नहीं टूटा IPL का ये खास रिकॉर्ड, कहानी 9 अलग-अलग फ्रेंचाइजी के लिए खेलने वाले खिलाड़ी की
आज हम एक ऐसे खिलाड़ी की बात करने वाले हैं जिसने बल्ले या गेंद से नहीं बल्कि आईपीएल में टीमें बदलकर ऐसा रिकॉर्ड बनाया है जो आज तक नहीं टूटा है.
आईपीएल में एरोन फिंच
IPL 2026: दुनिया की सबसे महंगी क्रिकेट लीग आईपीएल के 19वें सीजन का 28 मार्च को शानदार आगाज हो चुका है. अब 2 महीने तक क्रिकेट फैंस को आईपीएल 2026 में एक से बढ़कर एक मैच, रिकॉर्ड्स और मूमेंट्स देखने को मिलने वाले हैं. जिनको आने वाले सालों में याद रखा जाएगा. वैसे तो आईपीएल के हर सीजन में कोई न कोई रिकॉर्ड बनते हैं, लेकिन कुछ रिकॉर्ड्स ऐसे होते हैं जो लंबे समय तक बन रहते हैं और उनको तोड़ पाना भी उतना आसान नहीं होता है.
वैसे तो खिलाड़ी ज्यादातर रिकॉर्ड्स बल्लेबाजी, गेंदबाजी या कैच लेकर बनाते हैं लेकिन आज हम एक ऐसे खिलाड़ी की बात करने वाले हैं जिसने बल्ले या गेंद से नहीं बल्कि आईपीएल में टीमें बदलकर ऐसा रिकॉर्ड बनाया है जो आज तक नहीं टूटा है. यानी आईपीएल इतिहास में इस खिलाड़ी से ज्यादा जितनी टीमें किसी और भारतीय या विदेशी खिलाड़ी ने नहीं बदली हैं.
कौन हैं वो खिलाड़ी?
आईपीएल में सबसे ज्यादा टीम बदलने वाले खिलाड़ी की हम बात कर रहे हैं वो पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज एरोन फिंच हैं. उनके नाम ही आईपीएल में सबसे ज्यादा टीमें बदलने का रिकॉर्ड हैं. साल 2022 में फिंच ने अपना आखिरी आईपीएल मुकाबला खेला था. इसके बाद फिंच ने क्रिकेट से संन्यास ले लिया था.
कब किया था IPL डेब्यू?
एरोन फिंच ने साल 2010 में अपना आईपीएल डेब्यू किया था. उस साल ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने फिंच को 13.80 लाख रुपये की कीमत पर खरीदा था. अपना डेब्यू मैच फिंच ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेला था. वैसे तो फिंच को ऑस्ट्रेलिया के लिए या बाकी टीमों के लिए ज्यादातर ओपनिंग करते हुए देखा गया है, लेकिन डेब्यू मैच में इस खिलाड़ी को नंबर-8 पर बल्लेबाजी करते हुए देखा गया था. इस मैच में फिंच ने 21 गेंदों पर 21 रनों की पारी खेली थी.
X/ @IPL
किन-किन टीमों के लिए खेले फिंच?
1. राजस्थान रॉयल्स- (2010)
2. दिल्ली डेयरडेविल्स- (2011-12)
3. पुणे वॉरियर्स- (2013)
4. सनराइजर्स हैदराबाद- (2014)
5. मुंबई इंडियंस- (2015)
6. गुजरात लायंस- (2016-17)
7. पंजाब किंग्स- (2018)
8. आरसीबी- (2020)
9. केकेआर- (2022)
किस सीजन मिले थे ज्यादा पैसे?
साल 2018 में फिंच को पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए देखा गया था. उस सीजन पंजाब किंग्स ने इस खिलाड़ी को 6.20 करोड़ रुपये में खरीदा था.
X/ @IPL
किस सीजन बनाए थे ज्यादा रन?
एरोन फिंच ने साल 2013 के आईपीएल में पुणे वॉरियर्स की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाए थे. ये सीजन उनके लिए कमाल का रहा था, जिसमें उन्होंने 14 पारियों में 456 रन बनाए थे. इस दौरान फिंच के बल्ले से 4 अर्धशतक निकले थे. इसके अलावा उन्होंने 54 चौके और 16 छक्के लगाए थे.
कैसा रहा था आखिरी मैच में प्रदर्शन?
एरोन फिंच ने अपना आखिरी मुकाबला साल 2022 के आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेला था. मैच में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था. फिंच के बल्ले से उनके आखिरी आईपीएल मैच में 14 गेंदों पर 14 रन ही निकले थे. इस मैच में केकेआर को 75 रनों से हार का सामना करना पड़ा था.
X/ @ESPNcricinfo
कैसा रहा IPL में प्रदर्शन?
एरोन फिंच ने अपने 12 साल के आईपीएल करियर में 9 टीमों के तरफ से कुल 92 मैच खेले थे. इस दौरान 90 मैचों में बल्लेबाजी करते हुए फिंच ने 2091 रन बनाए थे, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 128.21 का रहा था. इसके अलावा उनके बल्ले से 15 अर्धशतक निकले थे. वहीं आईपीएल करियर में फिंच ने 214 चौके और 78 छक्के लगाए थे.