तलाक के दो साल बाद Esha Deol को खली प्यार की कमी, कहा- रोमांस इंसान की जिंदगी बदल देती है
भरत तख्तानी से अलग होने के बाद ईशा देओल ने माना कि उनकी जिंदगी में प्यार और रोमांस की कमी महसूस होती है. हालांकि, उन्होंने कहा कि उनका प्यार पर भरोसा आज भी कायम है और वह नए रिश्ते के लिए खुला नजरिया रखती हैं.
बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस ईशा देओल (Esha Deol) इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर काफी चर्चा में हैं. साल 2024 में अपने पति और बिजनेसमैन भरत तख्तानी से अलग होने के बाद, ईशा ने पहली बार अपने दिल की बात खुलकर दुनिया के सामने रखी है. एक दशक से भी ज्यादा लंबे वैवाहिक जीवन के टूटने के बाद ईशा ने माना कि आज उनकी जिंदगी में प्यार और रोमांस की एक बड़ी कमी है. हालांकि, इस उतार-चढ़ाव के बावजूद उन्होंने प्यार पर से अपना भरोसा नहीं खोया है और वह अपनी जिंदगी में एक बार फिर प्यार का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. हाल ही में ईशा देओल मशहूर टॉक शो 'कर्ली टेल्स' के एक पॉडकास्ट में शामिल हुईं.
क्या फिर से है प्यार की तलाश?
इस इंटरव्यू के दौरान उन्होंने अपनी निजी जिंदगी, ब्रेकअप और प्यार को लेकर खुलकर बात की. जब उनसे पूछा गया कि क्या भरत से अलग होने के बाद रिश्तों को लेकर उनकी सोच बदली है, तो ईशा ने बेहद सादगी से जवाब दिया. ईशा ने कहा, 'मुझे लगता है कि प्यार और रोमांस किसी भी इंसान की जिंदगी का सबसे जरूरी हिस्सा होते हैं. सच कहूं तो, इस वक्त मुझे अपनी जिंदगी में इसी प्यार और रोमांस की कमी सबसे ज्यादा खल रही है. मैं दिल से बेहद रोमांटिक इंसान हूं. मुझे रोमांटिक-कॉमेडी (रोम-कॉम) फिल्में देखना, रोमांटिक गाने सुनना और लव स्टोरीज पढ़ना बेहद पसंद है.'
ब्रेकअप से नहीं बदलती प्यार की परिभाषा
जब ईशा से पूछा गया कि क्या शादी टूटने के बाद प्यार को लेकर उनका नजरिया बदला है, तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया. ईशा का मानना है कि किसी एक रिश्ते के खत्म होने से प्यार की अहमियत कम नहीं हो जाती. उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा, 'नहीं, ऐसी चीजें कभी नहीं बदलती. जिंदगी में ब्रेकअप तो होते रहते हैं. शादी से पहले अतीत में भी मेरे कुछ बॉयफ्रेंड रहे हैं, जिनसे मेरा ब्रेकअप हुआ. यह सब जिंदगी का एक हिस्सा है, लेकिन इन बातों की वजह से प्यार को लेकर मेरी बुनियादी सोच कभी कमजोर नहीं हो सकती. वैसे भी, हम सब अपने घर में हेमा और धर्मेंद्र जी के बीच के उस सच्चे और बिना किसी शर्त वाले प्यार को देखते हुए बड़े हुए हैं.'
नहीं चाहती थी तमाशा हो
ईशा ने इस बात पर भी जोर दिया कि जब दो लोग अलग होते हैं, तो वह बहुत ही प्राइवेट और संवेदनशील दौर होता है, खासकर तब जब उस रिश्ते से बच्चे जुड़े हों. ईशा कभी नहीं चाहती थीं कि उनका यह निजी मामला मीडिया की सुर्खियों में आए या इस पर तमाशा बने. लेकिन एक पब्लिक फिगर होने के नाते वह और भरत इस बात को अच्छी तरह जानते थे कि उन्हें इस पूरे मामले को बहुत ही समझदारी के साथ संभालना होगा.
2024 में आपसी सहमति से हुए थे अलग
ईशा देओल, बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र और ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी की बड़ी बेटी हैं. ईशा और भरत तख्तानी की शादी साल 2012 में मुंबई में बड़े ही धूमधाम से हुई थी. दोनों की दो प्यारी बेटियां हैं राध्या (जन्म 2017) और मिराया (जन्म 2019). शादी के करीब 11 साल बाद, साल 2024 में दोनों ने एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर अपने अलग होने की घोषणा की थी. उन्होंने कहा था, 'हमने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है. इस बदलाव के दौर में हमारी बेटियों का हित हमारे लिए सबसे ऊपर है और हमेशा रहेगा.'




