IPL 2026: भुवनेश्वर कुमार ने रचा इतिहास, बुमराह भी नहीं कर पाए ये बड़ा कारनामा
आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए थे, लेकिन मैच में पहला विकेट लेने के साथ ही भुवनेश्वर ने आईपीएल में इतिहास रच दिया. भुवी ने आईपीएल में वो कारनामा करके दिखाया है जो जसप्रीत बुमराह भी नहीं कर पाए हैं.
भुवनेश्वर कुमार फाइल फोटो
(Image Source: X/ @CricketCentrl )IPL 2026, RCB vs CSK: आईपीएल 2026 का 11वां मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया. इस मैच में आरसीबी ने सीएसके को 43 रनों से हराकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत हासिल की. जीत के साथ आरसीबी पॉइंट्स टेबल में भी टॉप पर पहुंच गई है.
इस मैच में आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए थे, लेकिन मैच में पहला विकेट लेने के साथ ही भुवनेश्वर ने आईपीएल में इतिहास रच दिया. भुवी ने आईपीएल में वो कारनामा करके दिखाया है जो जसप्रीत बुमराह भी नहीं कर पाए हैं.
क्या है भुवी का कारनामा?
भुवनेश्वर कुमार ने इस मैच में आयुष मात्रे के रूप में अपना पहला विकेट हासिल किया था. आयुष को आउट करने के साथ ही भुवी ने अपने 200 आईपीएल विकेट पूरे किए. इसके साथ भुवनेश्वर कुमार आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं. हालांकि स्पिन गेंदबाज ये कारनामा कर चुका है और वो हैं युजवेंद्र चहल. चहल आईपीएल में सबसे ज्यादा 224 विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. सीएसके के खिलाफ गेंदबाजी करते हुए भुवनेश्वर ने 4 ओवर में 41 रन देकर 3 विकेट हासिल किए.
आरसीबी की लगातार दूसरी जीत
इस मैच में आरसीबी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 250 रन बनाए थे. जिसमें टिम डेविड के 70 नाबाद, कप्तान रजत पाटीदार के नाबाद 48, देवदत्त पड्डिकल के 50, फिल सॉल्ट के 46 और विराट कोहली के 28 रन शामिल रहे.
वहीं सीएसके की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 207 रन ही बना पाई थी. सीएसके की तरफ से सरफराज खान ने 25 गेंदों पर सबसे ज्यादा 50 रनों की पारी खेली थी. इसके अलावा प्रशांत वीर ने 43, जेमी ऑवर्टन ने 16 गेंदों पर 37 रन बनाए थे. सीएसके की ये इस सीजन की लगातार तीसरी हार है.