T20 WC 2026: 'दुखी मत हो भाई' रोहित के इन शब्दों ने बदली संजू सैमसन की किस्मत, वीडियो हो रहा वायरल

वेस्टइंडीज के खिलाफ संजू की तूफानी पारी ने न सिर्फ भारत को जीत दिलाई, बल्कि उनके करियर को भी नई दिशा दे दी. इस यादगार प्रदर्शन के बाद पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा द्वारा दिया गया हौसला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

sanju samson

(Image Source:  X/ @EmediaManoj, @rohann__45 )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

T20 World Cup 2026: भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन का वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई 97 रनों की मैच जिताऊ पारी तक का सफर किसी रोमांचक फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा. एक समय ऐसा था जब वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए पहली पसंद सलामी बल्लेबाज माने जाते थे, लेकिन फिर अचानक उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ा. आलोचनाओं, इंतजार और अनिश्चितता के बीच सैमसन ने धैर्य नहीं खोया और जब मौका मिला तो इतिहास रच दिया.

वेस्टइंडीज के खिलाफ उनकी तूफानी पारी ने न सिर्फ भारत को जीत दिलाई, बल्कि उनके करियर को भी नई दिशा दे दी. इस यादगार प्रदर्शन के बाद पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा द्वारा दिया गया हौसला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसने यह साबित कर दिया कि बड़े खिलाड़ी सिर्फ मैदान पर ही नहीं, ड्रेसिंग रूम में भी टीम को मजबूत बनाते हैं.

कैसे हुई प्लेइंग इलेवन में वापसी?

पिछले एक साल से अधिक समय तक भारत के लिए टी20 में ओपनर की भूमिका निभाने वाले सैमसन को टूर्नामेंट की शुरुआत में टीम से बाहर कर दिया गया था. उस समय ईशान किशन शानदार फॉर्म में थे, जिसके चलते टीम मैनेजमेंट ने उन्हें प्राथमिकता दी. टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में भारत ने यूएसए के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मैच खेला, जहां रोहित शर्मा मौजूद थे. हालांकि, इस मैच में सैमसन को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली. यह पल उनके लिए निराशाजनक जरूर था, लेकिन यहीं से उनकी वापसी की कहानी शुरू हुई.

कैसे रोहित ने संजू को दिया हौसला?

मैच के दौरान रोहित शर्मा सैमसन के पास गए और उनका हौसला बढ़ाया। आईसीसी द्वारा इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में रोहित कहते नजर आए " कैसा है? दुखी मत हो भाई. यह एक लंबा टूर्नामेंट है, कभी भी मौका आ सकता है." यह शब्द सैमसन के लिए प्रेरणा बन गए. सााउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद टीम में बदलाव हुआ और सैमसन को फिर से मौका मिला. उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ छोटी लेकिन प्रभावशाली पारी खेलकर संकेत दे दिया कि वह बड़े मंच के लिए तैयार हैं.

वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली ऐतिहासिक पारी

जब वेस्टइंडीज के खिलाफ अहम मुकाबले में उन्हें बल्लेबाजी का मौका मिला, तो सैमसन ने इसे दोनों हाथों से भुनाया. उनकी 97 रनों की पारी ने भारत को टी20 विश्व कप इतिहास के सबसे बड़े सफल रन चेज में जीत दिलाई. यह पारी लंबे समय तक याद रखी जाएगी.

Similar News