अपनी ही शादी में बेहोश हो गईं थीं Neetu Kapoor; करिश्मा कपूर ने बताई वजह
करिश्मा कपूर ने इंडियन आइडल में खुलासा किया कि नीतू कपूर अपनी शादी में स्टार्स की भीड़ देखकर बेहोश हो गई थीं. इस दौरान उन्होंने नीतू कपूर की फिटनेस और सादगी भरी लाइफस्टाइल की भी जमकर तारीफ की.
करिश्मा कपूर (Karisma Kapoor) ने हाल ही में एक दिलचस्प और अनजानी बात शेयर की है, जो उनकी मौसी नीतू सिंह की शादी से जुड़ी है. नीतू सिंह दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर की पत्नी हैं. सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' के एक खास एपिसोड में करिश्मा कपूर ने इस कहानी को सुनाया. उन्होंने बताया कि नीतू आंटी अपनी शादी के दिन बीच में ही बेहोश हो गई थीं. शादी में इतने सारे बड़े-बड़े बॉलीवुड सितारे इकट्ठा हो गए थे और चारों तरफ भारी भीड़ थी, जिसे देखकर नीतू आंटी घबरा गईं और उनके होश उड़ गए। इस घटना से पूरा परिवार बहुत डर गया था। सब लोग चिंतित हो उठे थे.
करिश्मा ने मुस्कुराते हुए कहा, 'एक मजेदार कहानी यह भी है कि शादी के बीच में इतने सारे स्टार्स को देखकर नीतू आंटी बेहोश हो गई थीं. सब बहुत घबरा गए थे.' उन्होंने नीतू सिंह की डेली रूटीन के बारे में भी जानकारी दी. करिश्मा बताती हैं कि नीतू आंटी हमेशा अपने साथ एक छोटा सा डिब्बा रखती हैं, जिसमें उनका खास खाना होता है. वे बिरयानी जैसा तला-भुना या भारी खाना बिल्कुल नहीं खातीं. पूरा कपूर परिवार उन्हें इस बात पर बार-बार चिढ़ाता है, लेकिन साथ ही उनकी उम्र में भी इतनी फिटनेस और अनुशासन बनाए रखने के लिए उनकी तारीफ भी करता है.
खुद को लकी मानती हैं करिश्मा
करिश्मा ने उस शादी को याद करते हुए कहा कि नीतू सिंह और ऋषि कपूर की शादी सितारों से भरी हुई थी. बहुत सारे स्टार्स लोग वहां मौजूद थे. करिश्मा ने आगे बताया, 'मुझे चिंटू अंकल और नीतू आंटी की शादी में शामिल होने का सौभाग्य मिला था. मैं तब बहुत छोटी थी. मैं बार-बार कोशिश कर रही थी कि दुल्हन नीतू आंटी के पास बैठ जाऊं. शादी में इतने सारे सितारे आए हुए थे कि मैं बहुत खुश थी. हालांकि मैं छोटी थी, लेकिन यह परिवार की शादी थी, इसलिए मुझे बहुत अच्छा लग रहा था और मैं बहुत सारे स्टार्स को करीब से देख पाई.'
कैसा है नीतू चाची से रिश्ता?
नीतू कपूर की तारीफ करते हुए करिश्मा ने कहा, 'मेरे परिवार में इतने सारे दिग्गज कलाकार हैं कि मैं सबकी बहुत बड़ी फैन हूं. लेकिन नीतू आंटी का मेरे दिल में एक खास जगह है. उनका चंचल स्वभाव, उनका अनोखा अंदाज और उनका व्यक्तित्व बिल्कुल अलग है.' करिश्मा ने अपनी मौसी के बारे में बहुत प्यार से कहा, 'बेशक, वह हमारे परिवार की सबसे बड़ी हस्तियों में से एक हैं. आज भी मैं उन्हें अपना आदर्श मानती हूं और उनसे बहुत कुछ सीखती हूं.' खान-पान की बात करते हुए करिश्मा ने बताया, 'कपूर परिवार में सब लोग बहुत खाने के शौकीन होते हैं. हम सब खूब खाते हैं, लेकिन नीतू आंटी इसके बिल्कुल उलट हैं. वे अपने खाने के मामले में बहुत सेलेक्टिव होती हैं.'