जगह सेफ है या नहीं, तुरंत चलेगा पता! बिना इंटरनेट के भी चलते हैं ये Safety Apps, आज ही करें इंस्टॉल
किसी नई जगह पर जाते समय सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि आसपास का माहौल सुरक्षित है या नहीं. ऐसे में कुछ खास सेफ्टी ऐप्स आपकी बड़ी मदद कर सकते हैं, जो बिना इंटरनेट के भी काम करते हैं और जरूरत पड़ते ही तुरंत अलर्ट भेज देते हैं.;
राजधानी में आए दिन लापता होने, पीछा किए जाने या अचानक मुसीबत में फंसने जैसी घटनाएं लोगों की चिंता बढ़ा रही हैं. खासकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवारों की बेचैनी समझी जा सकती है. ऐसे समय में सिर्फ सतर्क रहना काफी नहीं, टेक्नोलॉजी का सहारा लेना भी बेहद जरूरी हो गया है. आपके स्मार्टफोन में मौजूद एक छोटा-सा ऐप मुश्किल घड़ी में बड़ी मदद साबित हो सकता है.
आज कई ऐसे सेफ्टी एप्लिकेशन मौजूद हैं जो इमरजेंसी में तुरंत लोकेशन, ऑडियो-वीडियो और अलर्ट आपके अपनों या सुरक्षा एजेंसियों तक पहुंचा देते हैं. आइए जानते हैं कुछ ऐसे ऐप्स के बारे में, जिन्हें फोन में इंस्टॉल करने से आपकी जान बच सकती है.
Smart24*7
smart24x7 इस प्लेटफॉर्म के जरिए आप इमरजेंसी में अपने परिवार या दोस्तों से तुरंत संपर्क कर सकते हैं. जरूरत पड़ने पर सपोर्ट सेंटर से भी हेल्प ली जा सकती है. अलर्ट फीचर तेजी से सूचना पहुंचाने में मदद करता है.
Shake2Safety
मान लीजिए नेटवर्क नहीं है या फोन खोलने का समय नहीं, तब Shake2Safety ऐप काम आता है. मोबाइल को हिलाते ही या पावर बटन को कई बार दबाते ही चुने हुए नंबरों पर एसओएस मैसेज या कॉल चला जाता है. लॉक स्क्रीन पर भी यह फीचर एक्टिव रह सकता है.
112 इंडिया
सरकार के इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम से जुड़ा यह 112 इंडिया प्लेटफॉर्म परेशानी के समय तुरंत हेल्प मांगने का आसान तरीका देता है. बस एक SOS दबाते ही कंट्रोल रूम, पुलिस और आपके चुने हुए कॉन्टैक्ट तक सूचना पहुंच जाती है. अगर बोलना मुमकिन न हो, तब भी अलर्ट भेजा जा सकता है. यह ऐप तेज रिस्पॉन्स के लिए डिजाइन किया गया है.
My Safetipin
कई बार परेशानी से बचने का सबसे अच्छा तरीका है पहले से जानकारी होना. यह ऐप आसपास के इलाके को सेफ या अनसेफ के रूप में रेट करता है. अगर आप जोखिम वाले क्षेत्र में पहुंचते हैं, तो आपके रजिस्टर्ड कॉन्टैक्ट्स को जानकारी भेजी जा सकती है. इसके जरिए नजदीकी पुलिस स्टेशन या अस्पताल ढूंढना भी आसान हो जाता है.
bSafe
यह एप सिर्फ मदद बुलाने तक सीमित नहीं रहता. इसमें आवाज से एक्टिव होने, लाइव वीडियो दिखाने और रिकॉर्डिंग जैसी सुविधाएं मिलती हैं. खतरा महसूस होते ही आपके भरोसेमंद लोगों को मैसेज के साथ लोकेशन मिल जाती है. साथ ही कैमरा और माइक्रोफोन अपने आप चालू होकर स्थिति रिकॉर्ड करना शुरू कर सकते हैं.
मुसीबत बताकर नहीं आती, लेकिन तैयारी हमें मजबूत बनाती है. सही ऐप्स पहले से इंस्टॉल और सेट करके रखना किसी भी अनहोनी में कीमती समय बचा सकता है. जागरूक रहना ही सबसे बड़ा बचाव है.