16-18 फरवरी तक उत्तर भारत में बारिश-बर्फबारी, 23 जिलों में घना कोहरा, जानें अपने शहर का हाल

देश में ठंड कम होते ही मौसम ने करवट ले ली है. IMD के अनुसार 16 से 18 फरवरी तक उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है.;

( Image Source:  ANI )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

देश में अब ठंड लगभग खत्म हो चुकी है, और मौसम अब तेजी से बदल रहा है. पहले जहां लोग ठंड से परेशान थे, अब बारिश और कोहरे की वजह से नई मुश्किलें शुरू हो गई हैं. भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 16 फरवरी से 18 फरवरी तक उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश होने वाली है. यह बारिश हल्की से मध्यम स्तर की हो सकती है, और कुछ जगहों पर तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है. इसलिए लोगों को सावधान रहने की जरूरत है, खासकर जो बाहर काम करते हैं या यात्रा करने वाले हैं.

उत्तर भारत के 7 राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर भारत के इन राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है:

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख- 16 और 17 फरवरी को बारिश या बर्फबारी हो सकती है

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड- 17 और 18 फरवरी को पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है

पंजाब, हरियाणा और उत्तर राजस्थान-17 और 18 फरवरी को गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है

उत्तर प्रदेश (खासकर पश्चिमी हिस्सा)- 17 और 18 फरवरी को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा

मध्य प्रदेश- 18 और 19 फरवरी को हल्की बारिश की संभावना।

ये बदलाव एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की वजह से हो रहा है, जो पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश ला रहा है. किसानों, खेतों में काम करने वालों और यात्रियों को विशेष सतर्क रहना चाहिए, क्योंकि बिजली गिरने से खतरा हो सकता है. 

23 जिलों में घना कोहरा, सुबह वाहन चलाना मुश्किल

ठंड कम होने के बावजूद सुबह के समय घना कोहरा अभी भी परेशान कर रहा है. विजिबिलिटी बहुत कम होने से वाहन चालकों को सावधानी बरतनी होगी. प्रभावित जिलों में शामिल हैं:

उत्तर प्रदेश- आगरा, ओरैया, अयोध्या, बदायूं, बागपत, बलिया, बलरामपुर, गोरखपुर, हमीरपुर, झांसी, जालौन, कानपुर, लखनऊ आदि.

हरियाणा- गुरुग्राम, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, हिसार, रोहतक, करनाल.

पंजाब- अमृतसर, पटियाला, फिरोजपुर, गुरदासपुर, कपूरथला, लुधियाना, मोगा, पठानकोट.

हिमाचल प्रदेश- कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, मंडी, हमीरपुर, ऊना, सिरमौर, किन्नौर. सुबह जल्दी यात्रा करने वाले लोग हेडलाइट्स का इस्तेमाल करें, धीमी गति से चलाएं और कोहरे में सावधानी रखें.

दिल्ली का मौसम

दिल्ली में 16 फरवरी को मौसम साफ रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं है. सुबह हल्का से मध्यम कोहरा हो सकता है, जिससे ठंड का एहसास होगा. बच्चों और बुजुर्गों को गर्म कपड़े पहनने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह है. अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस. आने वाले दिनों में तापमान 2-3 डिग्री और बढ़ सकता है, और AQI में सुधार होने से हवा साफ रहेगी.

उत्तर प्रदेश और बिहार 

पश्चिमी उत्तर प्रदेश (जैसे मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, शामली, मुरादाबाद, अमरोहा, बुलंदशहर) में 17 और 18 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है. किसान भाइयों को खेतों में काम करते समय सावधानी बरतनी चाहिए. बिहार में अभी बारिश की कोई संभावना नहीं है. लेकिन मिथिलांचल और सीमांचल इलाकों (मधुबनी, दरभंगा, पूर्णिया, सहरसा, अररिया, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर) में मध्यम से घना कोहरा रहेगा. यात्रा करते समय सावधानी रखें. पटना, गया, जहानाबाद में सुबह ठंड महसूस होगी.

उत्तराखंड का मौसम 

उत्तराखंड में 17 और 18 फरवरी को मौसम बिगड़ेगा. चमोली, रुद्र प्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, उधमसिंह नगर जैसे जिलों में बारिश या बर्फबारी हो सकती है. पहाड़ी इलाकों में जाने वाले लोग पहले मौसम अपडेट जरूर चेक करें, क्योंकि रास्ते फिसलन भरे हो सकते हैं. 

Similar News