कौन हैं Pramila Jayapal, जो चाहती है भारत के मसलों में अमेरिका का दखल, इंडिया से है क्या कनेक्शन?
भारत में इन दिनों SIR प्रक्रिया के तहत कटे 13 करोड़ वोटर्स के नाम को लेकर बवाल मचा हुआ है, जिसको लेकर अब अमेरिका की डेमोक्रेटिक पार्टी की सांसद प्रमिला जयपाल का भी बड़ा बयान सामने आया है.
Pramila Jayapal
अमेरिका की डेमोक्रेटिक पार्टी की सांसद प्रमिला जयपाल ने भारत में वोटर लिस्ट की SIR को लेकर चिंता जताई है. भारतीय मूल की जयपाल ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि भारत में 13 करोड़ लोगों को मतदाता सूची से हटाने के उद्देश्य से कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने इसकी तुलना अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की उन नीतियों से की, जिन पर मतदान के अधिकारों को कमजोर करने के आरोप लगते रहे हैं.
उनका यह बयान भारत में SIR प्रक्रिया को लेकर युवाओं और विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शनों के बीच आया है. हालांकि, अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने उनके बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है. उनका मानना है कि ये भारत का आंतरिक मामला है और इसमें किसी को भी घुसने का अधिकार नहीं है.
SIR को लेकर क्या बोलीं प्रमिला जयपाल?
प्रमिला जयपाल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह "भारतीय सरकार द्वारा 13 करोड़ लोगों को मतदाता सूची से हटाने की कार्रवाई से बेहद चिंतित हैं. ट्रंप प्रशासन द्वारा लोकतंत्र में मतदान के अधिकारों को कमजोर करने के लिए अपनाई जा रही रणनीति के समान प्रतीत होता है. हर जगह लोकतंत्र की रक्षा करना एक आवश्यक कार्य है, और भारतीय जनता, अमेरिकी जनता की तरह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की हकदार है. ऐसे में अहिंसक प्रतिरोध आंदोलन आवश्यक हैं और मैं भारत में लोकतंत्र विरोधी प्रयासों का मुकाबला करने के लिए अहिंसक विरोध प्रदर्शन कर रही भारतीय जनता के साथ खड़ी हूं."
कौन हैं प्रमिला जयपाल?
प्रमिला जयपाल अमेरिकी राजनीति का जाना-पहचाना नाम हैं. वह डेमोक्रेटिक पार्टी की सदस्य हैं और अमेरिका के वाशिंगटन राज्य के 7वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट का प्रतिनिधित्व करती हैं. इस क्षेत्र में सिएटल और उसके आसपास के इलाके शामिल हैं. वह अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए चुनी जाने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी महिला हैं. प्रमिला जयपाल का जन्म 21 सितंबर 1965 को तमिलनाडु के चेन्नई में हुआ था. उनका बचपन भारत के अलावा इंडोनेशिया और सिंगापुर में भी बीता. साल 1982 में, 16 वर्ष की उम्र में वह बेहतर शिक्षा हासिल करने के लिए अमेरिका चली गईं. उनके माता-पिता बेंगलुरु में रहते हैं और उनके बेटे का जन्म भी भारत में हुआ था. उनकी मां माया जयपाल बेंगलुरु की जानी-मानी लेखिका हैं.
कितनी पढ़ी-लिखी हैं प्रमिला?
प्रमिला जयपाल ने अमेरिका की मशहूर जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी से कला में BA की डिग्री हासिल की. इसके बाद उन्होंने नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी के कैलॉग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में MBA पूरा किया. शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने अमेरिका में अपना करियर आगे बढ़ाया और बाद में राजनीति में कदम रखा. साल 2000 में उन्हें अमेरिकी नागरिकता मिली.
प्रमिला जयपाल की बहन सुशीला जयपाल भी अमेरिका में सार्वजनिक सेवा और राजनीति से जुड़ी रही हैं. वह ओरेगन राज्य में काउंटी कमिश्नर के पद पर काम कर चुकी हैं. प्रमिला जयपाल ने साल 2007 में स्टीव विलियमसन से शादी की थी. भारतीय मूल, अमेरिकी नागरिकता और राजनीति में अपनी भूमिका के कारण वह भारत और अमेरिका दोनों देशों के संदर्भ में चर्चा में रहती हैं.
पहले किन मु्द्दों पर बोलीं भारत के खिलाफ?
ये पहली बार नहीं है जब प्रमिला जयपाल ने भारत सरकार के खिलाफ कोई बयान दिया हो, इससे पहले वे जम्मू-कश्मीर से हटाए गए अनुच्छेद 370 और CAA-NRC जैसे मुद्दों पर बयान दे चुकी हैं. जम्मू-कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा खत्म करने पर वहां लगाए गए सुरक्षा प्रतिबंधों, इंटरनेट और फोन ब्लॉक को लेकर उन्होंने कड़ा विरोध किया था. इसके अलावा उन्होंने CAA को भारत के धर्मनिरपेक्ष संविधान की मूल भावना के खिलाफ बताया था.




