2007 से लेकर 2026 तक...नॉकआउट मुकाबलों में कैसा खेलती है टीम इंडिया? IND vs NZ फाइनल से पहले जानिए आंकड़े
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें 8 मार्च यानी आज आमने-सामने होंगी. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया इतिहास रचने के इरादे से उतरेगी. ऐसे में लोगों के मन में सवाल है कि आखिर भारत का नॉक आउट मैचों में कैसा रिकॉर्ड रहा है. आइये जानते हैं आंकड़े.
IND vs NZ T20 Final: वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड आमने-सामने होंगे. इस खिताबी मुकाबले की मेजबानी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में की जाएगी. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम एक बार फिर इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.
इस बीच लोगों के मन में सवाल है कि आखिर नॉक आउट मुकाबलों में टीम इंडिया का परफॉर्मेंस कैसा रहा है. बता दें, आईसीसी टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में टीम इंडिया का रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है. आइये जानते हैं क्या कहते हैं आंकड़े?
2007 से लेकर 2026 तक कैसा रहा टीम इंडिया का रिकॉर्ड?
- भारतीय टीम ने अब तक कुल 8 नॉकआउट मैच खेले हैं, जिनमें से 5 मुकाबलों में जीत हासिल की है, जबकि 3 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है.
- टी20 विश्व कप 2007 में भारत ने सेमीफाइनल और फाइनल दोनों मुकाबले जीतकर पहली बार इस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया था.
- इसके बाद टी20 विश्व कप 2014 में भारतीय टीम सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में पहुंची थी, लेकिन खिताबी मुकाबले में उसे श्रीलंका के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी.
- वहीं 2016 के टी20 विश्व कप में वेस्टइंडीज ने सेमीफाइनल में भारत को हराकर उसका सफर खत्म किया था.
- टी20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने भी टीम इंडिया को हराया था और भारत का अभियान वहीं समाप्त हो गया था.
- हालांकि, टी20 विश्व कप 2024 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया. सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराने के बाद फाइनल में साउथ अफ्रीका को मात देकर भारत ने दूसरी बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम की थी.
- अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई है.
इंग्लैंड के खिलाफ क्या कहते हैं रिकॉर्ड?
हालांकि, इस टूर्नामेंट के इतिहास में भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक जीत नहीं मिली है. दोनों टीमों के बीच टी20 वर्ल्ड कप में कुल तीन मुकाबले खेले गए हैं और तीनों में जीत न्यूजीलैंड के हिस्से आई है.
लेकिन अगर टी20 इंटरनेशनल के कुल रिकॉर्ड की बात करें, तो यहां भारत का पलड़ा न्यूजीलैंड पर भारी नजर आता है. दोनों टीमों के बीच अब तक 30 टी20 मैच खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 16 मुकाबलों में जीत हासिल की है, जबकि न्यूजीलैंड 11 मैच जीतने में सफल रहा है.
तीनों फॉर्मेट को मिलाकर आईसीसी टूर्नामेंटों में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने के मामले में भी टीम इंडिया का प्रदर्शन मजबूत रहा है. भारत ने अब तक 183 मुकाबलों में से 121 मैच जीते हैं. इस सूची में भारत दूसरे स्थान पर है, जबकि ऑस्ट्रेलिया 180 मैचों में 122 जीत के साथ पहले नंबर पर काबिज है.