क्यों पड़े हो चक्कर में, कोई नहीं है टक्कर में! भारत ने सुपर-8 के लिए किया क्वालीफाई, पाकिस्तान को बुरी तरह रौंदा; मिलिए 5 धुरंधर से
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान पर जीत की हैट्रिक लगाई है. साल 2021 में मिली हार के बाद 2022, 2024 और अब 2026 में पाक को भारत ने बुरी तरह रौंदा है.
भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराया
India vs Pakistan T20 World Cup 2026 Match Highlights: टी-20 वर्ल्ड कप के हाईवोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लिया है. भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई.
भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट लिए, जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा को 1-1 विकेट मिला. पाकिस्तान की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज उस्मान खान ने 44 रन बनाए. वहीं, शादाब खान ने 14 और फहीम अशरफ ने 10 रन बनाए, जबकि शाहीन अफरीदी 23 रन बनाकर नाबाद रहे. इसके अलावा, कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया.
Axar Patel (Credit-BCCI_
भारत की जीत के 5 धुरंधर कौन-कौन हैं?
- ईशान किशन
- जसप्रीत बुमराह
- तिलक वर्मा
- वरुण चक्रवर्ती
- हार्दिक पांड्या
1- ईशान किशन
ईशान किशन ने पावरप्ले में तूफानी बैटिंग की. उनकी यह पारी निर्णायक साबित हुई. किशन ने 40 गेंद में 77 रन बनाए, जिसमें 3 छक्के और 10 चौके शामिल रहे. उन्हें शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.
2- जसप्रीत बुमराह
जसप्रीत बुमराह ने पारी के दूसरे और अपने पहले ही ओवर में दो विकेट चटकाकर पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया. यहां से फिर पाकिस्तान की टीम उबर नहीं पाई. बुमराह ने कप्तान सलमान अली आग और सैम अयूब को पवेलियन की राह दिखाई. अयूब ने 6, जबकि सलमान आगा ने 4 रन बनाए.
Jasprit Bumrah (Credit-BCCI)
3- तिलक वर्मा
तिलक वर्मा ने दूसरे विकेट के लिए ईशान किशन के साथ 46 गेंद में 87 रन की पार्टनरशिप की, जिसने जीत की नींव रखी. तिलक ने 24 गेंद में 1 छक्का और 2 चौके लगाते हुए 25 रन बनाए. इसके अलावा, उन्होंने शादाब खान को शिवम दुबे के हाथों कैच आउट भी कराया.
Tilak Varma (Credit- BCCI)
4- वरुण चक्रवर्ती
मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हैट्रिक से चूक गए. उन्होंने 16वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर फहीम अशरफ और अबरार अहमद को पवेलियन की राह दिखाई. उन्होंने 3 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट चटकाए.
Varun Chakaravarthy (Credit- BCCI)
5- हार्दिक पांड्या
हार्दिक पांड्या इस मैच में अपना खाता भी नहीं खोल पाए, लेकिन उन्होंने साहिबजादा फरहान का बेशकीमती विकेट चटकाया. अगर फरहान ज्यादा समय तक क्रीज पर रहते तो मुकाबला भारत के हाथ से खिसक सकता था.
Hardik Pandya with Suryakumar Yadav (Credit- BCCI)





