Begin typing your search...

जब Farrhana Bhatt को मिली जान से मारने की धमकी, स्कूटी सवार दो लड़कों ने बीच रास्ते रोका, पाकिस्तान में छपने लगे थे ब्लॉग्स

अभिनेत्री फरहाना भट्ट ने हाल ही में एक बातचीत में अपनी जिंदगी के ऐसे डरावने अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि कैसे कश्मीर में इंटरव्यू देने के दौरान उनकी पहचान एक बेबाक आवाज के रूप में बनने लगी और फिर पाकिस्तान में उनके खिलाफ ब्लॉग्स तक लिखे जाने लगे.

farrhana bhat
X
( Image Source:  instagram-@sabahaiderdist84 )
हेमा पंत
Edited By:हेमा पंत3 Mins Read

Updated on: 6 Nov 2026 11:44 AM IST

रियलिटी शो 'बिग बॉस' से घर-घर में पहचान बनाने वाली फरहाना भट्ट ने 'खतरों के खिलाड़ी' में भी अपने बेखौफ अंदाज से खूब सुर्खियां बटोरीं. लेकिन उनकी जिंदगी में एक ऐसा दौर भी आया, जब उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी थी. कभी कुछ लोग उनकी गाड़ी का पीछा करते थे तो कभी रास्ते में रोककर धमकियां दी जाती थीं. फरहाना ने अब अपनी जिंदगी के इन डरावने अनुभवों का खुलासा किया है.

हॉटरफ्लाई को दिए इंटरव्यू में फरहाना ने बताया कि कैसे कश्मीर में इंटरव्यू देने के बाद उनकी पहचान एक बेबाक आवाज के रूप में बनने लगी. इसी दौरान पाकिस्तान में उनके नाम से ब्लॉग्स लिखे जाने लगे और उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ा. एक्ट्रेस ने उस घटना का भी जिक्र किया, जब स्कूटी सवार दो लड़कों ने उन्हें रास्ते में रोककर एक खास इलाके से गुजरने पर धमकी दी थी.

राजनीति से दूर रहना चाहती थीं फरहाना

फरहाना ने बातचीत में बताया कि शुरुआत से ही उनकी राजनीति में कोई दिलचस्पी नहीं थी. वह सिर्फ अपने अभिनय करियर पर ध्यान देना चाहती थीं. लेकिन जब उन्होंने कश्मीर में इंटरव्यू देना शुरू किया, तो लोगों ने उन्हें एक ऐसी लड़की के तौर पर पहचानना शुरू कर दिया, जो अपनी बात खुलकर रखती है.

जब पाकिस्तान में छपने लगे ब्लॉग्स

हालांकि, फरहाना इस पहचान को लेकर शुरुआत में सहज नहीं थीं. उन्हें डर था कि अगर वह राजनीति से जुड़ी बातों में ज्यादा आगे बढ़ीं, तो उन्हें विरोध का सामना करना पड़ेगा और इसका असर उनके फिल्मी करियर पर भी पड़ सकता है. वह नहीं चाहती थीं कि उनकी एक्टिंग पीछे छूट जाए. इसी बीच पाकिस्तान में उनके नाम से जुड़े ब्लॉग्स भी सामने आने लगे.

फरहाना भट्ट को मिली जान से मारने की धमकी


फरहाना ने बताया कि इस पूरे दौर में उनके साथ दो-तीन ऐसी घटनाएं हुईं, जिन्होंने उन्हें अंदर तक डरा दिया. उनके मुताबिक, कुछ मौकों पर उन्हें अपनी जान बचाने के लिए भागना पड़ा. यहां तक कि कुछ लोग उनकी गाड़ी का पीछा भी कर रहे थे. एक घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उनकी कजिन अपने बच्चों के साथ आने वाली थीं. उनके लिए कुछ सामान लेने फरहाना पास की एक दुकान तक गई थीं. तभी रास्ते में स्कूटी पर सवार दो लड़कों ने उन्हें रोक लिया. उन दोनों ने उन्हें एक खास इलाके से होकर घर नहीं जाने की चेतावनी दी और कहा कि वह लोग उन्हें मार देंगे.

लड़कियों के राजनीति से जुड़ने पर भी हुई चर्चा

फरहाना ने आगे बताया कि जब वह एक महिला विंग की अध्यक्ष बनीं, तो उनके साथ कई दूसरी लड़कियां भी जुड़ने लगीं. धीरे-धीरे यह बात फैल गई कि उनकी वजह से दूसरी लड़कियां भी संगठन का हिस्सा बन रही हैं.

उन्होंने बताया कि इसी दौरान उनके खिलाफ तरह-तरह की बातें कही जाने लगीं. उनके फिल्मी करियर और पहनावे को भी इस मामले से जोड़कर सवाल उठाए गए. फरहाना के मुताबिक, एक तरफ वह फिल्मों में काम कर रही थीं और दूसरी तरफ राजनीति से जुड़ने के कारण उन्हें विरोध का सामना करना पड़ रहा था.

अगला लेख