Chaitra Navratri 2026: नवरात्रि व्रत में खाली पेट न खाएं ये चीजें, बिगड़ सकती है सेहत
नवरात्रि व्रत के दौरान खाली पेट कुछ चीजों का सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है. गलत खानपान की वजह से एसिडिटी, कमजोरी और पाचन संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं, इसलिए व्रत में सही डाइट का ध्यान रखना बेहद जरूरी है.
नवरात्रि के व्रत में लोग पूरे दिन व्रत रखते हैं और शरीर को डिटॉक्स करने के साथ मन को भी शांत रखने की कोशिश करते हैं. लेकिन व्रत के दौरान क्या खाना है, जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी यह जानना भी है कि खाली पेट क्या नहीं खाना चाहिए. कई बार लोग अनजाने में ऐसी चीजें खा लेते हैं, जो पेट और सेहत दोनों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती हैं.
खासतौर पर खाली पेट कुछ चीजें खाने से एसिडिटी से लेकर चक्कर जैसी समस्याएं हो सकती हैं. ऐसे में अगर आप नवरात्रि व्रत रख रहे हैं, तो इन 4 चीजों से दूरी बनाकर रखना बेहतर होगा.
खाली पेट चाय क्यों नहीं पीनी चाहिए?
व्रत के दौरान कई लोग सुबह उठते ही चाय पी लेते हैं, लेकिन यह आदत नुकसानदायक हो सकती है. खाली पेट चाय पीने से पेट में एसिड बनने लगता है, जिससे गैस, जलन और एसिडिटी की समस्या बढ़ जाती है. इसके अलावा, चाय में मौजूद कैफीन शरीर को डिहाइड्रेट भी कर सकता है, जिससे कमजोरी महसूस हो सकती है. इसलिए व्रत में चाय लेने से पहले कुछ हल्का जरूर खाएं.
व्रत में खाली पेट क्या न खाएं?
व्रत में तली-भुनी चीजें जैसे साबूदाना वड़ा या चिप्स खाने का मन करता है, लेकिन इन्हें खाली पेट खाने से बचना चाहिए. ऑयली फूड पचने में समय लेते हैं और इससे पेट भारी महसूस हो सकता है. इससे गैस, अपच और सुस्ती जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं. बेहतर है कि व्रत में हल्का और संतुलित भोजन ही लिया जाए.
खाली पेट मीठा खाने से क्या होता है?
खाली पेट ज्यादा मीठा खाने से शरीर में शुगर लेवल तेजी से बढ़ता है और फिर अचानक गिर जाता है. इससे चक्कर, थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है. व्रत में मिठाई या ज्यादा शक्कर वाली चीजें लेने से पहले कुछ फल या हल्का आहार लेना ज्यादा सुरक्षित होता है.
व्रत में इस फल को खाने से बचें
केला हेल्दी फल माना जाता है, लेकिन व्रत के दिन इसे खाली पेट खाना हर किसी के लिए सही नहीं होता. इसमें मैग्नीशियम की मात्रा अधिक होती है, जो खाली पेट लेने पर शरीर के मिनरल बैलेंस को प्रभावित कर सकता है. इसके अलावा, कुछ लोगों को इससे पेट भारी लगना या गैस की समस्या भी हो सकती है. नवरात्रि व्रत के दौरान सही खानपान रखना बेहद जरूरी है. खाली पेट गलत चीजें खाने से फायदा मिलने के बजाय सेहत बिगड़ सकती है. ऐसे में हल्का, हेल्दी और बैलेंस डाइट लें, ताकि व्रत के दौरान शरीर हेल्दी और एनर्जेटिक बना रहे.