कोहली-रोहित फ्लॉप, बुमराह बने हीरो! कहानी पिछले वर्ल्ड कप मैच की, जब 119 रन भी नहीं बना पाया पाकिस्तान, भारत को 6 रन से मिली जीत
यह कहानी है भारत और पाकिस्तान के बीच हुए पिछले टी-20 वर्ल्ड कप मुकाबले की, जहां पाक की टीम 119 रन भी नहीं सकी और मुकाबला 6 रन से हार गई. देखिए यह खास रिपोर्ट...;
T20 World Cup 2024 India vs Pakistan Match Highlights: भारत और पाकिस्तान के बीच आज हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा. अभी तक दोनों टीमों के बीच टी-20 वर्ल्ड कप में 8 मुकाबले हुए हैं, जिसमें से भारत ने 7 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को केवल एक मैच में जीत नसीब हुई है. पिछली बार विश्व कप में जब दोनों टीमें भिड़ीं थी तो बाजी भारत ने मारी थी.
भारत की पूरी टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवर में 119 रन बनाकर सिमट गई. पाकिस्तान को 120 रन का आसान लक्ष्य मिला, लेकिन जसप्रीत बुमराह की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के सामने पाक की टीम 7 विकेट के नुकसान पर 113 रन ही बना सकी.
भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन किसने बनाए?
भारतीय टीम की ओर से ऋषभ पंत ने शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने 31 गेंद में 6 चौके लगाते हुए 42 रन बनाए. उनके अलावा, कप्तान रोहित शर्मा 13, विराट कोहली 4, अक्षर पटेल 20, सूर्यकुमार यादव 7, शिवम दुबे 3, हार्दिक पांड्या 7, रविंद्र जडेजा 0, अर्शदीप सिंह 9, जसप्रीत बुमराह 0 रन बनाकर आउट हुए. मोहम्मद सिराज 7 रन बनाकर नाबाद रहे.
पाकिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा विकेट किसने लिए?
पाकिस्तान के गेंदबाजों ने इस मैच में घातक गेंदबाजी की. नसीम शाह और हारिस रऊफ ने 3-3, जबकि मोहम्मद आमिर ने 2 और शाहीन अफरीदी ने 1 विकेट लिए.
बुमराह ने कितने विकेट चटकाए?
भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने पाकिस्तान के दोनों ओपनरों, मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम के विकेट चटकाकर भारत को शुरुआती सफलता दिलाई. इसके बाद उन्होंने इफ्तिखार अहमद को आउट कर मैच को भारत की झोली में डाल दिया. बुमराह ने 4 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट लिए. वहीं, हार्दिक पांड्या को 2 और अक्षर पटेल-अर्शदीप सिंह को 1-1 विकेट मिला.
पाकिस्तान की तरफ से सबसे ज्यादा रन किसने बनाए?
पाकिस्तान की तरफ से सबसे ज्यादा रन मोहम्मद रिजवान ने बनाए. उन्होंने 44 गेंद में 31 रन बनाए. उनके अलावा, बाबर आजम, फखर जमान और उस्मान खान ने 13-13, इमाद वसीम ने 15, शादाब खान ने 4, इफ्तिखार अहमद ने 5 और नसीम शाह ने 10 रन बनाए .
अंतिम ओवर में क्या क्या हुआ ?
पाकिस्तान की टीम को अंतिम ओवर में 18 रन की जरूरत थी. इस ओवर को अर्शदीप सिंह ने फेंका. उनकी पहली गेंद पर इमाद वसीम आउट हुए. दूसरी गेंद पर नसीम शाह ने सिंगल लिया. तीसरी गेंद पर लेग बाई के रूप में 1 रन मिला. चौथी और पांचवीं गेंद पर नसीम ने दो चौके जड़े. हालांकि, अंतिम गेंद पर केवल 1 रन मिला. इस तरह भारत ने यह मैच 6 रन से जीत लिया.
20वें ओवर की किस गेंद में क्या हुआ?
- पहली गेंद- विकेट
- दूसरी गेंद- 1 रन
- तीसरी गेंद- 1 रन (लेग बाई के रूप में)
- चौथी गेंद- 4 रन
- पांचवीं गेंद- 4 रन
- छठी गेंद- 1 रन
बता दें कि यह मैच न्यूयॉर्क में खेला गया था. भारत ने इसके बाद फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया.