Amarnath Yatra 2026: अमरनाथ यात्रा के लिए 15 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन शुरू, हेल्थ सर्टिफिकेट भी बनवाना होगा, इस उम्र के ही लोगों को अनुमति
Amarnath Yatra 2026 के लिए 15 अप्रैल से देशभर की 554 बैंक शाखाओं में रजिस्ट्रेशन शुरू होगा. हेल्थ सर्टिफिकेट (CHC) अनिवार्य होगा और उम्र सीमा 13 से 70 साल तय की गई है.
हर साल की तरह इस बार भी अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर श्रद्धालुओं के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है. श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड (SASB) ने घोषणा की है कि इस साल की पवित्र यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल 2026 से देशभर की 554 बैंक शाखाओं में शुरू होगा. यात्रा में शामिल होने के लिए हेल्थ सर्टिफिकेट (CHC) अनिवार्य किया गया है. केवल 13 से 70 वर्ष की आयु के लोग ही यात्रा कर सकेंगे. ऑनलाइन और बायोमेट्रिक eKYC आधारित इस प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाया गया है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकें. जानें इस यात्रा में शामिल होने को लेकर पूरा डिटेल.
Amarnath Yatra 2026: 15 अप्रैल से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन, जानें नियम, उम्र सीमा और जरूरी गाइडलाइंस
अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड (SASB) ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इस साल की पवित्र यात्रा के लिए एडवांस रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल 2026 से पूरे देश में शुरू किया जाएगा. तीर्थयात्रियों के लिए यह प्रक्रिया देशभर की 554 अधिकृत बैंक शाखाओं में की जाएगी, ताकि हर भक्त आसानी से अपना पंजीकरण कर सके और यात्रा का लाभ उठा सके.
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर रजिस्ट्रेशन
श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार इस बार भी रजिस्ट्रेशन और यात्रा परमिट जारी करने की प्रक्रिया 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर होगी. प्रत्येक बैंक शाखा को रूट और तारीख के अनुसार एक तय दैनिक कोटा दिया जाएगा. यानी जितनी जल्दी आवेदन करेंगे, उतनी जल्दी परमिट मिलने की संभावना होगी. इस व्यवस्था का मकसद यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाना है. ताकि किसी भी तरह की भीड़ या अव्यवस्था से बचा जा सके.
आधार आधारित बायोमेट्रिक eKYC अनिवार्य
साल 2026 की अमरनाथ यात्रा के लिए इस बार तकनीक को और मजबूत किया गया है. रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आधार आधारित बायोमेट्रिक eKYC से रियल टाइम में पूरी की जाएगी. इसके बाद ही यात्रा परमिट जारी किया जाएगा.
अगर किसी कारणवश बायोमेट्रिक सिस्टम में तकनीकी समस्या आती है, तो वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है. इसमें वेबकैम से फोटो लेकर मैन्युअल डेटा एंट्री की सुविधा शामिल है, ताकि किसी तीर्थयात्री का रजिस्ट्रेशन रुके नहीं.
लाल शब्दों में लिखे 'अमरनाथ यात्रा 2026' पर क्लिक कर जानें अधिकृत बैंक की सूची
हेल्थ सर्टिफिकेट (CHC) अनिवार्य
- अमरनाथ यात्रा एक कठिन और ऊंचाई वाली तीर्थयात्रा है, इसलिए सभी यात्रियों के लिए वैध कम्पलसरी हेल्थ सर्टिफिकेट (CHC) अनिवार्य किया गया है.
- यह सर्टिफिकेट 8 अप्रैल 2026 या उसके बाद किसी अधिकृत डॉक्टर या मेडिकल संस्थान द्वारा जारी होना चाहिए. बिना वैध हेल्थ सर्टिफिकेट के किसी भी यात्री को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी.
- श्राइन बोर्ड ने देशभर के 37 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अधिकृत डॉक्टरों और संस्थानों की सूची भी जारी की है, जहां से यह सर्टिफिकेट बनवाया जा सकता है.
यात्रा परमिट और रूट सिस्टम
अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए परमिट जारी होने के बाद उसमें तीर्थयात्री द्वारा चुना गया रूट स्पष्ट रूप से दर्ज होगा. परमिट में या तो बालटाल रूट या पहलगाम रूट से दिया जाएगा. इसके साथ ही यात्रा की तारीख और प्रवेश समय भी तय होगा.
बालटाल रूट पर डोमेल और पहलगाम रूट पर चंदनवाड़ी से प्रवेश दिया जाएगा. निर्धारित समय और तारीख पर ही यात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति होगी.
उम्र सीमा और योग्यता नियम
श्राइन बोर्ड ने यात्रा के लिए कुछ सख्त नियम भी लागू किए हैं. केवल 13 वर्ष से 70 वर्ष की आयु के लोग ही इस यात्रा में शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा, गर्भवती महिलाओं के लिए भी विशेष नियम लागू हैं. जिन महिलाओं की गर्भावस्था 6 सप्ताह से अधिक है, उन्हें यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी, भले ही उनके पास मेडिकल सर्टिफिकेट क्यों न हो.
रजिस्ट्रेशन फीस और अन्य नियम
हर यात्रा परमिट के लिए 150 रुपये की निर्धारित फीस रखी गई है. इसके अलावा, यात्रियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि रजिस्ट्रेशन के समय आधार नंबर और मोबाइल नंबर सही दर्ज किए जाएं. श्राइन बोर्ड ने बैंकों को निर्देश दिया है कि वे हेल्प डेस्क की व्यवस्था करें और स्टाफ को उचित प्रशिक्षण दें, ताकि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सुचारु रूप से चल सके.
रजिस्ट्रेशन की समय सीमा
श्राइन बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी विशेष तारीख की यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन यात्रा से 7 दिन पहले बंद कर दिया जाएगा. इसलिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे समय पर आवेदन करें. अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए इस बार व्यवस्था को और अधिक डिजिटल, सुरक्षित और पारदर्शी बनाया गया है. हेल्थ सर्टिफिकेट, उम्र सीमा और बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन जैसे नियम यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लागू किए गए हैं. जो भक्त इस पवित्र यात्रा का हिस्सा बनना चाहते हैं, उन्हें सभी दिशानिर्देशों का पालन करना जरूरी होगा, ताकि यात्रा बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके.