गुरबाज के शतक पर भारी पड़ी गिल की हाफ सेंचुरी, भारत ने अफगानिस्तान को पहले वनडे में 7 विकेट से रौंदा; जानें मैच की 10 बड़ी बाते
भारत ने अफगानिस्तान को पहले वनडे मैच में 7 विकेट से रौंद दिया. अफगानिस्तान ने 194 रन का लक्ष्य दिया, जिसे भारत ने रोहित शर्मा, शुभमन गिल, ईशान किशन और केएल राहुल की तेज बल्लेबाजी के दम पर आसानी से हासिल कर लिया.
शुभमन गिल
(Image Source: BCCI )India vs Afghanistan 1st ODI Match Highlights: अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार अंदाज में जीत हासिल की. मैच को बारिश की वजह से 25-25 ओवर का कर दिया गया था, जिससे दर्शकों को छोटे फॉर्मेट जैसा रोमांच देखने को मिला, जिसमें चौकों-छक्कों की जमकर बरसात हुई.
अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 195 रन का लक्ष्य रखा, जिसे भारत ने 22.5 ओवर में हासिल कर लिया. शुभमन गिल ने शानदार अर्धशतक जड़ा. वहीं, रोहित शर्मा, ईशान किशन और केएल राहुल ने भी शानदार पारी खेली.
India vs Afghanistan First ODI Match की 10 बड़ी बातें
1-ं टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी रही. सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया. उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंद में 8 चौके और 8 छक्के की मदद से 102 रन की तूफानी पारी खेली.
2- भारतीय गेंदबाजों ने बाद में शानदार वापसी की और लगातार विकेट चटकाए, जिससे अफगानिस्तान की रन गति धीमी हो गई हो पूरी टीम 24.5 ओवर में 194 रन पर सिमट गई. कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने भी माना कि अगर टीम 220-230 रन तक पहुंच जाती तो मुकाबला अलग हो सकता था. उनके मुताबिक गुरबाज के आउट होने के बाद लगातार विकेट गिरना टीम की हार की बड़ी वजह बनी.
3- अफगानिस्तान की ओर से इब्राहिम जादरान ने 1, सेदिकुल्ला अटल ने 0, रहमत शाह ने 3, कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी ने 27, अजमतुल्लाह ओमरजई ने 26, मोहम्मद नबी और राशिद खान ने 9-9, अल्लाह गजनफर ने 0 और जियाउर रहमान ने 4 रन बनाए. वहीं, मोहम्मद सलीम सफी 1 रन बनाकर नाबाद रहे.
4- भारत की ओर से डेब्यू कर रहे गुरनूर बरार और हर्ष दुबे ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि अर्शदीप सिंह और नितीश कुमार रेड्डी को 2-2 विकेट मिला.
5- 195 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाया. रोहित शर्मा ने तेज शुरुआत की और शुभमन गिल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 46 रन जोड़े. हालांकि, एक रन लेने की कोशिश में तालमेल की कमी के कारण रोहित रन आउट हो गए. उन्होंने 16 गेंद में 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 16 रन बनाए.
6- रोहित के आउट होने के बाद शुभमन गिल ने पारी को संभाला और लगातार बाउंड्री लगाते रहे. उन्होंने जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. गिल ने 66 गेंद में 11 चौके और 2 छक्के की मदद से नाबाद 84 रन बनाए, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.
7- ईशान किशन ने भी मौके का फायदा उठाते हुए सिर्फ 22 गेंदों में 34 रन की तेज पारी खेली. वहीं केएल राहुल ने शानदार फिनिश करते हुए 19 गेंदों में नाबाद 39 रन बनाए और भारत को आसानी से जीत तक पहुंचा दिया. श्रेयस अय्यर 15 गेंद में 1 चौके की मदद से 12 रन बनाकर आउट हुए.
8- अफगानिस्तान के गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में नाकाम रहे. राशिद खान और जिया उर रहमान ने एक-एक विकेट जरूर लिया, लेकिन दो महंगे भी साबित हुए.
9- जीत के बाद शुभमन गिल ने कहा कि यह मुकाबला लगभग टी20 जैसा महसूस हो रहा था. उन्होंने अफगानिस्तान के गुरबाज की बल्लेबाजी की तारीफ की और कहा कि टीम ने दबाव में अच्छी वापसी की.
10- गिल ने भारतीय गेंदबाजों की भी तारीफ की और खासतौर पर नए खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सराहा. उन्होंने कहा कि वनडे क्रिकेट में मिडिल ओवर काफी महत्वपूर्ण होते हैं और टीम का लक्ष्य लगातार दबाव बनाए रखना है.
इस जीत के साथ भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे क्रिकेट में अपना दबदबा कायम रखा. टीम इंडिया अब सीरीज में बढ़त के साथ आगे बढ़ गई है और युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने टीम मैनेजमेंट को कई सकारात्मक संकेत दिए हैं. दूसरा वनडे अब लखनऊ में 17 जून को होगा.