Aaj ki Taaza Khabar: बहरीन में एक होटल और 2 इमारत से टकराई ईरानी मिसाइल
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. शुक्रवार 06 मार्च 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.
ईरान के अगले सुप्रीम लीडर पर ट्रंप की नजर! बोले - अमेरिका की भी होगी भूमिका, खामेनेई के बेटे को बताया ‘कमज़ोर’
Donald Trump ने कहा है कि ईरान के अगले सुप्रीम लीडर के चयन में अमेरिका की भूमिका होनी चाहिए. उन्होंने संभावित उत्तराधिकारी Mojtaba Khamenei (खामेनेई के बेटे) को “लाइटवेट” बताते हुए कहा कि वह इस पद के लिए उपयुक्त नहीं हैं. ट्रंप ने कहा कि वे ईरान में ऐसा नेतृत्व चाहते हैं जो शांति और स्थिरता ला सके, और इस प्रक्रिया में अमेरिका की भागीदारी जरूरी है. उन्होंने यह भी कहा कि अगर खामेनेई की नीतियों को आगे बढ़ाने वाला नेता सत्ता में आता है, तो भविष्य में अमेरिका और ईरान के बीच फिर टकराव हो सकता है.
ईरान पर आर्थिक वार की तैयारी! यूएई अरबों डॉलर की संपत्ति फ्रीज़ करने पर कर रहा विचार
मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) अब ईरान के खिलाफ बड़ा आर्थिक कदम उठाने पर विचार कर रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूएई सरकार अपने देश में मौजूद ईरान की अरबों डॉलर की संपत्तियों को फ्रीज़ (जब्त) करने की योजना पर चर्चा कर रही है. बताया जा रहा है कि यह कदम हाल के मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद उठाया जा सकता है, जिनमें ईरान पर यूएई को निशाना बनाने का आरोप है.
72 घंटों में अमेरिका ने ईरान के 200 ठिकानों को किया टारगेट
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने कहा कि पिछले 72 घंटों में अमेरिका ने ईरान के अंदर लगभग 200 ठिकानों पर हमला किया है. इन हमलों से ईरान की मिसाइल और ड्रोन से हमले करने की क्षमता काफी कमजोर हो गई है. उन्होंने यह भी कहा कि अब अमेरिकी सेना ईरान की मिसाइल बनाने वाली फैक्ट्रियों और उसके पूरे मिसाइल उत्पादन ढांचे को खत्म करने की दिशा में काम कर रही है.
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच पेट्रोनॉस ने अबू धाबी-दुबई से कर्मचारियों को अस्थायी रूप से हटाया
मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच मलेशिया की सरकारी ऊर्जा कंपनी Petronas ने बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने सुरक्षा कारणों से अपने अबू धाबी और दुबई स्थित ऑपरेशनों से कुछ कर्मचारियों को अस्थायी रूप से दूसरे स्थानों पर शिफ्ट करना शुरू कर दिया है. कंपनी ने एक बयान में कहा कि क्षेत्र में जारी संघर्ष को देखते हुए यह एहतियाती फैसला लिया गया है. हालांकि यूएई में पेट्रोनास के सभी ऑपरेशन फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए जारी रहेंगे, ताकि कामकाज प्रभावित न हो. पेट्रोनास ने यह भी स्पष्ट किया कि यूएई के बाहर मध्य-पूर्व के अन्य देशों में कंपनी की गतिविधियां सामान्य रूप से चल रही हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि क्षेत्र में बढ़ते सुरक्षा जोखिमों के कारण कई अंतरराष्ट्रीय कंपनियां अपने कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सतर्क कदम उठा रही हैं.
मिसाइल हमलों के बीच यूएई से फ्रांसीसी नागरिकों को लाने जा रही फ्लाइट लौटी वापस
यूएई से फ्रांसीसी नागरिकों को वापस लाने के लिए भेजी गई एक फ्लाइट को गुरुवार को क्षेत्र में जारी मिसाइल हमलों के कारण बीच रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा. फ्रांस के परिवहन मंत्री फिलिप तबारो ने बताया कि फ्रांसीसी सरकार द्वारा चार्टर की गई एयर फ्रांस की यह फ्लाइट सुरक्षा कारणों से आगे नहीं बढ़ सकी. मंत्री के अनुसार, इलाके में बढ़ते तनाव और मिसाइल हमलों की वजह से स्थिति बेहद अस्थिर हो गई है. उन्होंने कहा कि यह घटना दिखाती है कि मौजूदा हालात में नागरिकों को सुरक्षित निकालना कितना जटिल और जोखिम भरा हो गया है.
UAE पर ईरान का हमला: 1 मिसाइल और 6 ड्रोन गिरे, सरकार ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रक्षा मंत्रालय के अनुसार गुरुवार को ईरान की ओर से दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल और छह ड्रोन देश की सीमा के भीतर गिरे. हालांकि एयर डिफेंस सिस्टम ने उसी दिन छह मिसाइलों और 131 ड्रोन को रास्ते में ही मार गिराया. रिपोर्ट के मुताबिक यूएई अधिकारियों ने निजी तौर पर ईरान को चेतावनी दी है कि अगर ऐसे हवाई हमले जारी रहे तो सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस बढ़ते तनाव ने पूरे खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा दिया है.
खामेनेई को मारने की योजना महीनों पहले बनी थी, इज़राइल के रक्षा मंत्री का बड़ा दावा
इज़राइल के रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज़ ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पिछले साल नवंबर में ही ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या का लक्ष्य तय कर लिया था. हिब्रू मीडिया को दिए इंटरव्यू में काट्ज़ ने कहा कि यह योजना हालिया तनाव से कई महीने पहले ही तैयार कर ली गई थी. उन्होंने यह भी बताया कि ईरान में सरकार विरोधी बड़े प्रदर्शनों के कारण इस योजना को लागू करने की समयसीमा बाद में तेज कर दी गई.
लेबनान के बेरूत में धमाके
लेबनान के बेरूत में धमाके हुए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक इज़राइली सेना ने शहर के दक्षिणी इलाकों में हवाई हमले किए हैं. बीते रोज आईडीएफ ने लेबनान के कई गांवों को खाली करने की भी चेतावनी जारी की थी.
कुवैत सेना के 67 मेंबर घायल
कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि ईरान के जरिए अमेरिकी सैन्य ठिकानों वाले खाड़ी देशों में हमले शुरू करने के बाद से अब तक कुवैती सेना के 67 सदस्य घायल हो गए हैं.
सऊदी अरब और बहरीन में ईरान का हमला
सऊदी अरब और बहरीन में ईरान ने हमला किया है. सऊदी ने जहां तीन बैलिस्टिक मिसाइलें रोक ली हैं, वहीं बहरीन में एक होटल और 2 आवासीय इमारत को टारगेट किया गया है. बहरीन की मिनिस्ट्री ऑफ इंटीरियर ने कहा है कि ईरानी हमले ने मनामा में एक होटल और 2 रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया है. किसी की जान नहीं गई. सिविल डिफेंस ने 2 इमारतों में से 1 के एक फ्लैट में लगी आग बुझाई.