आंधी-तूफान के साथ यूपी,पंजाब में खूब हुई बारिश, 7-8 अप्रैल को बिगड़ेगा मौसम, IMD की चेतावनी

उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने हालात बिगाड़ दिए हैं. IMD ने 7 और 8 अप्रैल को मौसम के और ज्यादा खतरनाक होने की चेतावनी जारी की है.

5 April Weather Update(Image Source:  ANI )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

उत्तर भारत के कई राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, बिहार और आसपास के इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश हुई है. कई जगहों पर काफी देर तक ओले भी गिरे, जिससे किसानों की खड़ी फसल को बहुत नुकसान पहुंचा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि का यह सिलसिला अभी कुछ दिन और जारी रहेगा. खासकर 7 और 8 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ का असर सबसे ज्यादा रहेगा. आज 5 अप्रैल (रविवार) को विभिन्न राज्यों में मौसम कैसा रहेगा:

दिल्ली में आज मौसम

शनिवार को दिल्ली में आंधी और बारिश ने काफी तबाही मचाई थी. मौसम विभाग के अनुसार 4 से 7 अप्रैल तक मौसम लगातार बदलता रहेगा। आज शाम के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. साथ में तेज हवाएं भी चलेंगी, जिनकी रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. 

उत्तर प्रदेश में आज मौसम

शनिवार को उत्तर प्रदेश में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिसकी वजह से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है. मौसम विभाग का कहना है कि 7 और 8 अप्रैल को फिर से मौसम सक्रिय हो जाएगा. कुछ इलाकों में ओले गिर सकते हैं और हवाएं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. 

बिहार में आज मौसम

IMD के अनुसार बिहार में 5, 6 और 9 अप्रैल को गरज-चमक के साथ अच्छी खासी बारिश हो सकती है. जबकि 7 और 8 अप्रैल को आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. इस दौरान हवाएं करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से चलेंगी. 

मध्य प्रदेश में मौसम

शनिवार को मध्य प्रदेश के कई जिलों में अचानक मौसम बदल गया. भारी बारिश और ओलावृष्टि ने खासकर ग्वालियर समेत कई इलाकों में काफी नुकसान पहुंचाया. मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने बताया कि यह सब पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हुआ है. 5 अप्रैल तक कई जगहों पर तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि के साथ 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है. 

उत्तराखंड में आज मौसम 

आज 5 अप्रैल को उत्तराखंड का पूरा मौसम खराब रहने वाला है. राज्य के ऊंचे पहाड़ी जिलों जैसे उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 3300 मीटर से ऊपर वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है. हवाओं के साथ बारिश होने से पूरे दिन ठंड महसूस होगी. 

Similar News