VIDEO: मैं कोई कॉल गsर्ल नहीं हूं, किस बात पर भड़कीं नेहा सिंह राठौर? लगाया फोन तो चैनल ने मांगी माफी तो बोलीं- कोर्ट में मिलो
नेहा सिंह राठौर से जुड़ी खबर को गलत बताते हुए ABP नेटवर्क ने माफी मांगी. गायिका ने माफी को नाकाफी बताया और अदालत जाने की बात कही. जानिए पूरा विवाद. इस खबर के किसी दावों की पुष्टि स्टेट मिरर हिंदी नहीं करता है, यह सोशल पर आधारित है.
लोक गायिका नेहा सिंह राठौर और ABP न्यूज के बीच एक खबर को लेकर विवाद गहरा गया है. सोशल मीडिया पर ABP न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म की एक वीडियो क्लिप वायरल हुई, जिसमें नेहा सिंह राठौर से जुड़े हॉस्टल में सेक्स रैकेट चलने और पुलिस की छापेमारी को लेकर सवाल उठाए गए थे. वीडियो में इस्तेमाल किए गए सवालिया निशान और विस्मयादिबोधक चिह्न के बावजूद, नेहा ने इसे अपने सम्मान और छवि से जुड़ा गंभीर मामला बताया.
उन्होंने खबर पर कड़ी आपत्ति जताते हुए चैनल से सवाल किए और संपादक रजनीश आहूजा से फोन पर बात की. विवाद बढ़ने के बाद ABP नेटवर्क ने स्पष्टीकरण जारी कर खबर को तथ्यों के आधार पर गलत बताया और माफी मांगी. लेकिन नेहा सिंह राठौर ने इस माफी को पर्याप्त नहीं माना. उन्होंने साफ कहा कि उन्हें माफी नहीं, न्याय चाहिए और वह इस मामले को अदालत तक ले जाएंगी.
क्या है नेहा सिंह राठौर और ABP न्यूज का पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर ABP न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म की एक वीडियो क्लिप वायरल हुई. इसमें नेहा सिंह राठौर से जुड़े हॉस्टल में सेक्स रैकेट होने और पुलिस की छापेमारी को लेकर सवालिया अंदाज में दावा किया गया था. वीडियो के वायरल होने के बाद नेहा सिंह राठौर ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी.
नेहा ने सवाल उठाया कि किसी महिला से जुड़ी खबर प्रसारित करते समय तथ्यों की जांच और उसकी प्रतिष्ठा का ध्यान क्यों नहीं रखा गया. उन्होंने वीडियो जारी कर इस खबर को लेकर कई सवाल पूछे. उनका आरोप था कि इस तरह की खबर से उनकी छवि को नुकसान पहुंचा और उन्हें मानसिक रूप से परेशान होना पड़ा.
नेहा ने इस मामले में ABP न्यूज के संपादक रजनीश आहूजा से फोन पर भी बात की. उन्होंने खबर के आधार और उसमें इस्तेमाल की गई भाषा को लेकर सवाल उठाए. इसके बाद मामला सोशल मीडिया पर और ज्यादा चर्चा में आ गया.
ABP न्यूज ने क्या कहा, क्यों मांगनी पड़ी माफी?
विवाद बढ़ने के बाद ABP नेटवर्क ने अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित खबर को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया. चैनल ने स्वीकार किया कि नेहा सिंह राठौर से संबंधित खबर तथ्यों के आधार पर गलत पाई गई. ABP नेटवर्क ने अपने बयान में लिखा कि 'स्पष्टीकरण एवं खेद: ABP नेटवर्क के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लोक गायिका नेहा सिंह राठौर से संबंधित एक खबर प्रसारित की गई, जो तथ्यों के आधार पर गलत पाई गई. इस त्रुटिपूर्ण प्रसारण के लिए हमें खेद है, हम इसके लिए क्षमाप्रार्थी हैं.'
इस बयान के जरिए चैनल ने खबर को लेकर खेद जताया और माफी मांगी. हालांकि, नेहा सिंह राठौर ने इस माफी को पर्याप्त नहीं माना. उनका कहना है कि किसी महिला के बारे में इस तरह की खबर प्रसारित करने और बाद में केवल माफी मांग लेने से मामला खत्म नहीं हो जाता.
ABP की माफी पर नेहा सिंह राठौर ने क्या कहा?
ABP नेटवर्क के स्पष्टीकरण को नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया पर रीपोस्ट किया. इसके साथ उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि पहले किसी लड़की को 'कॉल गर्ल' और 'प्रॉस्टिट्यूट' कहकर खबर चला दी जाती है और विरोध होने पर केवल सॉरी बोल दिया जाता है. नेहा ने लिखा 'पहले किसी लड़की को ‘कॉल गर्ल’ और ‘प्रॉस्टिट्यूट’ बोलो, न्यूज़ चलाओ; जब विरोध किया जाये तो ‘सॉरी’ बोल दो! तमाशा बना दिये हो?”
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि इस खबर और उसके प्रसारण ने उनकी मानसिक स्थिति पर असर डाला. नेहा ने लिखा कि चैनल को अंदाजा भी है कि इस कथित फेक न्यूज से उन्हें कितनी परेशानी हुई है. उन्होंने अपनी पोस्ट में स्पष्ट किया कि वह इस मामले को अदालत में ले जाएंगी. उनके शब्दों में, “कोर्ट में मुलाकात होगी. मुझे न्याय चाहिए, माफी नहीं.'
नेहा सिंह राठौर ने महिला आयोग और प्रधानमंत्री को भी घेरा
नेहा सिंह राठौर ने इस मामले में सोशल मीडिया पर लगातार पोस्ट करते हुए ABP न्यूज के साथ-साथ महिला आयोग और केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाए. उन्होंने अपने पोस्ट में @ABPNews और राष्ट्रीय महिला आयोग के आधिकारिक हैंडल @NCWIndia को टैग किया. नेहा ने आरोप लगाया कि सरकार से सवाल पूछने के कारण उन्हें अपमानित करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने महिला आयोग से पूछा कि क्या वह इस तरह के मामले में संज्ञान लेगा. अपनी पोस्ट में नेहा ने लिखा कि वह सरकार से सवाल पूछती हैं और इसके बदले मीडिया के एक हिस्से की ओर से उन्हें इस तरह अपमानित करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए भी तीखी टिप्पणी की.




