चीखती रही गर्भवती पत्नी, चाकू से वार करता रहा एक्स-हसबैंड; ऑस्ट्रेलिया से हत्या करने आया युवक
हैदराबाद के वनस्थलीपुरम इलाके में बुधवार दोपहर हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे शहर को झकझोर दिया. सॉफ्टवेयर इंजीनियर सुनीता की उनके पूर्व पति महेश ने कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी.;
Hyderabad Ex-husband killed Pregnant wife
(Image Source: X/@vishalr25690560 )तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के वनस्थलीपुरम इलाके में बुधवार दोपहर हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे शहर को झकझोर दिया. सॉफ्टवेयर इंजीनियर सुनीता की उनके पूर्व पति महेश ने कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि 10 महीने पहले तलाक लेकर दूसरी शादी करने से नाराज महेश बदले की भावना से भारत आया था.
दिनदहाड़े हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी है. आरोपी न केवल हथियारों से लैस होकर फ्लैट में घुसा, बल्कि पड़ोसियों को भी पेट्रोल से आग लगाने की धमकी देकर डराने की कोशिश की. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है.
क्या है पूरा मामला?
सुनीता और महेश दोनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे. प्रेम संबंध के बाद उन्होंने शादी की और नौकरी के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया चले गए, जहां वे एनआरआई के रूप में रह रहे थे. हालांकि, समय के साथ दोनों के बीच मतभेद बढ़ने लगे. विवाद और कथित उत्पीड़न से परेशान होकर सुनीता भारत लौट आईं. करीब दस महीने पहले उन्होंने आधिकारिक रूप से तलाक ले लिया और बाद में श्रीनाथ नामक व्यक्ति से विवाह कर ली.
पुलिस के अनुसार, सुनीता की दूसरी शादी से गु्स्से में आकर महेश ऑस्ट्रेलिया से भारत आया. बुधवार दोपहर वह वनस्थलीपुरम स्थित श्रीनाथ के फ्लैट पर पहुंचा. सीसीटीवी फुटेज में उसकी पूरी गतिविधि दर्ज हुई है. बताया जा रहा है कि वह 2 तेज चाकू, एक कटर और पेट्रोल का डिब्बा साथ लेकर आया था. फ्लैट में घुसते ही उसने सुनीता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
गर्भवती थी सुनीता
सुनीता चार महीने की गर्भवती थीं. आरोप है कि महेश ने इस बात की परवाह किए बिना उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर अंधाधुंध वार किए. हमले के दौरान पड़ोसी चीखें सुनकर मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी ने धमकी दी कि अगर कोई अंदर आया तो वह पेट्रोल डालकर आग लगा देगा. गंभीर रूप से घायल सुनीता खून से लथपथ हो गईं और आरोपी वहां से फरार हो गया.