए. शादाब खान ने बल्लेबाजी करते हुए 14 रन बनाए थे.

कैसा रहा मैच का हाल?

इस मैच में टॉस जीतकर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था, जो हर किसी को थोड़ा अटपटा जरूर लगा. इसके बाद टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए थे. टीम इंडिया की तरफ से ईशान किशन ने सबसे ज्यादा 77 रनों की पारी खेली थी. इसके अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 और शिवम दुबे ने 27 रनों की पारी खेली थी.

176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रनों पर ही सिमट गई. पाकिस्तान की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए उस्मान खान ने सबसे ज्यादा 44 रनों की पारी खेली थी. वहीं टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी करते हुए हार्दिक, बुमराह, अक्षर और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2-2-2 विकेट हासिल किए. 

Similar News