Love And War को झटका! रणबीर-विक्की की बिज़ी डेट्स से क्लाइमेक्स अटका, 2027 रिलीज़ पर संकट

संजय लीला भंसाली की फिल्म 'लव एंड वॉर' का क्लाइमेक्स शूट अभी बाकी है, जिससे फिल्म की रिलीज़ डेट पर असर पड़ सकता है. रणबीर कपूर और विक्की कौशल अपनी-अपनी फिल्मों में व्यस्त हैं, जिससे शूटिंग में देरी हो रही है.

Love and War Release Delay(Image Source:  Instagram: aliaabhatt )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 5 April 2026 10:10 AM IST

संजय लीला भंसाली (Sanajay leela Bhansali) की सबसे बड़ी अपकमिंग फिल्म 'लव एंड वॉर' (Love And War) है. यह फिल्म रोमांस और ड्रामा से भरी हुई है. निर्देशक संजय लीला भंसाली इस फिल्म को बेहद शानदार और यादगार बनाने के लिए कोई कोशिश नहीं छोड़ रहे हैं. पहले इस फिल्म को वैलेंटाइन डे यानी 14 फरवरी को रिलीज़ करने की योजना थी, लेकिन शूटिंग में कई दिक्कतें आने की वजह से फिल्म उस तारीख पर रिलीज़ नहीं हो सकी.

अब फिल्म को 2027 की पहली छमाही में रिलीज़ करने का प्लान है. लेकिन रणबीर कपूर और विक्की कौशल की व्यस्तता के कारण फिल्म को समय पर पूरा करना काफी मुश्किल नजर आ रहा है. नई रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म के आखिरी और सबसे जरुरी हिस्से यानी क्लाइमेक्स की शूटिंग में काफी देरी हो रही है. फिल्म की लगभग 90 प्रतिशत शूटिंग हो चुकी है.

रामायण में व्यस्त हुए रणबीर 

आलिया भट्ट ने अपनी सारी भूमिका की शूटिंग पहले ही पूरी कर ली है. अब सिर्फ 10 प्रतिशत काम बाकी है, जिसमें मुख्य रूप से रणबीर कपूर और विक्की कौशल वाला क्लाइमेक्स सीन शूट करना है. रणबीर कपूर अभी नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' के दूसरे भाग की शूटिंग में व्यस्त हैं. नितेश तिवारी इस भाग को जल्दी से जल्दी पूरा करना चाहते हैं क्योंकि वे इसके बाद नई फिल्म की तैयारी शुरू करना चाहते हैं. जुलाई महीने से 'रामायण पार्ट 1' के प्रमोशन का काम शुरू हो जाएगा, जो दिवाली 2026 में रिलीज़ होने वाली है.

'महावतार' के लिए विक्की को बढ़ाना है वजन  

दूसरी तरफ, विक्की कौशल को अपनी अगली फिल्म 'महावतार' के लिए वजन बढ़ाना है और एक्शन सीन्स की तैयारी करनी है. इन सब व्यस्तताओं की वजह से 'लव एंड वॉर' का क्लाइमेक्स सीन अब 2026 के आखिरी महीनों में शूट किया जाएगा. ऐसी देरी की वजह से फिल्म की रिलीज़ डेट पर भी असर पड़ सकता है. अभी खबरें कह रही हैं कि फिल्म जनवरी 2027 में रिलीज़ हो सकती है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

फिल्म के बारे में थोड़ी और जानकारी

'लव एंड वॉर' में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट दूसरी बार संजय लीला भंसाली के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले रणबीर 'सांवरिया' में और आलिया 'गंगूबाई काठियावाड़ी' में उनके निर्देशन में काम कर चुके हैं. विक्की कौशल पहली बार भंसाली साहब के साथ काम कर रहे हैं.  रणबीर कपूर की 'रामायण' का दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज़ होने वाला है. 

Similar News