Aaj ki Taaza Khabar: अहमदाबाद के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ‘भारत को खालिस्तान बनाने’ की कही बात
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. सोमवार 16 फरवरी 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.;
AI नौकरी छीनने वाला खतरा भी है और करियर बनाने का मौका भी: संजीव भिखचंदानी
AI Summit पर InfoEdge के संस्थापक संजीव भिखचंदानी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक साथ खतरा भी है और अवसर भी. उन्होंने माना कि कुछ नौकरियां खत्म होंगी, लेकिन बड़ी संख्या में नई नौकरियां भी पैदा होंगी. Info Edge के संस्थापक के मुताबिक आगे बढ़ने का रास्ता यही है कि लोग खुद को अपस्किल करें और AI प्लेटफॉर्म्स सीखें. उन्होंने कहा कि भारत में AI Summit का आयोजन होना बेहद अहम है क्योंकि इससे इस उभरती तकनीक पर फोकस बढ़ता है, जो भविष्य की सबसे बड़ी ताकत बनने जा रही है.
जुबिन गर्ग की मौत मामले पर बोले देवव्रत सैकिया, 'मामला कोर्ट में है, चुनावी मुद्दा नहीं… फास्ट-ट्रैक ट्रायल की मांग'
असम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता देवव्रत सैकिया ने सिंगर जुबिन गर्ग की मौत मामले पर कहा कि यह मामला कोर्ट में है और इसे चुनाव से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद है कि मौजूदा जज इस मामले को गंभीरता से सुनेंगे और इसे खारिज नहीं करेंगे. पीड़ित परिवार फास्ट-ट्रैक ट्रायल चाहता है और हम भी यही मांग कर रहे हैं.”
अहमदाबाद के कई स्कूलों को ईमेल से बम धमकी, ‘भारत को खालिस्तान बनाने’ की कही बात
अहमदाबाद में कई स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है. जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि धमकी भरे मेल में “भारत को खालिस्तान बनाने” का उल्लेख भी किया गया है. सूचना मिलते ही पुलिस और बम स्क्वॉड को अलर्ट कर दिया गया, स्कूल परिसरों की जांच की जा रही है और साइबर टीम मेल की स्रोत से जांच कर रही है.
असम विधानसभा का बजट सत्र आज से
गुवाहाटी में असम विधानसभा के बजट सत्र पर मंत्री नंदिता गार्लोसा ने कहा कि आज से इस कार्यकाल का अंतिम सत्र शुरू हो रहा है. उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में इस सदन में कई अहम फैसले लिए गए हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस अंतिम सत्र में भी वही फैसले होंगे, जिनकी अपेक्षा राज्य की जनता कर रही है.
Bill Gates आंध्र प्रदेश पहुंचे, अमरावती आगमन पर मंत्री नारा लोकेश ने किया स्वागत
गेट्स फाउंडेशन के चेयरमैन बिल गेट्स आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती पहुंचे. उनके आगमन पर राज्य के मंत्री नारा लोकेश ने गन्नवरम एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया. बताया जा रहा है कि इस दौरे के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा और तकनीकी सहयोग से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है. गेट्स फाउंडेशन पहले से ही भारत में कई सामाजिक विकास परियोजनाओं पर काम कर रहा है और यह यात्रा आंध्र प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
17 फरवरी को मुंबई जाएंगे पीएम मोदी, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से होगी मुलाकात
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 फरवरी 2026 को मुंबई का दौरा करेंगे. इस दौरान उनकी मुलाकात फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से होगी. यह बैठक भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है. दोनों नेताओं के बीच रक्षा सहयोग, तकनीकी साझेदारी और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. इस मुलाकात को भारत–फ्रांस रिश्तों में एक नए अध्याय के तौर पर देखा जा रहा है.
India AI Impact Summit पर दुनिया की नजर, युवाओं की ताकत का सबूत : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने India AI Impact Summit को लेकर ट्वीट करते हुए कहा कि यह भारत के लिए गर्व का विषय है कि दुनिया भर से लोग इस आयोजन में हिस्सा लेने आ रहे हैं. उन्होंने इसे देश के युवाओं की प्रतिभा और क्षमता का प्रमाण बताया. पीएम मोदी ने कहा कि यह अवसर इस बात का संकेत है कि भारत विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और वैश्विक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है. उनके मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे उभरते क्षेत्रों में भारत की बढ़ती भूमिका अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की साख को और मजबूत कर रही है.
अनीता आनंद और एस जयशंकर की म्यूनिख में मुलाकात, ऊर्जा-तकनीक-व्यापार सहयोग पर सहमति
कनाडा सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, विदेश मंत्री अनीता आनंद ने जर्मनी में आयोजित म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस के दौरान भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की. यह सितंबर 2025 के बाद दोनों मंत्रियों की पांचवीं बैठक है, जो कनाडा और भात के रिश्तों में बढ़ती सक्रियता को दर्शाती है. बैठक में ऊर्जा, तकनीक और व्यापार जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई. कनाडा की विदेश मंत्री ने भारत को दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक बताते हुए उसे एक महत्वपूर्ण साझेदार करार दिया. दोनों पक्षों ने माना कि तकनीकी सहयोग और कारोबारी साझेदारी से उद्योगों और कामगारों को बड़ा फायदा हो सकता है.
India AI Impact Summit 2026 की शुरुआत
नई दिल्ली में आज से India AI Impact Summit 2026 की शुरुआत हो रही है. जिसमें कई देशों के राष्ट्रपति से लेकर पीएम और बड़ी-बड़ी कंपनियों के CEO शामिल होने वाले हैं.