एक जैसी इनकम फिर भी एक परिवार भर रहा 1.92 लाख टैक्स तो दूसरा 0, समझिए Joint Income Tax Filing की क्यों जरूरत?
भारत में समान कुल आय होने के बावजूद परिवार अलग-अलग टैक्स क्यों देते हैं, इस पर नई बहस छिड़ी है. Joint Income Tax Filing का प्रस्ताव इस असमानता को खत्म करने का दावा करता है.
समान आय, अलग-अलग टैक्स, यही वह सवाल है जिसने भारत के टैक्स सिस्टम पर नई बहस छेड़ दी है. एक ही घर में रहने वाले दो परिवारों की कुल कमाई बराबर होने के बावजूद अगर एक को भारी टैक्स देना पड़े और दूसरा शून्य टैक्स दे, तो यह सिर्फ गणित नहीं, बल्कि नीति की खामी भी मानी जाती है. हाल ही में शादीशुदा जोड़ों के लिए Joint Income Tax Filing का प्रस्ताव सामने आने के बाद यह मुद्दा फिर सुर्खियों में है. सवाल सीधा है - क्या टैक्स इस बात पर तय होना चाहिए कि घर में कमाई कौन कर रहा है, या फिर पूरे परिवार की कुल आय के आधार पर?
क्या है पूरा विवाद और चर्चा क्यों शुरू हुई?
भारत में टैक्स सिस्टम व्यक्तिगत आय पर आधारित है, न कि परिवार की कुल आय पर. यही वजह है कि शादीशुदा जोड़े अलग-अलग ITR भरते हैं. हाल ही में राज्यसभा में इस मुद्दे ने जोर पकड़ा, जब शादीशुदा जोड़ों के लिए Joint Income Tax Filing का विकल्प देने की बात उठी. इस प्रस्ताव ने उस खामी को उजागर किया, जहां कुल आय समान होने के बावजूद टैक्स का बोझ अलग-अलग पड़ता है.
क्या समान आय पर अलग टैक्स वाकई संभव है?
अगर एक परिवार में सिर्फ एक व्यक्ति 20 लाख कमाता है, तो वह ऊंचे टैक्स स्लैब में जाएगा. लेकिन अगर वही 20 लाख पति-पत्नी के बीच 10-10 लाख में बंटे हों, तो दोनों कम स्लैब में आएंगे और कुल टैक्स कम हो जाएगा. यानी कमाई की संरचना (Structure of Income) ही टैक्स तय कर रही है, न कि कुल आय. यही असमानता सिस्टम की सबसे बड़ी खामी मानी जा रही है. ऐसे में एक इनकम वाले परिवार को 1.5 से 2 लाख तक टैक्स भरना होगा तो डबली इनकम वाले को जीरो.
क्या Joint Income Tax Filing समस्या का समाधान है?
Joint Filing का मतलब है कि पति-पत्नी की आय को जोड़कर एक यूनिट की तरह टैक्स लगाया जाए. अगर यह लागू होता है, तो समान आय वाले परिवारों के साथ एक जैसा व्यवहार हो सकता है. इससे सिंगल इनकम परिवारों को राहत मिल सकती है. टैक्स सिस्टम ज्यादा संतुलित हो सकता है. “इनकम कैसे बंटी है” वाला फैक्टर खत्म हो सकता है. हालांकि, इसका असर पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगा कि सरकार इसमें कितनी छूट और नियम जोड़ती है.
क्या सरकारी नौकरी वाले कपल्स पर असर पड़ेगा?
अगर पति-पत्नी दोनों नौकरी में हैं, तो अभी वे अलग-अलग टैक्स बेनिफिट लेते हैं. Joint Filing लागू होने पर उनकी कुल आय एक साथ जोड़ी जाएगी. संभव है कि वे उच्च टैक्स स्लैब में चले जाएं या सरकार अतिरिक्त डिडक्शन देकर संतुलन बनाए. इसलिए, ड्यूल इनकम परिवारों के लिए यह बदलाव फायदे और नुकसान दोनों ला सकता है.
क्या इससे टैक्स बचत के नए रास्ते खुलेंगे?
संभावना है, लेकिन यह पूरी तरह नीति पर निर्भर करेगा. Joint Filing के तहत परिवार को एक यूनिट मानकर ज्यादा डिडक्शन मिल सकते हैं. होम लोन, बच्चों और हेल्थ खर्च पर संयुक्त लाभ मिल सकता है. टैक्स प्लानिंग ज्यादा सरल हो सकती है, लेकिन अगर अतिरिक्त छूट नहीं मिली, तो दोहरी आय वाले परिवारों का टैक्स बढ़ भी सकता है.
क्या भारत में Joint Filing सिस्टम लागू है?
फिलहाल, भारत में हर व्यक्ति अलग टैक्सपेयर माना जाता है. हालांकि, अमेरिका और कनाडा जैसे देशों में यह सिस्टम पहले से लागू है, जहां पति-पत्नी मिलकर टैक्स फाइल कर सकते हैं और कई मामलों में इससे टैक्स में राहत मिलती है.
सिंगल इनकम परिवार कैसे करें स्मार्ट टैक्स प्लानिंग?
जब तक Joint Filing लागू नहीं होता, सिंगल इनकम परिवार कुछ रणनीतियों से टैक्स कम कर सकते हैं. सभी उपलब्ध डिडक्शन (80C, 80D, HRA) का पूरा उपयोग. पत्नी के नाम निवेश या संपत्ति (कानूनी नियमों के तहत). इनकम के अलग स्रोत विकसित करना. हालांकि, “क्लबिंग ऑफ इनकम” जैसे नियमों को ध्यान में रखना जरूरी है, वरना टैक्स लाभ सीमित हो सकता है.
टैक्स एक्सपर्ट CA शिवम तिवारी का कहना है कि अगर किसी परिवार में केवल एक व्यक्ति की आय 20 लाख रुपये है, तो वह सीधे उच्च टैक्स स्लैब में आ जाता है और उस पर ज्यादा टैक्स लगता है. वहीं, जिस परिवार में पति-पत्नी दोनों 10-10 लाख कमाते हैं, वे अलग-अलग कम टैक्स स्लैब में आते हैं और कुल टैक्स कम हो जाता है.
उन्होंने आगे कहा, 'ऐसे में सिंगल इनकम वाला परिवार कुछ वैध तरीकों से टैक्स बचाने की कोशिश कर सकता है. जैसे पति अपनी आय का कुछ हिस्सा पत्नी के नाम निवेश कर सकता है. “क्लबिंग ऑफ इनकम” नियम लागू होता है, लेकिन इसका इस्तेमाल सावधानी के साथ करना जरूरी है. अगर पत्नी के पास अलग स्रोत से आय (जैसे नौकरी, बिजनेस, क्रासिंग) हो, तो आय को बांटकर टैक्स बोझ कम किया जा सकता है.
इसके अलावा, परिवार 80C, 80D, HRA, होम लोन ब्याज (Section 24) जैसे सभी उपलब्ध डिडक्शन का पूरा उपयोग करे. पत्नी के नाम पर प्रॉपर्टी या निवेश करने से कुछ मामलों में टैक्स प्लानिंग बेहतर हो सकती है.
कहने का मतलब यह है कि सही टैक्स प्लानिंग, इनकम डाइवर्सिफिकेशन और डिडक्शन के उपयोग से सिंगल इनकम परिवार अपने टैक्स बोझ को काफी हद तक कम कर सकता है, भले ही वह ड्यूल इनकम परिवार जितना फायदा न पा सके.
क्या यह बदलाव टैक्स सिस्टम को ज्यादा न्यायसंगत बनाएगा?
Joint Income Tax Filing का मकसद टैक्स सिस्टम को अधिक फेयर और बैलेंस्ड बनाना है. यह खासतौर पर उन परिवारों के लिए राहत ला सकता है, जहां एक ही व्यक्ति कमाता है. लेकिन अंतिम असर इस बात पर निर्भर करेगा कि सरकार इसे किस तरह डिजाइन करती है. क्योंकि गलत संरचना होने पर यह कुछ परिवारों के लिए बोझ भी बन सकता है.
क्या आने वाला है टैक्स सिस्टम में बड़ा बदलाव?
Joint Income Tax Filing की चर्चा यह संकेत देती है कि भारत का टैक्स सिस्टम भविष्य में बदल सकता है. यह सिर्फ टैक्स का मुद्दा नहीं, बल्कि परिवार को आर्थिक इकाई मानने की सोच से जुड़ा बड़ा बदलाव हो सकता है.