T20 WC 2026: हार से टूट गए श्रीलंकाई कोच, कार्यकाल पूरा होने से 4 महीने पहले ही छोड़ दिया पद; अब किसे मिलेगी जिम्मेदारी?
श्रीलंका के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद हेड कोच सनथ जयसूर्या ने अपने पद से इस्तीफा भी दे दिया. जबकि उनके कार्यकाल में अभी समय बचा हुआ था. अब बड़ा सवाल ये है कि श्रीलंका टीम को अगला हेड कोच कौन होगा?
Sanath Jayasuriya
(Image Source: X/ @badkebhai )T20 World Cup 2026: श्रीलंका ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना आखिरी मैच 28 फरवरी को पाकिस्तान के साथ खेला, भले ही टीम को इस मैच में हार का सामना करना पड़ा लेकिन पाकिस्तान भी सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाई. श्रीलंका की शुरुआत इस टूर्नामेंट में शानदार रही थी, लेकिन सुपर-8 में टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा. सुपर-8 के तीनों मैचों में श्रीलंका को हार का सामना करना पड़ा, जिससे टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई.
श्रीलंका के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद हेड कोच सनथ जयसूर्या ने अपने पद से इस्तीफा भी दे दिया. जबकि उनके कार्यकाल में अभी समय बचा हुआ था. अब बड़ा सवाल ये है कि श्रीलंका टीम को अगला हेड कोच कौन होगा?
क्यों दिया पद से इस्तीफा?
बड़े टूर्नामेंट्स में श्रीलंका का प्रदर्शन बेहद निराशा जनक रहा है. साल 2014 के बाद से यह लगातार पांचवां टी20 वर्ल्ड कप है जिसमें टीम सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच सकी. जयसूर्या जुलाई 2024 में अंतरिम मुख्य कोच के रूप में टीम से जुड़े थे. अक्टूबर में उन्हें फुल टाइम कोच नियुक्त किया गया. उनके कार्यकाल में श्रीलंका ने तीनों फॉर्मेट में कुल 76 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, जिनमें 34 जीत दर्ज हुईं.
करीब 45 प्रतिशत के जीत प्रतिशत के साथ उनका कार्यकाल मिला-जुला रहा, लेकिन बड़े टूर्नामेंट में असफलता ने उनके पद को प्रभावित किया. जिसके चलते अब उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया. वैसे जयसूर्या का कार्यकाल जून 2026 तक था.
कौन होगा नया कोच?
श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एश्ले डी सिल्वा ने संडे टाइम्स से बातचीत में पुष्टि की कि बोर्ड ने विदेशी कोचिंग उम्मीदवारों से औपचारिक बातचीत शुरू कर दी है. उन्होंने कहा 'हम कुछ विदेशी कोचों से बातचीत कर रहे हैं. इस समय हम उनके नाम उजागर नहीं कर सकते, लेकिन जैसे ही बातचीत पूरी होगी, हम सार्वजनिक घोषणा करेंगे.'