Aaj ki Taaza Khabar: बेटी कोई सवाल पूछे तो ससुराल जाओं तुम्हारा शादी हो गया है, रोते-रोते रोहिणी का गला बैठा- पढ़ें 16 नवंबर की बड़ी खबरें

By :  सागर द्विवेदी
Updated On : 16 Nov 2025 9:13 PM IST

Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. रविवार 16 नवंबर 2025 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्‍या-क्‍या खास रहा, साथ ही हर बड़ी खबर को जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.

Live Updates
2025-11-16 15:09 GMT

'नीतीश पर था शुरू से भरोसा, NDA की 200+ सीटें तय थीं'- केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का बड़ा बयान

केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने कहा कि मैं जल्द ही धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात करूंगा... मुझे शुरू से ही भरोसा था कि नीतीश कुमार को सीएम चेहरा बनाकर हम चुनाव जीतेंगे। उस समय लोगों ने मेरे बयान पर शक किया था, लेकिन बाद में मेरे साथ सभी लोग खड़े हो गए। NDA के नेता मेरी हर रैली में शामिल होते रहे, और मैंने हर जगह यही कहा कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बनेंगे।"

उन्होंने आगे कहा कि पहले चरण की वोटिंग में जब पता चला कि महिलाओं ने बड़ी संख्या में मतदान किया है, तभी हमें यकीन हो गया था कि NDA जीत रहा है। यहां तक कि यादव समाज की महिलाओं ने भी NDA के पक्ष में वोट दिया... दूसरे चरण में तो मतदान और भी ज्यादा हुआ। हमें पूरा विश्वास था कि NDA 200 से ज्यादा सीटें जीतेगा… उन्होंने सरकार गठन को लेकर कहा कि "मैं अपनी पार्टी के लिए कभी कोई मांग नहीं रखूंगा... सरकार बनाने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं... सोमवार को मुख्यमंत्री आखिरी कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे। धन्यवाद प्रस्ताव पास किया जाएगा, और उसके बाद वे राज्यपाल से मिलकर अपना इस्तीफा सौंप देंगे…"

2025-11-16 13:45 GMT

लाल किला ब्लास्ट केस में NIA की बड़ी कामयाबी! आत्मघाती हमलावर के मददगार को किया गिरफ्तार

NIA को लाल किला इलाके में हुए कार बम धमाके की जांच में बड़ा ब्रेकथ्रू मिला है. एजेंसी ने आत्मघाती हमलावर के साथी और साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी आमिर राशिद अली, जिसके नाम पर धमाके में इस्तेमाल की गई कार रजिस्टर्ड थी, को दिल्ली से पकड़ा गया. इस धमाके में 10 लोगों की मौत और 32 लोग घायल हुए थे. NIA की यह कार्रवाई मामले की जांच में बेहद अहम मानी जा रही है.

2025-11-16 13:43 GMT

लाल किला कार ब्लास्ट में बड़ी कामयाबी! NIA ने कश्मीरी साजिशकर्ता आमिर राशिद अली को दबोचा

लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार बम धमाके में NIA को बड़ी सफलता मिली है. इस हमले में 10 लोगों की मौत हुई थी और 32 घायल हुए थे. अब जांच एजेंसी ने उस कश्मीरी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने आत्मघाती हमलावर के साथ मिलकर इस वारदात की साजिश रची थी.

ग्र‍फ्तार आरोपी आमिर राशिद अली, जिसके नाम पर धमाके में इस्तेमाल की गई कार रजिस्टर्ड थी, को दिल्ली से पकड़ा गया है. दिल्ली पुलिस से केस अपने हाथ में लेने के बाद NIA लगातार उसकी तलाश में थी और अब उसकी गिरफ्तारी को इस केस में बड़ा ब्रेकथ्रू माना जा रहा है.

2025-11-16 13:06 GMT

रोहिणी आचार्या का बड़ा बयान: “मैंने कुछ भी झूठ नहीं कहा… भाई को ही त्यागा है, माता-पिता और बहनें मेरे साथ हैं”

दिल्ली में पूर्व RJD नेता रोहिणी आचार्या ने एक बार फिर अपने परिवारिक विवाद पर खुलकर बात की है. उन्होंने कहा कि जो भी कहना था, वह उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर साफ-साफ कह दिया है और उसमें कोई झूठ नहीं है. रोहिणी ने कहा कि “जो भी कहना था, मैंने सोशल मीडिया पर कह दिया है… जो हुआ, उसमें मैंने कुछ भी झूठ नहीं कहा. आप जाकर यह सब तेजस्वी यादव, संजय यादव, रैचेल यादव और रमीज़ से पूछ सकते हैं.”

उन्होंने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम में केवल उनके माता-पिता और बहनें ही उनके साथ खड़ी रहीं. “मेरे पिता हमेशा मेरे साथ रहे हैं. कल मेरे माता-पिता और बहनें मेरे लिए रो रही थीं. ऐसे माता-पिता पाकर मैं धन्य हूँ.” रोहिणी ने अपने बयान में अपने भाई पर सीधा इशारा करते हुए कहा कि “जिस परिवार में भाई होते हैं, त्याग उन्हें करना चाहिए… मैंने सिर्फ अपने भाई को त्यागा है. मेरे माता-पिता और बहनें मेरे साथ हैं.”

रोहिणी ने यह भी बताया कि वह अब मुंबई अपने ससुराल जा रही हैं, क्योंकि उनकी सास इस विवाद से बेहद चिंतित हैं. “मैं अभी मुंबई जा रही हूँ, अपनी सास के पास. वह मेरे लिए बहुत चिंतित हैं और उन्होंने मुझे तुरंत आने के लिए कहा है.” यह बयान लालू परिवार के भीतर मचे घमासान पर एक और बड़ा संकेत माना जा रहा है.

2025-11-16 11:44 GMT

एनडीए की बंपर जीत पर बोले निशांत कुमार: “जनता को धन्यवाद… पिताजी बिहार के विकास के लिए काम करते रहेंगे”

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का पहला बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस बार उम्मीद से बेहतर नतीजे मिले हैं और अब नई सरकार बनने जा रही है. निशांत ने भरोसा जताया कि नीतीश कुमार आने वाले दिनों में भी बिहार के विकास, सुशासन और स्थिरता को प्राथमिकता देंगे. एनडीए की इस जीत को उन्होंने जनता के विश्वास की जीत बताया.

2025-11-16 11:38 GMT

तेज प्रताप यादव का बड़ा एलान: JJD ने NDA को दिया नैतिक समर्थन, पार्टी बैठक में हुआ फैसला

बिहार की सियासत में नए मोड़ के साथ तेज प्रताप यादव ने एक चौंकाने वाला कदम उठाया है. उनकी पार्टी JJD ने आधिकारिक रूप से एनडीए को नैतिक समर्थन देने का फैसला किया है. यह निर्णय पार्टी की अहम बैठक में लिया गया, जहां मौजूदा राजनीतिक समीकरण, नई सरकार के बनते गठजोड़ और जनहित से जुड़े मुद्दों पर लंबी चर्चा हुई. तेज प्रताप ने कहा कि राज्य की स्थिरता और विकास को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है. इस कदम के बाद बिहार की सत्ता की सूरत और गठबंधन राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना तेज हो गई है.

2025-11-16 11:33 GMT

नौगाम थाने के बाहर धमाका: महबूबा मुफ्ती बोलीं-‘यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, सरकार जिम्मेदारी ले… सख्त कार्रवाई हो’

नौगाम पुलिस स्टेशन के बाहर हुए धमाके पर पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इसकी जांच होनी चाहिए. सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए… जो भी इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए.”

2025-11-16 10:20 GMT

सुप्रिया सुले का रोहिणी आचार्या पर बयान- '30 साल का पारिवारिक रिश्ता… ये भारतीय संस्कृति का हिस्सा नहीं'

रोहिणी आचार्या के विवादित बयान पर एनसीपी-एससीपी सांसद सुप्रिया सुले ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “मैंने ऐसा कुछ न देखा, न सुना. लालू जी, राबड़ी देवी और मीसा जी—सभी के साथ मेरा संसद में अलग ही रिश्ता रहा है. परिवार को पता होता है कि सच क्या है और क्या नहीं. पिछले 30 साल से हमारे बीच पारिवारिक रिश्ते हैं.”

उन्होंने आगे कहा कि यह बयानबाज़ी भारतीय राजनीतिक संस्कृति का हिस्सा नहीं है. सुले ने कहा कि “मुझे नहीं पता वहां क्या हो रहा है. वे इतने बड़े अंतर से कैसे हार गए, यह भी आत्ममंथन का विषय है. जीत का पूरा श्रेय नीतीश जी को जाता है…”

2025-11-16 09:30 GMT

यह उनका व्यक्तिगत मामला, बेहद दुखद स्थिति, रोहिणी आचार्य के फैसले पर बोले अशोक चौधरी

राजद नेता रोहिणी आचार्य द्वारा राजनीति छोड़ने और अपने परिवार से दूरी बनाने के निर्णय पर जेडीयू नेता अशोक चौधरी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पूरी तरह से उनका निजी मामला है और इस पर राजनीतिक टिप्पणी करना उचित नहीं होगा. उन्होंने कहा कि यह स्थिति राजद के लिए भी दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि इतने बड़े राजनीतिक परिवार में ऐसी परिस्थितियों का उत्पन्न होना चिंता का विषय है.

अशोक चौधरी ने आगे कहा कि परिवारों में मतभेद होना अलग बात है, लेकिन जिस तरह की स्थिति सामने आई है, वह बेहद दुखद है. उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए ऐसे हालात अच्छे नहीं होते और वे आशा करते हैं कि हालात जल्द ही सामान्य हो जाएं.

2025-11-16 08:43 GMT

सुकमा में बड़ी सफलता: सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, ACM रैंक के तीन नक्सली ढेर

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में रविवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई. यह मुठभेड़ भेज्जी और चिंतागुफा थाना क्षेत्र के कारीगुंडम जंगल-पहाड़ी इलाके में हुई, जहां नक्सलियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने पर DRG की टीम ऑपरेशन पर निकली थी. जवानों के पहुंचते ही नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसका सुरक्षाबलों ने मजबूत जवाब दिया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, ACM रैंक के तीन नक्सली मारे गए हैं और बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और नक्सली सामग्री बरामद की गई है.

सुकमा के एसपी किरण चव्हाण के अनुसार, ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा और किसी भी जवान को चोट नहीं आई है. मौके पर अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है और रुक-रुककर फायरिंग की खबरें मिल रही हैं. इस साल छत्तीसगढ़ में अब तक 262 नक्सली विभिन्न मुठभेड़ों में मारे जा चुके हैं, जिनमें अधिकांश बस्तर डिवीजन से हैं. सुरक्षा बलों की यह कार्रवाई नक्सल विरोधी अभियान की एक बड़ी और महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है.

Similar News