पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच का किया बायकॉट तो ICC ने लगाई लताड़, जानें पाक को होगा कितना नुकसान

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मुकाबले के बहिष्कार के पाकिस्तान के फैसले पर ICC ने कड़ा रुख अपनाया है. ICC ने इसे टूर्नामेंट की निष्पक्षता के खिलाफ बताते हुए गंभीर परिणामों के संकेत दिए हैं. अगर पाकिस्तान मैच नहीं खेलता है तो उसका नेट रन रेट बुरी तरह प्रभावित होगा और ग्रुप स्टेज में क्वालिफिकेशन मुश्किल हो सकता है. इसके अलावा ICC पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को मिलने वाला करीब 34.5 मिलियन डॉलर का वार्षिक राजस्व रोक सकता है, जिससे पाक क्रिकेट को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है.;

( Image Source:  @upuknews1- X )
By :  सागर द्विवेदी
Updated On : 2 Feb 2026 7:55 AM IST

T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले क्रिकेट जगत में एक अभूतपूर्व विवाद खड़ा हो गया है. पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की पुष्टि तो की है, लेकिन उसने ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले का बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया है. यह फैसला पाकिस्तान सरकार की ओर से लिया गया है, जिसने 15 फरवरी 2026 को होने वाले भारत-पाक मैच में टीम को मैदान में न उतरने का निर्देश दिया है.

यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC), बीसीसीआई और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के बीच यह सहमति बन चुकी थी कि भारत-पाकिस्तान के सभी मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर कराए जाएंगे. इसके बावजूद पाकिस्तान के इस फैसले ने ICC, ब्रॉडकास्टर्स और दुनियाभर के क्रिकेट फैंस को चौंका दिया है.

बांग्लादेश विवाद से जुड़ा है फैसला

पाकिस्तान का यह ऐलान उस घटनाक्रम के बाद आया है, जिसमें ICC ने बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया. बांग्लादेश ने भारत में खेलने से सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इनकार कर दिया था. ICC के वोटिंग प्रोसेस में पाकिस्तान और बांग्लादेश ही ऐसे दो बोर्ड थे, जिन्होंने वेन्यू बदलने के प्रस्ताव का समर्थन किया, जबकि 14 अन्य देशों ने इसे खारिज कर दिया. हालांकि पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ मैच न खेलने के फैसले के पीछे कोई स्पष्ट वजह सार्वजनिक तौर पर नहीं बताई, लेकिन घटनाक्रम को कूटनीतिक और राजनीतिक तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है.

ICC का सख्त रुख: 'Selective Participation स्वीकार्य नहीं'

पाकिस्तान के फैसले पर ICC ने गंभीर चिंता जताई है. ICC ने साफ कहा है कि वह सरकारों की विदेश नीति से जुड़े अधिकारों का सम्मान करता है, लेकिन किसी टीम को चुनिंदा मैच खेलने या न खेलने का निर्देश देना अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के ढांचे के खिलाफ है. ICC के मुताबिक, सभी क्वालिफाई करने वाली टीमें एक समान शर्तों पर खेलने के लिए बाध्य होती हैं. परिषद ने चेतावनी दी कि ऐसा फैसला टूर्नामेंट की निष्पक्षता, प्रतिस्पर्धात्मक संतुलन और विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाता है. ICC ने यह भी कहा कि वह PCB से औपचारिक संवाद का इंतजार कर रहा है, लेकिन यह कदम खेल और पाकिस्तान के अपने क्रिकेट फैंस – दोनों के हित में नहीं है.

मैच नहीं खेलने पर क्या होगा? प्लेइंग कंडीशंस साफ

ICC की प्लेइंग कंडीशंस के मुताबिक, अगर पाकिस्तान टीम मैदान में नहीं उतरती है तो इसे फुल 20 ओवर की पारी खेलने के बराबर माना जाएगा. इसका सीधा असर पाकिस्तान के नेट रन रेट (NRR) पर पड़ेगा, जिससे ग्रुप स्टेज में उसकी स्थिति और क्वालिफिकेशन की संभावनाएं बुरी तरह प्रभावित हो सकती हैं.

भारत का रुख: ICC प्रोटोकॉल का पालन

इस पूरे विवाद पर अभी तक BCCI की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. हालांकि सूत्रों के मुताबिक, भारतीय टीम ICC के तय प्रोटोकॉल के मुताबिक ही आगे बढ़ेगी. टीम इंडिया तय कार्यक्रम के अनुसार श्रीलंका जाएगी, अभ्यास सत्र और प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी. मैच के दिन भारतीय टीम तय समय पर आर. प्रेमदासा स्टेडियम पहुंचेगी और मैच रेफरी के फैसले का इंतजार करेगी. अगर पाकिस्तान मैदान में नहीं उतरता है, तो अंतिम फैसला रेफरी द्वारा लिया जाएगा.

ICC को भी होगा बड़ा झटका? पाकिस्तान पर भारी आर्थिक नुकसान की आशंका

भारत-पाकिस्तान मुकाबला वैश्विक क्रिकेट का सबसे ज्यादा कमाई कराने वाला मैच माना जाता है. इसी वजह से ICC 2012 के बाद से हर बड़े टूर्नामेंट में दोनों टीमों को एक ही ग्रुप में रखता रहा है. अगर पाकिस्तान अपने फैसले पर कायम रहता है, तो टी20 वर्ल्ड कप 2026 पहला ऐसा पुरुष ICC टूर्नामेंट होगा, जिसमें भारत-पाक मुकाबला नहीं होगा. इससे ICC की ब्रॉडकास्टिंग और स्पॉन्सरशिप आय पर सीधा असर पड़ सकता है.

सूत्रों के मुताबिक, ICC पाकिस्तान पर सख्त आर्थिक कार्रवाई कर सकता है.

एक अधिकारी ने पहले कहा था कि 'इसके सीधे परिणामस्वरूप, आईसीसी की वार्षिक आय में से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को मिलने वाला हिस्सा, जिसकी अनुमानित राशि करीब 34.5 मिलियन डॉलर है, रोक लिया जाएगा.” यानी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को सालाना ICC रेवेन्यू में मिलने वाला करीब 34.5 मिलियन डॉलर का हिस्सा रोका जा सकता है.

भारत-पाक क्रिकेट विवाद: एक नजर टाइमलाइन पर

  • 2010 के बाद से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट बंद
  • 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारत ने पाकिस्तान जाने से इनकार किया
  • एशिया कप 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद तनाव और बढ़ा
  • बांग्लादेश ने भारत में खेलने से मना किया, पाकिस्तान ने समर्थन दिया
  • अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार

आगे क्या?

अब सबकी नजरें ICC और PCB के बीच होने वाली बातचीत पर टिकी हैं. ICC ने साफ संकेत दे दिए हैं कि वह टूर्नामेंट की साख से कोई समझौता नहीं करेगा. अगर पाकिस्तान पीछे नहीं हटता है, तो उस पर प्रतिबंध, आर्थिक नुकसान और खेल से जुड़े बड़े फैसले लिए जा सकते हैं.

Similar News