आपके हर दिन बचे Internet Data का क्या होता है? संसद में बताया गया ऐसे मिले यूजर्स को बेनिफिट

क्या आपने कभी सोचा है कि हर दिन बचा हुआ आपका इंटरनेट डेटा आखिर कहां चला जाता है? संसद में उठे इस मुद्दे ने यूजर्स के अधिकारों पर नई बहस छेड़ दी है, जहां बताया गया कि कैसे इस सिस्टम में बदलाव कर लोगों को सीधा फायदा दिया जा सकता है.

( Image Source:  AI SORA )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 23 March 2026 6:10 PM IST

आज के समय में इंटरनेट हर किसी की जरूरत बन चुका है. ज्यादातर लोग रोजाना 1.5GB, 2GB या 3GB डेटा वाले रिचार्ज प्लान इस्तेमाल करते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि अगर आपका पूरा डेटा इस्तेमाल नहीं होता, तो बचा हुआ डेटा आखिर जाता कहां है? यही सवाल राघव चड्ढा ने संसद में उठाया है, जिसने लाखों मोबाइल यूजर्स का ध्यान खींचा है.

आम तौर पर टेलीकॉम कंपनियां डेली डेटा लिमिट देती हैं, जो हर 24 घंटे में रीसेट हो जाती है. अगर आपने 2GB में से सिर्फ 1.5GB ही इस्तेमाल किया, तो बचा हुआ 0.5GB डेटा दिन खत्म होते ही खत्म हो जाता है. यानी आपने जिस डेटा के लिए पैसे दिए, वह बिना इस्तेमाल के ही गायब हो जाता है. इस मुद्दे पर जनता को राहत दिलाने के लिए राघव चड्ढा ने कुछ मांगे भी की हैं, जिनसे कस्मटर डेटा का पूरा फायदा उठा पाएंगे.

राघव चड्ढा ने उठाए सवाल

आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने इस मुद्दे को संसद में उठाया. उन्होंने सवाल किया कि जब उपभोक्ता किसी चीज के लिए पूरा भुगतान करता है, तो फिर उसका बचा हुआ डेटा क्यों खत्म हो जाना चाहिए? उन्होंने एक उदाहरण के जरिए समझाते हुए कहा कि मान लीजिए आपने महीने की शुरुआत में अपनी गाड़ी में 20 लीटर पेट्रोल भरवाया, लेकिन महीने के आखिर तक सिर्फ 15 लीटर ही इस्तेमाल हुआ, तो क्या ऐसे में पेट्रोल पंप वाले आकर आपसे कहते हैं कि बचा हुआ पेट्रोल वापस कर दो, क्योंकि उसकी वैलिडिटी खत्म हो गई है?

कैसे होता है डेटा का नुकसान?

टेलीकॉम कंपनियों के प्लान इस तरह बनाए जाते हैं कि यूजर को रोज एक निश्चित डेटा मिलता है. अगर वह उस दिन पूरा डेटा इस्तेमाल नहीं करता, तो वह अगले दिन के लिए सेव नहीं होता. इस वजह से यूजर्स को या तो मजबूरी में डेटा खत्म करना पड़ता है या फिर वह बिना इस्तेमाल के ही खत्म हो जाता है. दोनों ही कंडीशन में नुकसान कस्टमर का ही होता है.

क्या है सॉल्यूशन?

इस मुद्दे पर राघव चड्ढा ने अपनी कुछ मांगे रखी, जिनके चलके कस्टमर को नुकसान न हो और उन्होंने जितने पैसे दिए हैं, वह उसका पूरा लाभ उठा सके.

1. डेटा रोलओवर की सर्विस

अगर किसी दिन डेटा बच जाता है, तो उसे अगले दिन के डेटा में जोड़ दिया जाए. इससे यूजर अपने पैसे का पूरा इस्तेमाल कर सकेगा.

2. अगले रिचार्ज में एडजस्टमेंट

अगर कोई यूजर लगातार कम डेटा इस्तेमाल करता है, तो बचे हुए डेटा की कीमत को अगले रिचार्ज में एडजस्ट किया जा सकता है. इससे यूजर्स को बार-बार बेवजह ज्यादा भुगतान नहीं करना पड़ेगा.

3. डेटा ट्रांसफर की सर्विस

यूजर्स को यह ऑप्शन मिलना चाहिए कि वे अपना बचा हुआ डेटा अपने परिवार या दोस्तों को ट्रांसफर कर सकें. इससे डेटा एक तरह की डिजिटल संपत्ति की तरह इस्तेमाल हो सकेगा.

क्यों जरूरी है यह बदलाव?

डिजिटल इंडिया के इस दौर में इंटरनेट सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि जरूरत बन चुका है. ऐसे में यह जरूरी है कि यूजर्स को उनके पैसे का पूरा मूल्य मिले. अगर ये बदलाव लागू होते हैं, तो लाखों मोबाइल यूजर्स को राहत मिलेगी और वे अपने डेटा का बेहतर तरीके से उपयोग कर सकेंगे. हर दिन बचने वाला डेटा यूजर्स के लिए बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है. संसद में उठी यह आवाज आने वाले समय में बड़े बदलाव का कारण बन सकती है. अब देखना होगा कि टेलीकॉम कंपनियां और सरकार इस दिशा में क्या कदम उठाती हैं.

Similar News