कहीं लड़के बनते हैं लड़कियां, तो कहीं निभाई जाती है कपड़ा फाड़ परंपरा, देखें भारत के 5 अनोखी होली के वीडियो

होली का त्योहार पूरे भारत में अलग-अलग अंदाज और अनोखी परंपराओं के साथ मनाया जाता है. कहीं लड़के लड़कियां बनकर जश्न मनाते हैं, तो कहीं कपड़ा फाड़ होली की मस्ती देखने को मिलती है.

( Image Source:  instagram-@jaipurdotcom and X-@shashankjournal )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 5 March 2026 2:34 PM IST

भारत में होली सिर्फ रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह अलग-अलग परंपराओं और अनोखे रीति-रिवाजों का भी उत्सव है. देश के कई शहरों में होली ऐसे खास अंदाज में मनाई जाती है, जिसे देखकर लोग हैरान रह जाते हैं. कहीं लट्ठ से होली खेली जाती है, तो कहीं लोग कपड़े फाड़कर जश्न मनाते हैं.

हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भारत के अलग-अलग शहरों की अनोखी होली की झलक देखने को मिल रही है. इन परंपराओं को देखने के बाद साफ पता चलता है कि हर जगह होली का रंग और उत्साह अलग ही अंदाज में दिखाई देता है.

लड़के बनते हैं लड़कियां

राजस्थान के बीकानेर में होली मनाने का तरीका काफी अलग और दिलचस्प है. यहां कुछ जगहों पर लड़के लड़कियों का गेटअप करके होली के जश्न में शामिल होते हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि कई युवक साड़ी पहनकर, होंठों पर लिपस्टिक लगाकर और ज्वेलरी पहनकर सड़कों पर नजर आ रहे हैं. उनका मेकअप और पहनावा इतना अलग होता है कि उन्हें पहचानना भी मुश्किल हो जाता है. यह परंपरा होली के जश्न को और भी मजेदार बना देती है.

लट्ठमार होली की खास परंपरा

लट्ठमार होली देशभर में काफी मशहूर है. इस परंपरा में महिलाएं पुरुषों को लट्ठ यानी डंडे से मारती हैं और पुरुष खुद को बचाने की कोशिश करते हैं. वायरल वीडियो में भी देखा जा सकता है कि एक महिला सड़क पर चलते हुए एक व्यक्ति को लट्ठ से मार रही है, जबकि वह व्यक्ति हंसते हुए उस पर रंग डाल रहा है. इस तरह की मस्ती भरी होली देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं.

प्रयागराज की कपड़ा फाड़ होली

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भी होली का जश्न अलग अंदाज में मनाया जाता है. यहां “कपड़ा फाड़ होली” की परंपरा काफी प्रसिद्ध है. वीडियो में लोकनाथ चौराहे पर हजारों लोगों की भीड़ नजर आ रही है, जहां लोग एक-दूसरे के कपड़े फाड़ते हुए होली खेलते हैं. इस अनोखी परंपरा को देखने और इसका हिस्सा बनने के लिए दूर-दूर से लोग यहां आते हैं.

हरियाणा की धूलंडी होली

हरियाणा में धूलंडी के दिन होली का अलग ही रंग देखने को मिलता है. इस दिन खासतौर पर देवर और भाभी के बीच मजेदार नोकझोंक और मस्ती होती है. लोग एक-दूसरे पर रंग लगाते हैं, गाने बजते हैं और पूरे माहौल में हंसी-मजाक का रंग घुल जाता है. यह परंपरा रिश्तों में अपनापन और खुशियों का एहसास कराती है.

ऋषि बनकर घूमते हैं लोग

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में होली मनाने का अंदाज बेहद खास होता है. शिमला और लाहौल-स्पीति की सीमा से लगे इस इलाकों में लोग जुलूस निकालते हैं. जहां यह त्योहार बेरी नाग मंदिर से शुरू होता है, जिसमें शिव और विष्णु के भक्त ऋषि के वेश में नजर आते हैं.

Similar News