PAK vs SL: पाकिस्तान का T20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने का सपना टूटा, 212 रन बनाने के बावजूद महज 5 रन से मिली जीत

T20 World Cup 2026 के सुपर-8 मुकाबले में Pakistan ने Sri Lanka को 5 रन से हराया, लेकिन सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सका. पाकिस्तान ने 212 रन बनाए थे, पर श्रीलंका 207 रन तक पहुंच गया, जिससे नेट रन रेट बेहतर न होने के कारण टीम बाहर हो गई.

श्रीलंका के बावजूद पाकिस्तान टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर(Image Source:  ICC )
By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 1 March 2026 12:09 AM IST

Pakistan Vs Sri Lanka Match Highlights: इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत हासिल की तो लगा कि पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंच सकती है, लेकिन ये उम्मीदें भी पल्लेकेले में टूट गईं, जब श्रीलंका के खिलाफ उसे महज 5 रन से जीत मिली. पाकिस्तान ने साहिबजादा फरहान के शतक और फखर जमान के शानदार अर्धशतक की बदौलत 8 विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए, जिसके जवाब में कप्तान दासुन शनाका के तूफानी अर्धशतक की बदौलत श्रीलंका की टीम 6 विकेट पर 207 रन बना सकी.

टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुकाबले में शनिवार को रोमांचक जीत के बावजूद पाकिस्तान का सफर खत्म हो गया. बेहतर नेट रन रेट के कारण New Zealand ने सेमीफाइनल में जगह बना लिया. ग्रुप-2 से न्यूजीलैंड दूसरे स्थान पर रहकर अंतिम चार में पहुंचा.

पाकिस्तान और श्रीलंका के मैच की हाईलाइट्स

  • पाकिस्तान के सामने समीकरण साफ था- उसे पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर बनाने के साथ श्रीलंका को 147 रन या उससे कम पर रोकना था.
  • टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 212 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. इस दौरान साहिबजादा फरहान ने 100 रन की शानदार पारी खेली, जबकि फखर जमान ने 84 रन बनाए. श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका ने 3 विकेट लिए और कप्तान दासुन शनाका ने 2 विकेट झटके.
  • 212 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत धीमी रही और 12वें ओवर तक टीम 101 रन पर 5 विकेट गंवा चुकी थी. उस समय पाकिस्तान मजबूत स्थिति में दिख रहा था, लेकिन इसके बाद पवन रथनायके और कप्तान दासुन शनाका ने तेज बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख बदल दिया. दोनों ने तेजी से रन जोड़ते हुए 16वें ओवर में टीम को 148 रन तक पहुंचा दिया, जिससे पाकिस्तान की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो गईं.
  • आखिरी ओवर में मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया. शाहीन शाह अफरीदी के ओवर की पहली चार गेंदों पर शनाका ने 4, 6, 6 और 6 जड़ दिए, जिससे मैच पाकिस्तान के हाथ से निकलता दिखा. श्रीलंका को अंतिम दो गेंदों पर जीत के लिए छह रन चाहिए थे. पांचवीं गेंद पर शनाका स्कूप शॉट खेलने से चूक गए और आखिरी गेंद को वाइड समझकर छोड़ दिया, लेकिन अंपायर ने उसे वैध गेंद माना. इस तरह पाकिस्तान ने पांच रन से जीत तो दर्ज कर ली, लेकिन नेट रन रेट के कारण सेमीफाइनल से बाहर हो गया.
  • श्रीलंका पहले ही सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुका था, लेकिन उसने अपने घरेलू दर्शकों के सामने दमदार प्रदर्शन के साथ अभियान समाप्त किया. टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका अपनी जगह पक्की कर चुके हैं, जबकि अंतिम स्थान के लिए भारत और वेस्टइंडीज के बीच मुकाबला होना है.
  • मैच के आंकड़ों की बात करें तो पाकिस्तान के लिए अबरार अहमद सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट लिए. वहीं श्रीलंका की ओर से दासुन शनाका 31 गेंदों पर नाबाद 76 रन बनाकर अंत तक डटे रहे, जबकि रथनायके ने 58 रन की अहम पारी खेली.
  • रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में पाकिस्तान ने जीत हासिल की, लेकिन टूर्नामेंट में आगे बढ़ने का सपना अधूरा रह गया.

Similar News