4 साल की ट्रेनिंग, 7 मई को लिखी गई ऐतिहासिक कहानी... 10 घंटे 45 मिनट में श्रीलंका से तैरकर भारत पहुंचे दानिश-वृषाली
दानिश अब्दी और वृषाली प्रसाद ने अपने साहस, धैर्य और जुनून से एक ऐसा इतिहास रच दिया है. उन्होंने श्रीलंका से भारत तक खुले समुद्र में तैरकर ऐतिहासिक रामसेतु मार्ग को पार किया.
Danish Abdi Vrushali Prasad Swimming
(Image Source: X/ @sirajnoorani )बेंगलुरु के एक कपल का कारनामा अब पूरे देश में सुनाई दे रहा है. जिन्होंने साबित कर दिया कि कोई काम कितना भी कठिन क्यों न हो लेकिन अगर आदमी ठान ले तो उसको किया जा सकता है. दानिश अब्दी और वृषाली प्रसाद ने अपने साहस, धैर्य और जुनून से एक ऐसा इतिहास रच दिया है, जिसकी हर ओर चर्चा हो रही है. इस कपल ने श्रीलंका से भारत तक खुले समुद्र में तैरकर ऐतिहासिक रामसेतु मार्ग को पार किया और ऐसा करने वाले पहले कपल बन गए. उनकी इस उपलब्धि को भारतीय ओपन-वॉटर स्विमिंग के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
इस कठिन समुद्री अभियान के दौरान दानिश अब्दी और वृषाली प्रसाद को लगातार बदलते मौसम, उबड़-खाबड़ लहरों और तेज समुद्री धाराओं का सामना करना पड़ा. कई बार समुद्र की धाराएं उन्हें तय रास्ते से दूर ले जाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन दोनों ने हिम्मत नहीं हारी.
कब शुरू की थी यात्रा?
7 मई को दोनों ने श्रीलंका के तलाईमन्नार से सुबह करीब 4:30 बजे अपनी चुनौतीपूर्ण यात्रा शुरू की और लगभग 10 घंटे 45 मिनट तक समुद्र से संघर्ष करते हुए तमिलनाडु के धनुष्कोडी तट तक पहुंचे. दोपहर करीब 3:15 बजे भारतीय तट पर पहुंचते ही उनकी इस ऐतिहासिक यात्रा ने नया रिकॉर्ड कायम कर दिया.
अभियान से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो में दानिश अब्दी सूर्योदय से पहले अंधेरे समुद्र में उतरने की तैयारी करते नजर आते हैं, जबकि अन्य क्लिप्स में यह दंपत्ति घंटों तक अशांत समुद्र में तैरता दिखाई देता है.
यात्रा के दौरान कैसी थी सुरक्षा व्यवस्था?
इस पूरे अभियान को बेहद सावधानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरा किया गया. यात्रा के दौरान सहायक नौकाएं, पैरामेडिक्स और भारतीय तटरक्षक बल के जवान लगातार तैराकों के साथ मौजूद रहे. समुद्री सुरक्षा टीम पूरे रास्ते उनकी गतिविधियों पर नजर रखती रही ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.
दंपत्ति ने अपनी इस चुनौतीपूर्ण यात्रा का पूरा अनुभव सोशल मीडिया पर भी साझा किया. इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा "वह दिन जब हम श्रीलंका से भारत तक तैरेंगे और ऐसा करने वाले पहले युगल बनेंगे! इस तैराकी में हमारी सारी ट्रेनिंग और तैयारी की परीक्षा होगी और हमें लगता है कि हम इसके लिए तैयार हैं."
कब शुरू की थी ट्रेनिंग?
दानिश अब्दी और वृषाली प्रसाद पेशे से सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों ने केवल चार साल पहले ही गंभीर रूप से तैराकी ट्रेनिंग शुरू की थी. बेहद कम समय में इस स्तर की उपलब्धि हासिल करना लोगों को प्रेरित कर रहा है.