IPL Controversies: Dhoni घुसे मैदान में तो Pant ने खिलाड़ियों को वापस आने को कहा, आईपीएल में कब-कब भड़के कप्तान?

IPL 2026 का आज से आगाज होने जा रहा है. 10 टीमों के बीच खिताब के लिए जबरदस्त मुकाबला होगा. हालांकि, कई बार मैदान पर कप्तान अपना आपा खोते हुए दिखाई दिए हैं.

 धोनी-पंत ने आईपीएल में खोया आपा

Edited By :  अच्‍युत कुमार द्विवेदी
Updated On : 28 March 2026 5:19 PM IST

IPL Controversies: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का 28 मार्च यानी आज से आगाज होने जा रहा है. 10 टीमों के बीच करीब दो महीने तक ट्रॉफी के लिए जोरदार मुकाबला देखने को मिलेगा. हालांकि, आईपीएल की चकाचौंध के बीच कई बार मैदान का तापमान इतना बढ़ गया कि शांत रहने वाले कप्तानों ने भी अपना आपा खो दिया.

'कैप्टन कूल' महेंद्र सिंह धोनी का मैदान में घुसना हो या ऋषभ पंत का अपने खिलाड़ियों को वापस बुलाने का इशारा, ये घटनाएं आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े विवादों में शुमार हैं.

1. जब 'कैप्टन कूल' धोनी खो बैठे अपना आपा (2019)

साल 2019 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ एक मैच के दौरान एम एस धोनी ने वह किया, जो उन्होंने अपने पूरे करियर में कभी नहीं किया था. आखिरी ओवर में अंपायर ने बेन स्टोक्स की एक गेंद को पहले 'नो-बॉल' दिया और फिर अपना फैसला बदल दिया. डगआउट में बैठे धोनी इतने भड़क गए कि वह सीधे मैदान के अंदर घुस आए और अंपायरों से बहस करने लगे.इस अनुशासनहीनता के लिए धोनी पर मैच फीस का 50% जुर्माना लगाया गया.

2. ऋषभ पंत का खिलाड़ियों को वापस बुलाना (2022)

आईपीएल 2022 में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच के आखिरी ओवर में भारी ड्रामा हुआ. ओबेद मैकॉय की एक फुल टॉस गेंद को दिल्ली के खेमे ने 'नो-बॉल' माना, लेकिन अंपायरों ने उसे लीगल डिलीवरी करार दिया. कप्तान ऋषभ पंत बाउंड्री लाइन पर खड़े होकर बेहद नाराज दिखे और उन्होंने अपने बल्लेबाजों (रोवमैन पॉवेल और कुलदीप यादव) को मैदान से वापस आने का इशारा कर दिया. दिल्ली के सहायक कोच प्रवीण आमरे भी मैदान के अंदर चले गए थे. बाद में पंत, आमरे और ठाकुर पर जुर्माना और प्रतिबंध लगाया गया.

3. विराट कोहली और गौतम गंभीर की पुरानी जंग (2013 और 2023)

विराट कोहली और  गौतम गंभीर के बीच आईपीएल में दो बार मैदान पर तीखी बहस हुई. पहली बार 2013 में, जबकि दूसरी बार 2023 में दोनों के बीच मैदान पर विवाद देखने को मिला. 

  • 2013 का विवाद: केकेआर और आरसीबी के मैच में कोहली के आउट होने के बाद दोनों के बीच मैदान पर तीखी बहस हुई थी, जिसमें साथी खिलाड़ियों को बीच-बचाव करना पड़ा.
  • 2023 का विवाद: लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर गंभीर और आरसीबी के कोहली एक बार फिर आमने-सामने आ गए. मैच के बाद नवीन-उल-हक के साथ शुरू हुआ विवाद गंभीर और कोहली के बीच जबरदस्त बहस में बदल गया.

4. हरभजन सिंह और श्रीसंत का 'स्लैमगेट' (2008)

आईपीएल के पहले ही सीजन में मुंबई इंडियंस के कार्यवाहक कप्तान हरभजन सिंह ने मर्यादा की सीमा लांघ दी थी. मैच के बाद हाथ मिलाते समय हरभजन ने किंग्स XI पंजाब के गेंदबाज एस. श्रीसंत को थप्पड़ जड़ दिया था. श्रीसंत मैदान पर ही रोते हुए देखे गए. इस घटना के बाद हरभजन सिंह को पूरे सीजन के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था.

5- पोलार्ड का बल्ला फेंकना 

साल 2014 में मिचेल स्टार्क के साथ बहस के दौरान किरोन पोलार्ड इतने भड़क गए थे कि उन्होंने स्टार्क की तरफ बल्ला फेंक दिया था. वहीं, 2024 में लखनऊ के कप्तान केएल राहुल को एक मैच के बाद टीम मालिक संजीव गोयनका द्वारा सरेआम मैदान पर फटकार लगाते देखा गया था, जिसकी काफी आलोचना हुई. इसके बाद राहुल लखनऊ की टीम को छोड़कर दिल्ली कैपिटल्स में शामिल हो गए। 

IPL से जुड़े अन्य विवाद

1. स्पॉट फिक्सिंग कांड और दो साल का प्रतिबंध (2013-2015)

यह आईपीएल इतिहास का सबसे काला अध्याय माना जाता है. 2013 में दिल्ली पुलिस ने राजस्थान रॉयल्स के तीन खिलाड़ियों, एस. श्रीसंत, अजीत चंडीला और अंकित चव्हाण को स्पॉट फिक्सिंग के आरोप में गिरफ्तार किया. जांच के बाद लोढ़ा समिति ने 2015 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स (RR) को दो साल (2016 और 2017) के लिए निलंबित कर दिया. टीम के अधिकारी गुरुनाथ मयप्पन (CSK) और राज कुंद्रा (RR) को सट्टेबाजी गतिविधियों का दोषी पाया गया था.

2. शाहरुख खान का वानखेड़े स्टेडियम बैन (2012)

बॉलीवुड सुपरस्टार और कोलकाता नाइट राइडर्स के सह-मालिक शाहरुख खान एक बड़े विवाद में फंस गए थे. वानखेड़े स्टेडियम में एक मैच के बाद शाहरुख की सुरक्षाकर्मियों और एमसीए (MCA) अधिकारियों के साथ तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई. मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने शाहरुख खान पर पांच साल के लिए स्टेडियम में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगा दिया था, जिसे बाद में कम कर दिया गया.

3. रविंद्र जडेजा पर एक साल का बैन (2010)

भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को आईपीएल के तीसरे सीजन से बाहर बैठना पड़ा था. जडेजा पर राजस्थान रॉयल्स के साथ अनुबंध में होने के बावजूद दूसरी फ्रेंचाइजी (मुंबई इंडियंस) के साथ बातचीत करने और नियमों के उल्लंघन का दोषी पाया गया. बीसीसीआई ने उन पर एक साल का प्रतिबंध लगाया, जिसके कारण वह आईपीएल 2010 नहीं खेल सके.

4. अश्विन का 'मांकेडिंग' विवाद (2019)

खेल भावना (Spirit of Cricket) को लेकर यह बहस आज भी जारी है. किंग्स XI पंजाब के तत्कालीन कप्तान रविचंद्रन अश्विन ने राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज जॉस बटलर को गेंद फेंकने से पहले क्रीज छोड़ने पर आउट (Mankading) कर दिया था. इसे खेल भावना के विरुद्ध माना गया, हालांकि बाद में आईसीसी नियमों के तहत इसे रन-आउट की श्रेणी में शामिल कर लिया गया.

5. ललित मोदी का निष्कासन (2010)

आईपीएल की शुरुआत करने वाले ललित मोदी को लीग के तीसरे सीजन के तुरंत बाद हटा दिया गया था. उन पर वित्तीय अनियमितताओं, बोली में धांधली और अनुशासनहीनता के गंभीर आरोप लगे थे. नतीजा यह हुआ है कि बीसीसीआई ने 2013 में उन पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया.

Similar News