इंस्टाग्राम पर हर दूसरी वीडियो में दिखने वाले इस लड़के के बारे में कितना जानते हैं आप? 6 सेकंड की क्लिप ने किया था वायरल

इंटरनेट पर जिस लड़के की अनोखी हंसी ने लाखों लोगों का दिल जीत लिया है, वह हैं तेलंगाना के रहने वाले अरुण कुमार. महज 6 सेकंड के एक वीडियो ने उनकी जिंदगी की दिशा ही बदल दी.

Instagram viral laugh Arun Kumar

(Image Source:  X/ @Ldphobiawatch )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

सोशल मीडिया की दुनिया में कब कौन सितारा बन जाए, यह कोई नहीं जानता. कई बार कोई ऐसा चेहरा सामने आता है जिसको आप पहली बार देख रहे होते हैं और फिर वो रातोंरात वायरल होकर हर किसी की फीड में आने लगता है. अक्सर इंस्टाग्राम पर हंसी मजाक वाली वीडियो में एक लड़का दिखता है. काफी लंबे समय से हर कोई इस लड़के को ऐसी मजेदार वीडियो में देखता आ रहा है जिसकी चाय पीते हुए अचानक हंसते हुए की झल्की देखने को मिलती है.

हालांकि उस 6 सेकंड के वीडियो के बाद ये लड़का सोशल पर वायरल तो हो गया लेकिन उसके बाद लड़के की कोई दूसरी वीडियो देखने को नहीं मिली. हालांकि हर कोई जानना चाहता है कि आखिर सोशल पर इतना वायरल ये लड़का है कौन और क्या इसका नाम है? आज आपके ऐसे ही कुछ सवालों के जवाब हम आपको देने वाले हैं.

कौन है ये वायरल लड़का?

इंटरनेट पर जिस लड़के की अनोखी हंसी ने लाखों लोगों का दिल जीत लिया है, वह हैं तेलंगाना के रहने वाले अरुण कुमार. महज 6 सेकंड के एक वीडियो ने उनकी जिंदगी की दिशा ही बदल दी और गरीबी से जूझ रहे एक ट्रक क्लीनर को नई पहचान दे दी. अरुण की कहानी सिर्फ वायरल होने की नहीं, बल्कि संघर्ष से सफलता की ओर बढ़ते कदमों की मिसाल है. बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले अरुण ने कभी नहीं सोचा था कि उनकी एक सहज हंसी उन्हें दोबारा स्कूल की चौखट तक पहुंचा देगी.

कैसे हुई थी हंसी वायरल?

तेलंगाना के एक छोटे से गांव में पले-बढ़े अरुण कुमार ने गरीबी के कारण पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी. घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते उन्हें ट्रक में क्लीनर का काम करना पड़ा. एक दिन चाय की दुकान पर बैठे अरुण से उनके मालिक ने मजाक में कुछ कहा. उस पल उनकी जो अजीब और दिलचस्प हंसी निकली, उसे मालिक ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया. यह वीडियो महज 6 सेकंड का था, लेकिन किस्मत का दरवाजा खोलने के लिए इतना ही काफी साबित हुआ.

मालिक ने वह छोटा सा वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया. किसी ने नहीं सोचा था कि अरुण की वह अनोखी हंसी इतनी तेजी से वायरल हो जाएगी. देखते ही देखते वीडियो हजारों से लाखों व्यूज तक पहुंच गया. सोशल मीडिया पर लोग उनकी मासूमियत और सादगी के कायल हो गए. उनकी पहचान आसपास के गांवों से निकलकर दूर-दराज तक फैल गई.

क्या फिर स्कूल जाते हैं अरुण?

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने अरुण की आर्थिक स्थिति को समझते हुए मदद का हाथ बढ़ाया. समाज के सहयोग से अरुण ने दोबारा स्कूल जाना शुरू कर दिया. आज उनका सपना है कि वह अपनी पढ़ाई पूरी कर ग्रेजुएशन करें और एक बेहतर भविष्य बनाएं.

Similar News