T-20 World Cup: अब भी सेमीफाइनल में पहुंच सकता है Pak, बस करना होगा यह काम; NZ पर Eng की जीत से रोचक हुआ समीकरण
ICC Men's T20 World Cup में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को हराकर ग्रुप 2 का समीकरण बदल दिया है. अब पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका पर कम से कम 65 रन की बड़ी जीत दर्ज करनी होगी.
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की उम्मीदें लगभग बुझ चुकी थीं, लेकिन कोलंबो से आई एक खबर ने टूर्नामेंट का समीकरण बदल दिया. England ने New Zealand को हराकर न सिर्फ खुद सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया, बल्कि पाकिस्तान के लिए भी रास्ता खोल दिया. अब सबकी नजर पल्लेकेले में होने वाले उस मुकाबले पर है, जहां एक जीत ही नहीं, बल्कि ‘बड़ी जीत’ पाकिस्तान की किस्मत लिखेगी.
सुपर 8 ग्रुप 2 में इंग्लैंड तीन मैचों में छह अंकों के साथ टॉप पर है. न्यूज़ीलैंड तीन अंकों और +1.390 के मजबूत नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर है. पाकिस्तान दो मैचों में एक अंक और -0.461 के नेट रन रेट के साथ तीसरे नंबर पर है. यही नेट रन रेट अब असली कहानी है. अगर अंक बराबर भी हो जाएं, तो फैसला रन रेट से होगा - और फिलहाल इस रेस में पाकिस्तान काफी पीछे है.
65 रन का फॉर्मूला: क्या है सेमीफाइनल का पासवर्ड?
पाकिस्तान को अपने आखिरी सुपर 8 मैच में श्रीलंका को कम से कम 65 रन से हराना होगा. दूसरा रास्ता यह है कि अगर श्रीलंका पहले बल्लेबाजी करे, तो पाकिस्तान लक्ष्य का पीछा करते हुए उसे 13 ओवर के भीतर हासिल कर ले. अगर ऐसा होता है तो पाकिस्तान के भी तीन अंक हो जाएंगे - न्यूज़ीलैंड के बराबर. लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण पाकिस्तान सीधे सेमीफाइनल में पहुंच सकता है.
रणनीति क्या हो सकती है?
आदर्श स्थिति में पाकिस्तान चाहेगा कि श्रीलंका को लगभग 100–110 रन के भीतर रोक दिया जाए. इसके बाद तेज शुरुआत, पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी और मिडिल ओवरों में रन गति बनाए रखना जरूरी होगा. यह सिर्फ जीत का नहीं, “तेज जीत” का मैच है. हर डॉट बॉल, हर चौका-छक्का और हर विकेट सेमीफाइनल की दूरी तय करेगा.
क्या बारिश बनेगी विलेन?
मुकाबला पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. मौसम विभाग के अनुसार बारिश की संभावना नहीं है. बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन मैच पर बारिश का खतरा नहीं है. यह पाकिस्तान के लिए राहत की खबर है, क्योंकि अगर मैच धुल जाता तो समीकरण पूरी तरह बदल सकते थे.
श्रीलंका की स्थिति: क्या वे चौंका सकते हैं?
श्रीलंका इस सुपर 8 चरण में लगातार तीन हार झेल चुका है - जिम्बाब्वे, इंग्लैंड और न्यूज़ीलैंड के खिलाफ. हालांकि, ऐसे हालात में मेजबान टीम के पास खोने को कुछ नहीं होता. वे पाकिस्तान की राह रोकने के लिए पूरी ताकत झोंक सकते हैं.
दबाव किस पर ज्यादा?
कागज पर दबाव पाकिस्तान पर है. उन्हें सिर्फ अच्छा खेल नहीं, बल्कि परफेक्ट गेम खेलना होगा. गेंदबाजों को शुरुआती झटके देने होंगे और बल्लेबाजों को जोखिम लेते हुए तेजी से रन बनाने होंगे. क्योंकि एक छोटी सी चूक से न्यूज़ीलैंड का सेमीफाइनल में पहुंच जाना तय है.




