Neil Nitin Mukesh ने छोड़ा सिंगिंग रियलिटी शो, फीस न मिलने पर ब्रांड एंबेसडर पद से दिया इस्तीफा

बॉलीवुड अभिनेता नील नितिन मुकेश ने सिंगिंग रियलिटी शो 'द यूनिवर्सल आइडल' के ब्रांड एंबेसडर पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि फीस नहीं मिली और जारी किए गए तीन चेक बाउंस हो गए.

( Image Source:  Instagram: neilnitinmukesh )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

बॉलीवुड एक्टर  नील नितिन मुकेश (Neil Nitin Mukesh) ने हाल ही में एक बड़ा फैसला लिया है.  उन्होंने सिंगिंग रियलिटी शो 'द यूनिवर्सल आइडल' के ब्रांड एंबेसडर (यानी ब्रांड प्रमोटर) के पद से इस्तीफा दे दिया है. यह शो एचएमसी इवेंट्स कंपनी द्वारा आयोजित किया जा रहा है. नील ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट डालकर इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि उन्हें जो पैसे मिलने थे, वो अभी तक नहीं मिले हैं. उनकी टीम ने कई बार शो के आयोजकों से बात करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं आया.

उन्होंने बताया कि उनके नाम पर जारी किए गए तीन चेक बाउंस (रिजेक्ट) हो गए, यानी बैंक में पैसे नहीं होने की वजह से वो चेक पास नहीं हुए. यह उनके लिए बहुत बड़ा विश्वासघात है.नील ने एक बयान में लिखा है, 'मैं अब औपचारिक रूप से 'द यूनिवर्सल आइडल' और एचएमसी इवेंट्स से जुड़े ब्रांड एंबेसडर के पद से इस्तीफा दे रहा हूं. बार-बार वादे करने के बावजूद मुझे मेरी फीस नहीं दी गई. मेरी टीम ने कई बार संपर्क किया और मामले को अच्छे तरीके से सुलझाने की कोशिश की लेकिन कुछ नहीं हुआ. इसलिए मैं तुरंत प्रभाव से इस शो, एचएमसी इवेंट्स, शकील हासन और उनके साथियों से सभी संबंध तोड़ रहा हूं.'

करेंगे कानूनी कार्रवाई

उन्होंने यह भी कहा कि वे यह जानकारी इसलिए सार्वजनिक कर रहे हैं ताकि दूसरे कलाकार, पार्टनर, वेंडर और सहयोगी सावधान रहें. उन्हें भी ऐसे वादों और भुगतान के झांसे से बचना चाहिए. नील ने यह भी लिखा कि वे कानूनी कार्रवाई करने का पूरा हक रखते हैं और जरूरत पड़ने पर वे ऐसा करेंगे. नील नितिन मुकेश बॉलीवुड में काफी समय से काम कर रहे हैं. उन्होंने अपनी पहली बड़ी फिल्म 'जॉनी गद्दार' से शुरुआत की थी, जहां उन्होंने एक नेगेटिव रोल बहुत अच्छे से निभाया था. इसके बाद वे 'न्यूयॉर्क', 'लाफंगे परिंदे', 'प्लेयर्स' जैसी फिल्मों में दिखे.

एक्टर का वर्क फ्रंट 

उन्होंने कई फिल्मों में हीरो के साथ-साथ विलेन (खलनायक) के रोल भी किए हैं, जैसे 'प्रेम रतन धन पायो' और 'साहो' में. उनका करियर मुख्य हीरो की बजाय अलग-अलग तरह के किरदारों पर ज्यादा फोकस करता रहा है. अब नील नितिन मुकेश एक नई शुरुआत करने जा रहे हैं। वे जल्द ही मलयालम सिनेमा में डेब्यू करने वाले हैं. उन्हें 'खलीफा' नाम की फिल्म में देखा जाएगा, जिसका निर्देशन व्यासख ने किया है और इसमें पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिका में हैं. यह एक रिवेंज थ्रिलर फिल्म है, और नील का इस फिल्म में रोल काफी रोचक होने वाला है. पृथ्वीराज ने खुद नील का स्वागत करते हुए उनकी पहली मलयालम फिल्म का पोस्टर शेयर किया था. 

Similar News