Begin typing your search...

कौन हैं क्यूबा के 94 साल के राउल कास्त्रो, जिन पर अमेरिका में हुआ केस, 30 साल पुराना है मामला, गिराए गए थे 2 प्लेन

अमेरिका ने क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो पर अमेरिकी नागरिकों की हत्या की साजिश समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं. जानिए 1996 विमान हादसा क्या था, राउल कास्त्रो कौन हैं और अमेरिका-क्यूबा विवाद क्यों बढ़ रहा है.

कौन हैं क्यूबा के 94 साल के राउल कास्त्रो, जिन पर अमेरिका में हुआ केस, 30 साल पुराना है मामला, गिराए गए थे 2 प्लेन
X
( Image Source:  @Osint613 )

Raúl Castro: अमेरिका ने क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति Raúl Castro के खिलाफ बड़ा कानूनी कदम उठाते हुए उन पर अमेरिकी नागरिकों की हत्या की साजिश रचने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं. यह मामला 1996 में क्यूबा और फ्लोरिडा के बीच दो विमानों को मार गिराए जाने से जुड़ा है.

अमेरिकी न्याय विभाग ने बुधवार को आरोपों की घोषणा करते हुए कहा कि राउल कास्त्रो और पांच अन्य लोगों पर क्यूबा-अमेरिकी संगठन Brothers to the Rescue के विमानों को निशाना बनाने का आरोप है.

कितने लोगों की हुई मौत?

इस घटना में चार लोगों की मौत हुई थी, जिनमें तीन अमेरिकी नागरिक शामिल थे. घटना के समय राउल कास्त्रो क्यूबा की सेना के प्रमुख थे. विमान गिराए जाने की घटना के बाद क्यूबा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा था. अब जबकि अमेरिका क्यूबा की कम्युनिस्ट सरकार पर दबाव बढ़ाने की रणनीति अपना रहा है, क्यूबा के राष्ट्रपति Miguel Díaz-Canel ने इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है. उन्होंने कहा कि इन मामलों का कोई कानूनी आधार नहीं है और यह केवल राजनीतिक उद्देश्य से किया गया कदम है.

मियामी के फ्रीडम टॉवर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल Todd Blanche ने कहा कि राउल कास्त्रो पर विमान नष्ट करने, हत्या की साजिश और चार अलग-अलग हत्या के मामले दर्ज किए गए हैं. मारे गए लोगों में आर्मांडो अलेजांद्रे जूनियर, कार्लोस अल्बर्टो कोस्टा, मारियो मैनुअल डे ला पेना और पाब्लो मोरालेस शामिल थे.

कितनी सजा हो सकती है?

इन आरोपों की सुनवाई अमेरिकी अदालत में होगी. कुछ मामलों में उम्रकैद की सजा का प्रावधान है, जबकि हत्या के आरोपों में मौत की सजा या आजीवन कारावास भी हो सकता है. अमेरिकी न्याय विभाग की यह कार्रवाई ऐसे समय सामने आई है जब अमेरिका क्यूबा की एकदलीय कम्युनिस्ट व्यवस्था पर राजनीतिक और आर्थिक सुधारों को लेकर दबाव बना रहा है.

क्या है अमेरिका की रणनीति?

लैटिन अमेरिकी राजनीति के विशेषज्ञ William LeoGrande ने कहा कि अमेरिका धीरे-धीरे दबाव बढ़ाकर क्यूबा सरकार को बातचीत की मेज पर झुकाने की कोशिश कर रहा है. अमेरिका पहले ही क्यूबा पर कई प्रतिबंध लगा चुका है. तेल आपूर्ति पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण क्यूबा में बिजली संकट और खाद्य कमी जैसी समस्याएं बढ़ी हैं.

कौन हैं राउल कास्त्रो?

करीब 95 साल के राउल कास्त्रो, दिवंगत क्यूबा नेता Fidel Castro के भाई हैं और आज भी क्यूबा में “क्यूबा क्रांति” के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं. उन्होंने सरकार और पार्टी की सक्रिय जिम्मेदारियों से दूरी बना ली है, लेकिन 2008 से 2018 के बीच राष्ट्रपति रहते हुए उन्होंने और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति Barack Obama ने अमेरिका और क्यूबा के संबंधों में सुधार की कोशिश की थी.

  • Raúl Castro का पूरा नाम राउल मोडेस्टो कास्त्रो रूज़ है. उनका जन्म 3 जून 1931 को हुआ था. वह क्यूबा के प्रमुख राजनेता, सैन्य अधिकारी और क्यूबा क्रांति के अहम नेताओं में से एक रहे हैं.
  • राउल कास्त्रो ने 2011 से 2021 तक क्यूबा की कम्युनिस्ट पार्टी के प्रथम सचिव के रूप में काम किया.
  • क्यूबा की एकदलीय कम्युनिस्ट व्यवस्था में यह सबसे शक्तिशाली पद माना जाता है. इसके अलावा वह 2008 से 2018 तक क्यूबा के राष्ट्रपति भी रहे. उन्होंने अपने बड़े भाई और पूर्व क्यूबा नेता Fidel Castro की जगह यह जिम्मेदारी संभाली थी.
  • क्यूबा क्रांति के दौरान राउल कास्त्रो सैन्य नेतृत्व का अहम हिस्सा थे. क्रांति के बाद उन्होंने 1959 से 2008 तक क्यूबा के रक्षा मंत्री के रूप में काम किया. इस तरह वह देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले रक्षा मंत्री बने.
  • राउल कास्त्रो 1965 से 2021 तक क्यूबा की कम्युनिस्ट पार्टी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था पोलित ब्यूरो के सदस्य भी रहे.
  • जब फिदेल कास्त्रो की तबीयत खराब हुई, तब 31 जुलाई 2006 को अस्थायी रूप से सत्ता राउल कास्त्रो को सौंप दी गई. बाद में 19 फरवरी 2008 को फिदेल कास्त्रो ने दोबारा राष्ट्रपति चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया, जिसके बाद 24 फरवरी 2008 को क्यूबा की नेशनल असेंबली ने राउल कास्त्रो को आधिकारिक तौर पर राष्ट्रपति चुन लिया.
  • इसके बाद 24 फरवरी 2013 को वह दोबारा राष्ट्रपति चुने गए. हालांकि उन्होंने पहले ही साफ कर दिया था कि यह उनका अंतिम कार्यकाल होगा और वह 2018 में फिर चुनाव नहीं लड़ेंगे.
  • 19 अप्रैल 2018 को राउल कास्त्रो ने राष्ट्रपति पद छोड़ दिया. उनके बाद Miguel Díaz-Canel को नेशनल असेंबली ने नया राष्ट्रपति चुना.
  • राष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद भी राउल कास्त्रो कम्युनिस्ट पार्टी के प्रथम सचिव बने रहे. बाद में 16 अप्रैल 2021 से शुरू हुए क्यूबा की कम्युनिस्ट पार्टी के आठवें अधिवेशन में उन्होंने राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा कर दी.
  • इसके बाद 19 अप्रैल 2021 को मिगेल डियाज-कैनल को कम्युनिस्ट पार्टी का नया प्रथम सचिव चुना गया.
अगला लेख