कश्मीरी एक्ट्रेस और मॉडल फरहाना भट्ट (Farrhana Bhatt) इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई हैं. सुपरस्टार सलमान खान के रियलिटी शो 'बिग बॉस 19' (Bigg Boss 19) से घर-घर में अपनी खास पहचान बनाने वाली फरहाना जल्द ही 'खतरों के खिलाड़ी सीजन 15' में अपने साहस का जौहर दिखाती नजर आएंगी. लेकिन इस वक्त वह अपने प्रोफेशनल करियर से ज्यादा अपने पारिवारिक विवादों और आपसी रिश्तों में आई कड़वाहट को लेकर सुर्खियों में हैं. हाल ही में इस विवाद में एक बेहद चौंकाने वाला मोड़ आया है, जब फैजाना भट्ट नाम की एक महिला ने खुद को फिल्म 'लैला मजनू' की एक्ट्रेस फरहाना भट्ट की सगी बहन होने का दावा करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं. 

इंटरव्यू से शुरू हुई थी विवाद की चिंगारी

पारिवारिक कलह की शुरुआत इस साल मई महीने में हुई थी, जब फरहाना भट्ट ने एक इंटरव्यू के दौरान अपने परिवार को लेकर बड़ा बयान दिया था. फरहाना ने कहा था कि उन्होंने अपने उन सगे रिश्तेदारों से पूरी तरह दूरी बना ली है, जिन्होंने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के उनके मुश्किल सफर में उनका साथ नहीं दिया था. इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर यह अफवाहें उड़ने लगी थी कि फरहाना और उनकी मां जिन्हें फैंस 'मम्मा भट्ट' के नाम से जानते हैं के बीच भी रिश्ते ठीक नहीं चल रहे हैं. 

बहन को पहचानने से किया इंकार 

अब इस पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए फैजाना भट्ट ने एक आधिकारिक बयान जारी किया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. फैजाना ने बेहद इमोशनल और कड़े शब्दों में कहा, 'यह मेरे जीवन का अब तक का सबसे कठिन फैसला और बयान है. फरहाना मेरी सगी बहन है. हम दोनों एक ही घर में साथ-साथ पले-बढ़े हैं और जिंदगी के हर अच्छे-बुरे मोड़ पर हम दोनों ने एक-दूसरे का साथ निभाया है. लेकिन जब उसने 'बिग बॉस' जैसे बड़े मंच पर एंटर किया और सार्वजनिक रूप से मुझे अपनी बहन स्वीकार करने से साफ मना कर दिया, तो मेरे दिल को गहरी ठेस पहुंची.' फैजाना का कहना है कि इस सार्वजनिक अपमान के बावजूद वह लंबे समय तक सिर्फ इसलिए चुप रहीं, क्योंकि वह अपनी बहन का करियर खराब नहीं करना चाहती थीं और उसे जीवन में सफल होते देखना चाहती थीं. 



 अस्पताल और पुलिस तक पहुंचा था मामला

भट्ट परिवार में चल रहे इस मनमुटाव की असली वजह क्या है? इस पर से पर्दा उठाते हुए फैजाना ने बताया कि पिछले कई सालों से उन पर यह झूठा आरोप लगाया जाता रहा है कि वह फरहाना और उनकी मां के बीच गलतफहमियां पैदा कर रही हैं. फैजाना ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि जब उनकी मां मुंबई में फरहाना के साथ रहने गईं, तब वहां जो कुछ भी हुआ, उसकी वह खुद गवाह रही हैं. फैजाना ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि मुंबई में हुए वाकये का उनकी मां के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर इतना गहरा असर पड़ा कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था. स्थिति इतनी बिगड़ गई थी कि इस मामले में पुलिस को भी इंटरफेयर्न करना पड़ा था. फैजाना का कहना है कि वह हवा में बातें नहीं कर रही हैं, बल्कि उनके पास अपनी कही हर एक बात के पुख्ता सबूत मौजूद हैं. 



'अब मेरी भी कोई बहन नहीं है...'

फैजाना ने साफ किया कि उन्होंने अपने पारिवारिक रिश्ते के सम्मान में और हालात सुधरने की उम्मीद में इतने समय तक सन्नाटा खींचे रखा था. लेकिन अब चूंकि यह मामला पूरी तरह से पब्लिक हो चुका है और लोग लगातार उनसे सवाल पूछ रहे हैं, इसलिए उन्हें अपनी सच्चाई सामने रखना जरूरी लगा. फैजाना ने भारी मन से कहा, 'अगर फरहाना दुनिया के सामने यह मानती है कि उसकी कोई बहन नहीं है, तो आज से मैं भी इस कड़वे सच को स्वीकार करती हूं कि अब मेरी भी कोई बहन नहीं है.' उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका यह फैसला किसी जलन, गुस्से या नफरत की वजह से नहीं है, बल्कि सालों से झेले जा रहे दर्द, निराशा और खामोशी का नतीजा है. अपने बयान के आखिरी हिस्से में फैजाना ने मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स से एक खास अपील की है. उन्होंने अनुरोध किया है कि लोग उनकी और फरहाना की पुरानी तस्वीरों को इंटरनेट पर शेयर न करें. साथ ही, उन्होंने फर्जी अकाउंट्स बनाने, नकली चैट वायरल करने और उनके परिवार के बारे में मनगढ़ंत व झूठी कहानियां फैलाने से बचने के लिए कहा है.