इतना खराब VFX! Hrithik Roshan का Ranbir Kapoor की 'रामायण' पर रिएक्शन
रामायण फिल्म के VFX को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ा तो ऋतिक रोशन ने अपनी राय रखी. उन्होंने दर्शकों से अपील की कि आलोचना से पहले फिल्म की स्टाइल और कहानी को समझें.
इंटरनेट पर हर किसी की अपनी अलग-अलग राय होती है. इन दिनों 'रामायण' (Ramayana) फिल्म को लेकर बहुत चर्चा चल रही है. टीजर रिलीज होने के बाद से लोग इस फिल्म के बारे में खूब बातें कर रहे हैं. कुछ लोग इसकी तारीफ कर रहे हैं तो कुछ लोग आलोचना भी कर रहे हैं. लेकिन जैसे ही बहस तेज हुई, एक्टर ऋतिक रोशन ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया. उनके इस पोस्ट ने लोगों को VFX यानी विजुअल इफेक्ट्स के बारे में गहराई से सोचने पर मजबूर कर दिया.
रणबीर कपूर मुख्य भूमिका में राम का किरदार निभा रहे हैं. उनकी इस अपकमिंग ग्रैंड फिल्म का टीजर जारी होने के बाद काफी एक्साइटमेंट बनी हुई है. लेकिन साथ ही कुछ दर्शक निराश भी हुए हैं. खासकर फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स को लेकर लोग सोशल मीडिया पर अपनी राय दे रहे हैं. कुछ लोगों ने कहा कि कुछ सीन वीडियो गेम की तरह लग रहे हैं. हालांकि भारतीय VFX इंडस्ट्री के लिए यह फिल्म एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, फिर भी आलोचना हो रही है.
VFX के बारे में क्या बोले ऋतिक रोशन?
इसी बीच ऋतिक रोशन ने VFX के बारे में अपना अनुभव और विचार इंस्टाग्राम पर शेयर किए. उन्होंने साफ-साफ लिखा कि खराब VFX देखना बहुत असहज और कष्टदायक होता है. खासकर तब जब आप खुद उस फिल्म में काम कर रहे हों. उन्होंने अपनी बात को और आगे बढ़ाते हुए बचपन की एक याद शेयर की. ऋतिक ने बताया कि जब वे सिर्फ 11 साल के थे, तब उन्होंने लंदन में 'बैक टू द फ्यूचर' फिल्म देखी थी. उस फिल्म ने उनके मन पर गहरा असर छोड़ा. वे उस फिल्म के दीवाने हो गए थे. घर आकर वे अपने पिता के VHS प्लेयर पर बार-बार फिल्म के हर फ्रेम को रोक-रोककर देखते रहते थे. इतना कि आखिरकार प्लेयर खराब हो गया. फिर उन्होंने अपनी जेब खर्च से 'रीडर्स डाइजेस्ट' की एक किताब मंगवाई, जिसका नाम था 'इंडस्ट्रियल लाइट एंड मैजिक - द आर्ट ऑफ स्पेशल इफेक्ट्स'. वह किताब जुहू पोस्टऑफिस में आने वाली थी. उन्होंने महीनों इंतजार किया. जब किताब आई तो वह उनके जीवन का सबसे खुशी भरा दिन था. आज भी उन्हें उस किताब की खुशबू याद है.
सिनेमा के लिए जुनून
इस याद को शेयर करते हुए ऋतिक ने उन फिल्म निर्माताओं की तारीफ की जिनमें सिनेमा के लिए जुनून है. उन्होंने कहा कि 'कल्कि', 'बाहुबली' और 'रामायण' जैसी फिल्में बनाने वाले लोग, और उनके पिता राकेश रोशन जो 'कोई मिल गया' और 'कृष' जैसी फिल्में बना चुके हैं, उनके हीरो हैं. ये लोग सिनेमा की सीमाओं को तोड़ने का साहस दिखाते हैं. वे इतना पैसा और इतना समय लगाते हैं ताकि दर्शक खासकर छोटे बच्चे, कुछ नया और यादगार महसूस कर सकें. ठीक वैसे ही जैसे 11 साल के ऋतिक ने महसूस किया था.
VFX की स्टाइल को समझना क्यों जरूरी?
ऋतिक रोशन ने VFX की अलग-अलग स्टाइल के बारे में भी समझाया. उन्होंने कहा कि हर फिल्म एक जैसी नहीं होती. कुछ फिल्में फोटोरियलिस्टिक यानी बिल्कुल असली जैसी दिखने की कोशिश करती हैं. अगर उनमें भौतिकी या गुरुत्वाकर्षण की छोटी-सी गलती भी हो जाए तो पूरा जादू टूट जाता है. लेकिन कुछ फिल्में कहानी की किताब जैसी स्टाइल में बनाई जाती हैं. वे दिव्य, सुंदर और आर्टिस्टिक दिखना चाहती हैं. उन्हें असली जैसा दिखने की जरूरत नहीं होती. अगर आप ऐसी फिल्म को असली जैसा न दिखने के लिए आलोचना करते हैं तो यह उचित नहीं है.
आलोचना से पहले थोड़ा सोच ले
अंत में उन्होंने दर्शकों से अपील की कि आलोचना करने से पहले थोड़ा गहराई से सोचें. सिर्फ इसलिए निर्माता की आलोचना न करें कि आपको उनकी चुनी हुई स्टाइल पसंद नहीं आई. अगली बार जब VFX देखें तो सिर्फ यह न पूछें कि 'क्या यह असली लग रहा है?.' इसके बजाय पूछें कि 'क्या यह कहानी के हिसाब से सही है? क्या यह मुझे वही एहसास दे रहा है जो फिल्म निर्माता चाहते थे?.' जागरूकता के साथ बहस करें, ताकि बात सही दिशा में हो.
दो पार्ट में रिलीज होगी 'रामायण'
'रामायण' फिल्म दो भागों में बन रही है. रणबीर कपूर के अलावा साई पल्लवी सीता का रोल कर रही हैं, यश रावण बन रहे हैं, सनी देओल हनुमान का किरदार निभा रहे हैं और रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में हैं। काजल अग्रवाल मंदोदरी और रकुल प्रीत सिंह सूर्पनखा का किरदार करेंगी. फिल्म में अरुण गोविल, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, शीबा चड्ढा और इंदिरा कृष्णन जैसे कलाकार भी हैं. फिल्म का पहला भाग इस दिवाली को सिनेमाघरों में रिलीज होगा और दूसरा भाग 2027 की दिवाली पर आएगा.




