'हल्के वक्त में घबराना नहीं” T20 वर्ल्ड कप से पहले सूर्या ने टीम इंडिया को बताया जीत का मंत्र; ओपनिंग के सवाल पर क्या बोले?
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम इंडिया को जीत का मंत्र बताया है- मुश्किल वक्त में संयम और अच्छे वक्त में संतुलन.;
T20 World Cup 2026 में खिताब बचाने उतर रही टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टूर्नामेंट से पहले टीम का साफ मंत्र बता दिया है-हल्के वक्त में घबराना नहीं और अच्छे वक्त में पगलाना नहीं.” मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में घरेलू दर्शकों के सामने वर्ल्ड कप खेलने को लेकर सूर्यकुमार यादव बेहद उत्साहित हैं. उन्होंने कहा कि घर में खेलना हमेशा खास होता है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी और दबाव भी बढ़ जाता है. हालांकि टीम इंडिया इस चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार है.
बीसीसीआई की वेबसाइट पर जारी एक वीडियो में, मरीन ड्राइव पर बैठे सूर्यकुमार यादव ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद हुई ऐतिहासिक ट्रॉफी परेड को याद किया. उन्होंने कहा कि उस दिन वहां सांस लेने तक की जगह नहीं थी. हजारों फैंस का जोश जिंदगी भर याद रहने वाला अनुभव था.
सूर्या ने क्या कहा?
सूर्या ने कहा, “जब तक आप ऐसा माहौल खुद नहीं देखते, तब तक उसकी अहमियत समझ नहीं आती. जब मैंने ये एहसास नए खिलाड़ियों को बताया, तो उनमें भी जोश भर गया.” उन्होंने टीम इंडिया के माइंडसेट पर जोर देते हुए कहा कि खिलाड़ियों को हर हाल में संतुलन बनाए रखना होगा. न ज्यादा दबाव में टूटना है और न ही सफलता के बाद खुद को रोकना भूलना है.
भारत का पहला मुकाबला किससे है?
टी20 वर्ल्ड कप में भारत अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ करेगा. लक्ष्य साफ है- लगातार दूसरी बार खिताब जीतना और तीसरी टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी भारत लाना. सूर्यकुमार यादव के लिए यह पल और भी खास है क्योंकि उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में देर से एंट्री की थी और अब उसी वानखेड़े में वर्ल्ड कप टीम की कप्तानी कर रहे हैं, जहां से उनके करियर ने उड़ान भरी थी.
कप्तान या लीडर, कौन हैं सूर्या?
कप्तान के तौर पर अपनी भूमिका पर बोलते हुए सूर्या ने कहा कि उन्हें 'कैप्टन' शब्द थोड़ा भारी लगता है, वे खुद को 'लीडर' मानते हैं. उनका मानना है कि एक अच्छे माहौल में खिलाड़ी खुद जिम्मेदारी ले लेते हैं.
अभिषेक शर्मा के साथ कौन करेगा ओपनिंग?
इस बीच ओपनिंग स्लॉट को लेकर चल रही बहस पर भी सूर्यकुमार यादव ने बड़ा संकेत दिया. उन्होंने साफ कहा कि ईशान किशन टी20 वर्ल्ड कप में ओपनिंग कर सकते हैं और वे नंबर तीन से नीचे नहीं खेलेंगे. हालिया फॉर्म, घरेलू क्रिकेट और वॉर्म-अप मैच में विस्फोटक बल्लेबाज़ी ने ईशान को इस रेस में आगे कर दिया है.
अमेरिका के खिलाफ मुकाबले पर क्या बोले सूर्या?
अमेरिका जैसी उभरती टीमों के खिलाफ मुकाबले पर सूर्या ने कहा कि भले ही भारत इन टीमों के खिलाफ ज्यादा नहीं खेलता, लेकिन तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़ी जाती. वीडियो एनालिसिस और प्लानिंग पर पूरा फोकस रहता है और इस स्तर पर कोई बहाना नहीं चलता. टीम इंडिया अब घरेलू मैदान पर फैंस के समर्थन के साथ इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी.