Sonia Gandhi First Child Story: सोनिया गांधी की निजी जिंदगी को बहुत कम लोग करीब से जानते हैं. लेकिन अब उनकी पुस्तक'Belonging: A Journey of Love' ने उनसे जुूड़ी की अनछुए और दर्द भरे पहलुओं को सबके सामने खोलकर रख दिया है. इस पुस्तक के जरिए उनकी एक ऐसी कहानी सामने आई है, जो उनके राजनीतिक सफर से बिल्कुल अलग है. एक पत्नी, एक बहू और पहली बार मां बनने जा रही महिला के रूप में उन्होंने जिस खुशी का सपना देखा था, वह कुछ ही घंटों में बिखर गया. जिस बच्चे के आने की तैयारी में पूरा गांधी परिवार खुशियां मना रहा था, उसे सोनिया जन्म के अगले ही दिन खो बैठीं. यह सदमा सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि राजीव गांधी के लिए भी जिंदगी का सबसे मुश्किल दौर बन गया था.

सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब 'Belonging: A Journey of Love' में इस दर्द को शब्दों में बयां किया है. उन्होंने बताया है कि बेटे की मौत के बाद अस्पताल में क्या हुआ, इंदिरा गांधी किस तरह उनके पास पहुंचीं और आखिर परिवार ने नवजात का अंतिम संस्कार किस तरह किया.

पहली बार मां बनने वाली थीं सोनिया, इंदिरा गांधी ने कैसे जताई खुशी?

सोनिया गांधी ने किताब में बताया है कि सितंबर 1968 में उन्हें पहली बार मां बनने की खबर मिली थी. उनके और राजीव गांधी के लिए यह बेहद खास पल था. परिवार में आने वाले नए सदस्य को लेकर उत्साह था. इंदिरा गांधी भी दादी बनने की खबर सुनकर बेहद खुश हुई थीं.

सोनिया के मुताबिक, आमतौर पर अपनी भावनाएं कम जाहिर करने वाली इंदिरा ने उन्हें गले लगाकर बधाई दी और उनकी सेहत का ध्यान रखने लगीं. इंदिरा उन्हें समय पर भोजन करने, आराम करने और नियमित टहलने की सलाह देती थीं. सोनिया के लिए यह जिंदगी का नया अनुभव था. उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि जिस मातृत्व की शुरुआत इतनी खुशियों के साथ हुई है, उसका पहला अध्याय इतना दर्दनाक होने वाला है.

सातवें महीने में ऐसा क्या हुआ कि अस्पताल पहुंच गईं सोनिया?

गर्भावस्था के सातवें महीने में अचानक सोनिया की तबीयत बिगड़ने लगी. उन्हें पेट में दर्द और बेचैनी महसूस हुई. शुरुआत में स्थिति को संभालने की कोशिश की गई, लेकिन परेशानी बढ़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा.

18 जनवरी 1969 को सोनिया ने एक बेटे को जन्म दिया. बच्चा समय से पहले पैदा हुआ था, इसलिए डॉक्टरों ने उसे इनक्यूबेटर में रखा. सोनिया ने किताब में उस पल को याद करते हुए बताया कि उन्होंने अपने बच्चे की पहली आवाज सुनी थी.

राजीव गांधी भी बेटे को देखने पहुंचे. बच्चे को देखकर दोनों बेहद भावुक हो गए थे. उसके नन्हे हाथ-पैर और चेहरे को देखकर उन्हें लगा कि उनकी जिंदगी में सबसे खूबसूरत खुशी आ गई है. लेकिन डॉक्टरों की चिंता ने इस खुशी के बीच अनजाने डर को भी जगह दे दी थी.

सुबह ऐसी कौन सी खबर मिली कि सोनिया की दुनिया उजड़ गई?

बेटे के जन्म के अगले दिन सुबह करीब 6:30 बजे सोनिया को बताया गया कि उनका नवजात बच्चा अब इस दुनिया में नहीं रहा. कुछ घंटे पहले जिस बच्चे को उन्होंने जन्म दिया था, उसकी मौत की खबर ने उन्हें अंदर तक हिला दिया.

सोनिया ने लिखा कि उन्हें इस बात पर यकीन ही नहीं हो रहा था. वह बार-बार जानना चाहती थीं कि आखिर ऐसा कैसे हो गया. उनके लिए यह समझ पाना मुश्किल था कि जिस बच्चे को उन्होंने अभी अपनी आंखों से देखा था, वह अब उनके पास नहीं है.

तब

इस दुख में राजीव गांधी भी पूरी तरह टूट गए थे. सोनिया के मुताबिक, दोनों एक-दूसरे को थामकर रोते रहे. राजीव आमतौर पर अपनी भावनाएं जाहिर नहीं करते थे, लेकिन उस दिन वह भी अपने आंसू नहीं रोक सके और फूट फूटकर रोए थे. पहली बार माता-पिता बने इस जोड़े के लिए यह ऐसा खालीपन था, जिसे शब्दों में बयां करना आसान नहीं था.

पोते की मौत की खबर सुनते ही इंदिरा गांधी ने क्या किया?

पोते की मौत की जानकारी मिलते ही इंदिरा गांधी ने अपना सरकारी दौरा बीच में छोड़ दिया और अस्पताल पहुंच गईं. सोनिया ने किताब में लिखा है कि इंदिरा ने उन्हें और राजीव को गले लगाया. उस समय वह खुद भी बेहद दुखी थीं. उनकी आंखें सूजी हुई थीं, लेकिन उन्होंने अपनी बहू और बेटे को संभालने की कोशिश की.

संजय गांधी भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने सोनिया का ध्यान दुख से हटाने के लिए उनसे बातें कीं और मजेदार किस्से सुनाए. परिवार के सदस्यों ने अपनी तरफ से दोनों को इस मुश्किल घड़ी में अकेला महसूस नहीं होने दिया.

बेटे के अंतिम संस्कार के लिए सोनिया ने क्यों चुना अलग रास्ता?

बच्चे की मौत के बाद अंतिम संस्कार को लेकर भी परिवार के सामने सवाल था. राजीव ने सोनिया को हिंदू परंपरा के अनुसार नवजात के अंतिम संस्कार की जानकारी दी थी. लेकिन सोनिया अपने बच्चे को नदी में विसर्जित करने के विचार से सहमत नहीं थीं.

वह चाहती थीं कि उनके बच्चे को एक जगह पर दफनाया जाए. आखिरकार परिवार ने उनकी इच्छा का सम्मान किया. राजीव और संजय गांधी ने मेहरौली स्थित परिवार के फार्महाउस में गुलाबी बोगनवेलिया के पौधे के नीचे बच्चे को दफनाया.

सोनिया ने बताया कि यह जगह उनके और राजीव के लिए हमेशा खास बनी रही. दोनों बाद में भी वहां जाते और फूल चढ़ाते थे. उनके लिए वह सिर्फ एक पौधा नहीं, बल्कि उस बच्चे की आखिरी निशानी था, जिसे वे अपनी जिंदगी में बहुत कम समय के लिए पा सके थे.

क्या बेटे को खोने के बाद खुद को दोष देने लगी थीं सोनिया गांधी?

इस घटना ने सोनिया के मन पर गहरा असर छोड़ा. उन्होंने किताब में बताया कि कई महीनों तक वह खुद को ही इस दुख का जिम्मेदार मानती रहीं. उन्हें लगता था कि शायद गर्भावस्था के दौरान खानपान या व्यायाम को लेकर उनसे कोई गलती हुई होगी.

हालांकि, बच्चे की मौत के लिए खुद को जिम्मेदार मानने का कोई चिकित्सकीय आधार नहीं था. इसके बावजूद एक मां के मन में उठने वाले सवाल और अपराधबोध उन्हें लंबे समय तक परेशान करते रहे. राजीव गांधी ने इस मुश्किल दौर में उनका साथ दिया और दोनों ने धीरे-धीरे इस सदमे से बाहर आने की कोशिश की.

राहुल गांधी के जन्म से कैसे लौटी सोनिया की जिंदगी में खुशियां?

पहले बच्चे को खोने के बाद सोनिया और राजीव के जीवन में फिर से उम्मीद की किरण आई. अक्टूबर 1969 में सोनिया को दोबारा गर्भवती होने का पता चला. पिछला अनुभव परिवार के लिए बेहद कठिन रहा था, इसलिए इस बार सभी ज्यादा सतर्क थे.

19 जून 1970 को सोनिया गांधी ने राहुल गांधी को जन्म दिया. परिवार में एक बार फिर खुशियां लौटीं. हालांकि पहले बच्चे को खोने का दर्द उनकी जिंदगी की एक ऐसी याद बन चुका था, जिसे वह कभी भुला नहीं सकती थीं.

सोनिया गांधी की किताब का यह हिस्सा उनके राजनीतिक जीवन से बिल्कुल अलग एक निजी दुनिया की झलक देता है. इसमें सत्ता, चुनाव या राजनीतिक संघर्ष नहीं, बल्कि एक मां का दर्द, पति का साथ और परिवार की संवेदनाएं हैं. जिस घटना को उन्होंने इतने वर्षों तक अपनी निजी यादों में संजोकर रखा, उसे किताब के जरिए साझा कर उन्होंने अपनी जिंदगी का एक बेहद भावुक अध्याय पाठकों के सामने रखा है.