NEET UG 2026 को क्यों करना पड़ा रद्द, क्या फीस होगी वापस, कब आएगी नई डेट और अब क्या करें स्टूडेंट्स?

NEET UG 2026 परीक्षा कथित ‘गेस पेपर’ लीक मामले के बाद रद्द कर दी गई है. NTA ने परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठने के बाद बड़ा फैसला लिया. मामले की जांच अब CBI करेगी और परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी.

( Image Source:  X-@ANI )
Edited By :  समी सिद्दीकी
Updated On :

NEET UG 2026: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में शामिल NEET UG 2026 को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है. कथित ‘गेस पेपर’ लीक मामले के बाद National Testing Agency (NTA) ने परीक्षा रद्द करने का ऐलान किया है. एजेंसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद परीक्षा की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे, जिसके चलते यह कदम उठाना पड़ा.

3 मई को आयोजित हुई इस परीक्षा के रद्द होने से लाखों छात्र प्रभावित हुए हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने जांच Central Bureau of Investigation (CBI) को सौंप दी है. साथ ही यह भी साफ कर दिया गया है कि छात्रों का भरोसा बनाए रखने के लिए परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी.

एनटीए ने अपने बयान में क्या कहा?

NTA ने अपने बयान में कहा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा साझा किए गए इनपुट की समीक्षा के बाद यह निष्कर्ष निकला कि परीक्षा प्रक्रिया से समझौता हुआ हो सकता है. एजेंसी के अनुसार, उपलब्ध सबूतों और शुरुआती जांच के आधार पर यह माना गया कि परीक्षा को वैध बनाए रखना उचित नहीं होगा. एजेंसी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया है.

नीट परीक्षा रद्द अब क्या होगा?

अब पूरे मामले की जांच CBI करेगी. जांच एजेंसी यह पता लगाएगी कि कथित ‘गेस पेपर’ परीक्षा से पहले कैसे बाहर आया और क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क या सुनियोजित साजिश थी. NTA ने यह भी कहा है कि वह जांच में पूरा सहयोग करेगी और सभी जरूरी रिकॉर्ड, डेटा और दस्तावेज जांच एजेंसी को सौंपेगी.

राजस्थान में क्या हुआ एक्शन?

राजस्थान में अब तक 45 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है. शुरुआती जांच में यह आशंका जताई गई है कि कथित ‘गेस पेपर’ किसी प्रिंटिंग प्रेस से लीक हुआ हो सकता है. इससे परीक्षा की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. सूत्रों के अनुसार, प्रश्नपत्र का एक हाथ से लिखा भी सामने आया है. इससे यह संदेह और मजबूत हुआ है कि पेपर प्रिंटिंग प्रक्रिया के दौरान ही लीक हो सकता है.

क्या दोबारा होगा एग्जाम?

री-एग्जाम को लेकर NTA ने साफ किया है कि NEET UG 2026 दोबारा आयोजित किया जाएगा. नई परीक्षा तारीखों की घोषणा जल्द आधिकारिक माध्यमों से की जाएगी. एजेंसी ने यह भी माना कि परीक्षा दोबारा कराने से छात्रों और उनके परिवारों को परेशानी होगी, लेकिन उसका कहना है कि अगर संदिग्ध परीक्षा को जारी रखा जाता तो इससे परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को और ज्यादा नुकसान पहुंचता.

अब क्या करें छात्र?

NTA ने छात्रों को राहत देते हुए कहा है कि उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी. पहले से उपलब्ध जानकारी और आवेदन डेटा का ही इस्तेमाल किया जाएगा.

क्या वापस होगी फीस?

- छात्रों की मौजूदा रजिस्ट्रेशन डिटेल्स मान्य रहेंगी

- पहले चुने गए परीक्षा केंद्र ही लागू होंगे

- दोबारा परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त फीस नहीं ली जाएगी

- पहले जमा की गई फीस वापस की जाएगी

- नई परीक्षा से पहले नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे

एनटीए ने क्या की अपील?

NTA ने छात्रों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक अपडेट पर भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचें. एजेंसी ने कहा कि नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी, इसलिए छात्रों को अपनी तैयारी जारी रखनी चाहिए. NEET देश की सबसे कठिन और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है. ऐसे में किसी भी तरह का पेपर लीक या परीक्षा में गड़बड़ी लाखों छात्रों के भविष्य और परीक्षा की निष्पक्षता को सीधे प्रभावित करती है.

Similar News