'तुक्के से बैटिंग करता है अभिषेक शर्मा', पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी ने क्रॉस की लाइन तो भड़के फैंस; सोशल मीडिया पर लगा दी क्लास
पूर्व पाक गेंदबाज़ मोहम्मद आमिर ने अभिषेक शर्मा को 'स्लॉगर' बताया है. सोशल मीडिया पर फैंस का गुस्सा फूट पड़ा जिससे रविवार को होने वाले भारत-पाक मुकाबले से पहले माहौल गर्म हो गया है.;
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज़ मोहम्मद आमिर ने भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा को लेकर ऐसा बयान दे दिया है, जिसने क्रिकेट जगत में नया विवाद खड़ा कर दिया है. पाकिस्तान के टीवी शो ‘हारना मना है’ में चर्चा के दौरान आमिर ने अभिषेक शर्मा को तकनीकी रूप से कमजोर बताते हुए उन्हें सिर्फ एक 'स्लॉगर' करार दे दिया.
आमिर ने कहा, “जितना मैंने उसे देखा है, मुझे ईमानदारी से लगता है कि वह सिर्फ स्लॉगिंग करता है. हर गेंद पर मारने की कोशिश करता है. जिस दिन चल गया तो ठीक है, नहीं तो उसके फेल होने की संभावना ज्यादा रहती है. आठ में से एक पारी ही खेलता है, बाकी में 10, 15, 0 या 20 रन बनाता है. मुझे नहीं लगता कि वह तकनीकी रूप से मजबूत बल्लेबाज़ है.”
क्या सच में ऐसे अभिषेक को किया जा सकता है आउट?
इतना ही नहीं, आमिर ने यह भी सुझाव दे दिया कि अभिषेक को कैसे आउट किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि भारतीय बल्लेबाज़ को शरीर की ओर गेंद डालकर रोका जा सकता है और वह तभी “असली बल्लेबाज़” कहलाएगा जब स्विंग होती गेंदों को अच्छे से खेल पाएगा.
आमिर ने आगे कहा, “वह वहीं खड़ा रहता है और चाहता है कि गेंद एक खास एरिया में डाली जाए. जिस दिन चल गया, बड़ी पारी खेलेगा और सामने वाली टीम को नुकसान पहुंचा सकता है. लेकिन उसका खेल बहुत हाई-रिस्क है. जब मैं उसे स्विंग होती गेंदों को अच्छे से खेलते देखूंगा, तभी उसे पूरा बल्लेबाज़ मानूंगा.”
सोशल मीडिया पर भड़के फैंस
आमिर की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर भारतीय फैंस का गुस्सा फूट पड़ा. कई यूज़र्स ने इसे अभिषेक शर्मा का अपमान बताया और आमिर पर जानबूझकर दबाव बनाने का आरोप लगाया. फैंस का कहना है कि मौजूदा समय में अभिषेक दुनिया के टॉप टी20 बल्लेबाज़ों में शामिल हैं और उन्हें इस तरह “स्लॉगर” कहना सरासर गलत है.
फिटनेस को लेकर सस्पेंस
फिलहाल अभिषेक शर्मा पूरी तरह फिट नहीं हैं. पेट से जुड़ी समस्या के चलते वह नामीबिया के खिलाफ मैच नहीं खेल पाए थे. अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में वह बीमार हालत में मैदान पर उतरे थे, जिसके बाद उन्हें एक दिन के लिए अस्पताल में भर्ती भी कराना पड़ा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीमारी के कारण उनका करीब 2 किलो वजन भी कम हो गया है. हालांकि, अभी तक उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पूरी तरह बाहर नहीं किया गया है. टीम मैनेजमेंट उनकी फिटनेस पर नजर बनाए हुए है और अंतिम फैसला मैच से पहले लिया जाएगा.
क्या अभिषेक शर्मा बल्ले से देंगे करारा जवाब?
क्रिकेट जानकारों का मानना है कि आमिर की इस बयानबाज़ी से अभिषेक शर्मा पर मानसिक दबाव बनाने की कोशिश की गई है. अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अगर अभिषेक पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरते हैं, तो क्या वह बल्ले से ऐसा जवाब देंगे, जो आमिर की टिप्पणी को गलत साबित कर दे. भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले यह बयानबाज़ी इस हाई-वोल्टेज मैच का माहौल और भी गर्म कर चुकी है. फैंस को अब सिर्फ एक ही इंतज़ार है- क्या अभिषेक शर्मा बल्ले से मोहम्मद आमिर को करारा जवाब देंगे?